चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री ए. श्रीनिवास ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालयों के मीडिया और संचार अधिकारियों के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली के भारत मण्डपम में हाल ही में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यशाला में 51 मीडिया नोडल और सोशल मीडिया नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ग्यानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी ने उद्घाटन सत्र में प्रतिभागियों को संबोधित किया।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला में यह ज़ोर दिया गया कि बढ़ती भ्रामक सूचना की चुनौती के मद्देनज़र यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है कि भारत में चुनाव संविधान के अनुसार निष्पक्ष रूप से संपन्न होते हैं और गलत जानकारी का मुकाबला हमेशा तथ्य के आधार पर किया जाए। इसके साथ ही मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालयों की संचार प्रणाली को मजबूत बनाने और समय पर सही जानकारी प्रदान करने के लिए विभिन्न सत्र आयोजित किए गए।
कार्यशाला में मीडिया और सोशल मीडिया के दृष्टिकोण से चुनावी मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन पर चर्चा की गई और भ्रामक जानकारी का मुकाबला करने के लिए आधुनिक तकनीक और रणनीतियों पर विशेषज्ञ सत्र भी आयोजित किए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री ए. श्रीनिवास ने बताया कि यह तीसरी इस तरह की अंतरक्रिया थी। इससे पहले IIIDEM में 9 अप्रैल 2025 और 5 जून 2025 को CEO कार्यालयों के मीडिया और संचार अधिकारियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
No comments:
Post a Comment