Breaking

Thursday, December 11, 2025

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को लिखी खुली चिटठी

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को लिखी खुली चिटठी
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम एक खुली चिट्ठी लिखकर जीन्द में चौ. देवीलाल चौक से लेकर रोहतक रोड बाईपास तक के लगभग 2 किलोमीटर लम्बे जर्जर मार्ग को जल्द से जल्द नए सिरे से बनवाने की मांग की है।
गोयल ने चिटठी में लिखा है कि यह पूरी सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। गहरे गड्ढों, उड़ती धूल, जगह-जगह टूटे हुए हिस्सों के कारण यह मार्ग अब बिल्कुल भी चलने योग्य नहीं बचा है। आए दिन बाइक सवार गिर रहे हैं, ऑटो पलट रहे हैं और छोटी-बड़ी दुर्घटनाएँ लगातार हो रही हैं। धूल की अधिकता के कारण स्थानीय लोगों में सांस सम्बन्धी बीमारियाँ व एलर्जी तेजी से बढ़ रही है। व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खराब होने से ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। इतना ही नहीं धूल घरों के अंदर तक पहुंच रही है जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
गोयल ने बताया कि चार वर्ष पूर्व इस सड़क के निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया गया था कभी मानव श्रृंखला बनाई गई, कभी वोट बहिष्कार का ऐलान हुआ, कई बार डीसी कार्यालय व मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिए गए, यहाँ तक कि ढोल-नगाड़े बजाकर अनोखा विरोध प्रदर्शन भी किया गया था। इसी संघर्ष के बाद सड़क बनी, लेकिन निर्माण गुणवत्ता कमजोर होने के कारण सड़क कुछ ही समय में टूटने लगी और अब पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। गोयल ने माननीय मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस सड़क को तत्काल उच्च गुणवत्ता के साथ नए सिरे से दोबारा बनाया जाए। निर्माण कार्य पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि आने वाले समय में जनता को ऐसी समस्या का फिर सामना न करना पड़े। अंत में डॉ. गोयल ने कहा कि यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है और हजारों लोगों की रोजाना की आवाजाही इसी पर निर्भर करती है। इसलिए शासन का तुरंत हस्तक्षेप आवश्यक है।

No comments:

Post a Comment