दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
जींद : हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना 2025 शुरू कर रही है। यह योजना पूरे प्रदेश में 25 सितंबर को 2025 से लागू होगी। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत हर पात्र महिला को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता सीधे उसके बैंक खाते में दी जाएगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान करना और उन्हें समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ वही महिलाएं ले पाएंगी जिनकी उम्र 23 वर्ष या उससे अधिक है। जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं है और जो स्वयं या उनके पति पिछले 15 वर्षों से हरियाणा में रह रहे हैं। विशेष बात यह है कि एक ही परिवार की एक से अधिक महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले सकती हैं। हालांकि जो महिलाएं पहले से किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन या वित्तीय सहायता योजना जैसे वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि का लाभ ले रही हैं, सरकारी सेवा में कार्यरत हैं या आयकरदाता हैंए वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। उन्होंने बताया कि योजना का आवेदन केवल लाड़ो लक्ष्मी एप के माध्यम से किया जाएगा। जो एंड्रॉइड और आईफोन दोनों पर उपलब्ध है। आवेदन के समय आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय संबंधी जानकारी, बैंक खाता विवरण आदि देना आवश्यक होगा। सभी आवेदन क्रिड विभाग द्वारा जांचे जाएंगे और पात्रता की पुष्टि होने पर लाभ सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा। योजना के तहत हर माह नियमित भुगतान मिलता रहे, इसके लिए लाभार्थियों को एप पर लाइवनेस टेस्ट (फेस ऑथेंटिकेशन) करना अनिवार्य होगा। यदि किसी लाभार्थी को आवेदन या भुगतान से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह सीधे लाड़ो लक्ष्मी एप पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती है।
यह योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगी। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे समय पर ऐप के माध्यम से अपना पंजीकरण कराकर इस योजना का लाभ अवश्य उठाए।
No comments:
Post a Comment