अभय सिंह चौटाला का हुड्डा पर फिर हमला, कहा- भाजपा सरकार बनवाने में हुड्डा ने की मदद
जींद : इनेलो महासचिव अभय सिंह चौटाला ने जींद जिले के किलाजफरगढ़ गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा ने भाजपा सरकार बनवाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मदद की और कांग्रेस के प्रत्याशियों को हराने के लिए अपने ही कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतार दिया।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जो नेता कभी भाजपा को जमुना पार करने की बात करते थे, वही आज भाजपा की गोद में बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने कार्यकाल के साढ़े चार साल में जनता को लूटने का काम किया। उन्होंने कहा कि जनता ने अब उनकी दुकान बंद कर दी है और सच्चाई सबके सामने आ चुकी है।
इनेलो महासचिव ने कहा कि हुड्डा ने सरकार बनाने की मंशा से नहीं, बल्कि कांग्रेस को कमजोर करने के इरादे से टिकट बांटे। उन्होंने दावा किया कि उचाना समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों को हराने में खुद हुड्डा की भूमिका रही। अभय चौटाला के अनुसार, हुड्डा ने कम से कम नौ कांग्रेस उम्मीदवारों को हरवाने के लिए उनके सामने अपने ही कार्यकर्ताओं को खड़ा किया।
अभय सिंह चौटाला ने आगामी चुनावों में इनेलो की जीत का दावा करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद उनकी पार्टी तीन बड़े बदलाव करेगी। उन्होंने कहा कि इनेलो सरकार बनने पर हर घर से एक युवा को नौकरी दी जाएगी और प्रदेश में रोजगार की ठोस व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान अभय चौटाला ने जेजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जेजेपी अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है और उसमें कुछ भी शेष नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल की असली पार्टी इनेलो ही है और जनता अब दोबारा इनेलो को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
कार्यक्रम में बिजेंद्र रेढू, प्रताप लाठर, सतीश नैन, शिक्षा देवी, कृष्ण लाठर, प्रदीप गिल सहित बड़ी संख्या में इनेलो कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment