जीन्द के डॉक्टर ने अमेरिका में रचा इतिहास
डॉ. मृत्युंजय गुप्ता बने विश्व के सबसे कम उम्र के अंतर्राष्ट्रीय स्कॉलर,
भारत का किया प्रतिनिधित्व
जींद : सिविल अस्पताल जींद में एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर मेडीसन विशेषज्ञ डॉ. मृत्युंजय गुप्ता को न्यूयॉर्क सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स द्वारा आयोजित व अमेरिका सरकार द्वारा प्रायोजित विश्व के सबसे प्रतिष्ठित सम्मेलनों में से एक, 78वें पोस्टग्रेजुएट एनेस्थेसिया (पीजीए) सम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय स्कॉलर के रूप में आमंत्रित किया गया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है, क्योंकि पूरे विश्व से केवल 10 विशेषज्ञों को अंतर्राष्ट्रीय स्कॉलर के रूप में चुना गया, और भारत से मात्र डॉ. गुप्ता का इस सम्मान के लिए चयन किया गया, इतना ही नहीं वे मात्र सत्ताइस वर्ष की उम्र में इस उपलब्धि को प्राप्त करने वाले अबतक के सबसे कम उम्र के अंतर्राष्ट्रीय स्कॉलर के रूप में भी सम्मानित हुए।
दिल्ली से न्यूयॉर्क की यात्रा के दौरान एयर इंडिया की 16 घंटे की नॉन-स्टॉप फ्लाइट में, एक भारतीय मूल की एक अमेरिकन वृद्ध महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनकी नब्ज रुक चुकी थी और स्थिति गंभीर थी। डॉ. गुप्ता, जो हमेशा अपने साथ आपातकालीन दवाइयां रखते हैं, तुरंत सक्रिय हुए। उन्होंने 3 घंटे की अथक मेहनत और सूझबूझ से महिला को होश में लाया। उनकी तत्परता से न केवल महिला की जान बची, बल्कि फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग से भी बचाव हुआ। इस मानवीय कार्य के लिए फ्लाइट क्रू और सहयात्रियों ने खुले दिल से उनकी सराहना करते हुए तालियों से उनका सम्मान किया। तथा एयर इंडिया ने भी ईमेल द्वारा प्रशंसा पत्र भेजकर आभार व्यक्त किया।
*लोगों की जान बचाने के लिए हमेशा तत्पर*
डॉ. मृत्युंजय गुप्ता का जीवन का उद्देश्य है कि हर आपात स्थिति में हर संभव प्रयास से लोगों की जान बचाई जाए। उन्होंने माई विल माई लाइफ नाम से एक संस्था भी स्थापित की है, जो सडक़ दुर्घटना, डूबने, शॉक और कार्डियक अरेस्ट जैसी आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाने के लिए जागरूकता फैलाती है और प्रशिक्षण देती है। डॉ. गुप्ता ने सिविल अस्पताल, विभिन्न कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), एक्सीडेंट रिस्पॉन्स और इमरजेंसी मेडिसिन जैसे विषयों पर कई प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए हैं। उनकी प्रतिबद्धता है कि कोई भी जीवन केवल आपातकालीन सहायता की कमी के कारण न खो जाए। हर जीवन को बचाना ही उनका लक्ष्य है।
डॉ मृत्युंजय गुप्ता को मिली इस उपलब्धि पर शहर की विभिन्न संस्थाओं ने खुशी जताई है अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष डॉ राजकुमार गोयल का कहना है कि है यह जींद वासियों के लिए गौरव की बात है की हमारे यहां के एक डॉक्टर ने दूसरे देश में जाकर अपने देश का नाम रोशन किया है। गोयल का कहना है कि हम सबको डॉ मृत्युंजय पर गर्व है। डॉ. गुप्ता की इस उपलब्धि ने जींद और हरियाणा का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने न केवल अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता का परिचय दिया, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र को भी एक नई पहचान दिलाई।
No comments:
Post a Comment