Breaking

Saturday, May 24, 2025

विधायक अशोक अरोड़ा पर हमला करना लोकतंत्र की हत्या : रणदीप सुरजेवाला

विधायक अशोक अरोड़ा पर हमला करना लोकतंत्र की हत्या : रणदीप सुरजेवाला 

कहा : आमजनमानस व विधायकों के साथ गुंडागर्दी, सीनाजोरी व हाथापाई पर उतर आई भाजपा सरकार 

बोले : अशोक अरोड़ा पर हमले के दोषियों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से सख्त से सख्त कार्रवाई करें मुख्यमंत्री नायब सैनी
कैथल : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस बयान जारी कर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज भाजपा शासन में हरियाणा की जनता त्राहिमाम है। जहां आमजनमानस के साथ विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा सरकार में पनप रहे गुंडों द्वारा समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के खिलाफ गुंडागर्दी व हाथापाई का आलम चल रहा है। 
 सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार की रहनुमाई में आज हरियाणा के विधायक भी सुरक्षित नहीं है। विधायक अशोक अरोड़ा पर भाजपा के गुंडों द्वारा सुनियोजित हमला करना लोकतंत्र की हत्या करने को दर्शाता है, आज इतिहास में यह काला दिन है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार हरियाणा की जनता व समाज के प्रतिष्ठित, प्रबुद्ध व्यक्तियों के साथ अब गुंडागर्दी, सीनाजोरी और हाथापाई तक पर उतर आई है। हरियाणा के सीनियर विधायक और पंजाबी समाज के प्रबुद्ध नेता, थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा पर किया गया सुनियोजित हमला विपक्षी विधायकों को अपमानित करने का षड्यंत्र है, जो मुख्य मंत्री की जानकारी के बगैर नहीं हो सकता और इस तरह की गुंडागर्दी करना बहुत ही निंदनीय व शर्मनाक है। 
रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र मुख्यमंत्री नायब सैनी का गृह जिला है तो बताएं :- 
• क्या अब नगर परिषद हाउस की मीटिंग में भी विधायक का उपस्थित रहना अनुचित है? 
• नगर परिषद की महत्वपूर्ण मीटिंग में विधायक, नगर पार्षदों, नगर परिषद कर्मचारियों के अलावा अन्य व्यक्ति कैसे बैठ सकते हैं?
• जब हरियाणा के सीनियर विधायक, पंजाबी समाज के प्रबुद्ध नेता, व विधायक अशोक अरोड़ा पर हमला हुआ तो अफसर और प्रशासन क्या कर रहा था? 
• विधायक पर हमला करने वालों पर पुलिस प्रशासन व सरकार द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
हमारी भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री श्रीमान नायब सैनी जी से मांग है कि विधायक अशोक अरोड़ा के साथ किया गया दुर्व्यवहार, गुंडागर्दी, सीनाजोरी, हाथापाई बहुत ही निंदनीय है, इसलिए तुरंत प्रभाव से इस विषय पर संज्ञान लें और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें! अन्यथा विधायक अशोक अरोड़ा के साथ किए गए इस दुर्व्यवहार को लेकर कांग्रेस पार्टी व्यापक स्तर पर जन आंदोलन करेगी।

No comments:

Post a Comment