मां-बाप की सूनी आंखों में लौटाई झज्जर पुलिस ने चमक
वर्ष 2025 में 246 पुरुषों तथा 528 महिलाओं को किया सकुशल बरामद
गुमशुदगी, संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरन्त पुलिस हेल्पलाइन 01251254212, 277132, 7056667275, 76 और 112 पर करें संपर्क : डॉ. राजश्री सिंह
झज्जर : हरियाणा पुलिस का नारा सेवा, सुरक्षा, सहयोग को सार्थक रूप से आगे बढ़ाते हुए झज्जर पुलिस ने पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष के दौरान जनता की सुरक्षा, विश्वास और संवेदनाओं को सर्वोपरि रखते हुए जिले की विभिन्न पुलिस टीमों ने निरंतर प्रयास कर उन परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है, जो अपने परिजनों के बिछड़ जाने से चिंतित और परेशान थे।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि झज्जर पुलिस के लिए यह वर्ष मानवीय मूल्यों पर आधारित जिम्मेदार और संवेदनशील पुलिसिंग का प्रतीक रहा है। आपसी मनमुटाव, मानसिक तनाव, घरेलू परिस्थितियों या किसी अन्य कारण से अपने परिवारों से दूर हुए व्यक्तियों को खोजने के लिए पुलिस टीमों ने न केवल हरियाणा राज्य में बल्कि देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, असम, महाराष्ट्र, मुंबई, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गुजरात सहित कई अन्य स्थानों पर जाकर कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया और आमजन की सक्रिय भागीदारी के आधार पर झज्जर पुलिस ने लगभग 83 प्रसेंट गुमशुदा व्यक्तियों को सफलतापूर्वक खोज निकाल कर उनके परिजनों से मिलवाया।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार इस वर्ष झज्जर जिले में कुल 313 पुरुषों और 630 महिलाओं के गुमशुदा होने की सूचनाएं प्राप्त हुईं थी। इन पर पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 246 पुरुषों तथा 528 महिलाओं को सकुशल बरामद किया। यह उपलब्धि पुलिस टीमों की समर्पण भावना और अथक मेहनत का परिणाम है।
इसके अतिरिक्त झज्जर पुलिस ने करीब 148 महिलाओं, बच्चों और युवाओं को भी उनके परिवारों से मिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनमें कई ऐसे व्यक्ति शामिल थे, जो बोलने में असमर्थ थे या अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, नागरिकों की जागरूकता और पुलिस की सतत निगरानी ने इन लोगों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने में बड़ी सहायता की।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने पुलिस टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हर व्यक्ति का अपने परिजनों से मिलना एक मानवता से जुड़ा दायित्व है और झज्जर पुलिस ने इस दायित्व को पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निभाया है।
झज्जर पुलिस नागरिकों से अपील की है कि किसी भी गुमशुदगी, संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरन्त पुलिस हेल्पलाइन नंबर 01251254212, 277132, 7056667275, 76 और 112 पर संपर्क करें। आपका सहयोग ही पुलिस को और अधिक सशक्त बनाता है। झज्जर पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए तत्पर है।
No comments:
Post a Comment