Breaking

Tuesday, September 26, 2023

अपने संघर्ष की बदौलत भारत के उप प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए चौ. देवीलाल –ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह

अपने संघर्ष की बदौलत भारत के उप प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए चौ. देवीलाल –ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह
चंडीगढ़– भारत के उप प्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल की 110वीं जयंती पर नमन करते हुए हरियाणा के ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि अपने संघर्ष की बदौलत ही चौ. देवीलाल भारत के उप प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए। उनके आदर्शों पर चलकर ही मैंने अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया और उन्हीं के बताए रास्ते पर चलकर जनता की सेवा कर रहा हूं।चौधरी रणजीत सिंह सोमवार को अपने सिरसा निवास पर पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल की जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि चौ. देवीलाल ने जिन नीतियों को अपने समय में लागू किया, उसे अब पूरे देश में अपनाया जा रहा है। उन्होंने सबसे पहले हरियाणा में वृद्धावस्था पेंशन योजना शुरू की थी और आज अलग-अलग राज्यों में इस योजना को अपनाया जा रहा है। सबसे पहले जच्चा-बच्चा योजना भी चौ. देवीलाल ने शुरू की थी, आज अलग-अलग हिस्सों में इसे मातृत्व संबंधी योजनाओं के रूप में अपनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल को जनता सम्मानपूर्वक ताऊ के नाम से संबोधित करती है। अपने संघर्ष की बदौलत राजनीति में वह छोटे से प्रदेश हरियाणा के मुख्यमंत्री से भारत के उप प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए। गांधीवादी, साम्यवादी तथा क्रांतिकारी आंदोलनों से प्रभावित होकर चौधरी देवीलाल बाल्यकाल में ही संघर्ष की राह पर चल पड़े, जो आगे चलकर उनके संघर्षशील राजनीतिक सफर का मार्गदर्शक बनी।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत सिंह की बहन शांति देवी, उनकी धर्मपत्नी इंदिरा सिहाग सहित परिवार के सदस्य व भारी संख्या में आमजन मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment