सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी ने 2025 के कला और पर्यावरण सम्मान किए घोषित
डा. हरिचंद मिड्ढा की स्मृति में चंडीगढ़ के हिमांशु और जम्मू के सचन देव को राजा रवि वर्मा छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी
जींद : सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी जो कला और सामाजिक गतिविधियों में संलग्न एक प्रतिष्ठित अखिल भारतीय संस्था है, ने वर्ष 2025 के लिए अपने वार्षिक पुरस्कारों एवं छात्रवृत्तियों की घोषणा कर दी है। यह निर्णय संस्था की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। संस्था द्वारा घोषित पुरस्कारों में चित्रकला, मूर्तिकला, नाट्य विधा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे विशिष्ट व्यक्तियों और छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। पर्यावरण प्रेमी अवॉर्ड के लिए जींद की नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी और दिल्ली के चित्रकार मनवीर सिंह का चयन किया गया है। ये दोनों पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। नाट्य विधा सम्मान इस वर्ष रंगमंच कलाकार रमेश मूर्ति को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने थिएटर के माध्यम से सामाजिक विषयों पर प्रभावी कार्य किया है। मूर्ति कला सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त मूर्तिकार प्रदीप कुमार को दिया जाएगा, जिन्होंने देश-विदेश में भारतीय मूर्तिकला का नाम रोशन किया है। डा. हरिचन्द मिढ़ा की स्मृति में प्रदान की जाने वाली प्रतिष्ठित राजा रवि वर्मा छात्रवृत्ति (चित्रकला क्षेत्र में) इस वर्ष जम्मू-कश्मीर कॉलेज ऑफ आर्ट के चतुर्थ वर्ष के छात्र सचन देव को दी जाएगी। साथ ही हिमांशु पांचाल, छात्र चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्ट को सम्मानित किया जाएगा। यह छात्रवृत्ति नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में संस्था का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। रविवार को सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक कौशिक ने बताया कि संस्था न केवल ललित कला, बल्कि साहित्य और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस वर्ष संस्था ने साहित्यकार नरेंद्र बाबा अनजान द्वारा लिखित पुस्तक हरफों की दुनिया का प्रकाशन भी करवाया है। इसके अलावा, संस्था द्वारा निर्णय लिया गया है कि सरकारी विद्यालयों में पढऩे वाले होनहार छात्रों को नि:शुल्क कला सामग्री वितरित की जाएगी, जिससे उन्हें आवश्यक संसाधनों की कोई कमी न हो। बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष मोहित बब्बर, सुमित कुमार, राजीव शर्मा, नवीन कुमार, प्रदीप, नरेंद्र, नीलम देवी, अमित कुमार, सुरेश पंचाल सहित कई कार्यकर्ता एवं कला प्रेमी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment