केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों के सौंदर्यकरण के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए - कैबिनेट मंत्री अनिल विज
संबंधित एजेंसियां करेंगी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण - अनिल विज
केंद्रीय मंत्री के मार्गदर्शन और एनएचएआई के प्रयासों से हरियाणा में पिछले वर्षों में कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों का हुआ निर्माण - विज
राजमार्गों के किनारों पर वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, सड़कों की सुंदरता में होगी वृद्धि - विज
चंडीगढ़– हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हरियाणा राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के सौंदर्यकरण के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए हैं।
इस संबंध में केंद्रीय मंत्री द्वारा हरियाणा सरकार को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारों पर वृक्षारोपण और सौंदर्यकरण कार्य मानसून सत्र में उपलब्ध स्थान के अनुसार एजेंसियों अथवा राज्य के वन विभाग के माध्यम से किया जाता है। इस वर्ष भी आगामी वर्षा ऋतु के दौरान भी वृक्षारोपण बड़े पैमाने पर किया जाएगा और इस संबंध में क्षेत्रीय इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि मंत्री अनिल विज ने हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्गों के सौंदर्यकरण को लेकर श्री गडकरी को पत्र लिखा था। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि केंद्रीय मंत्री के मार्गदर्शन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रयासों से हरियाणा में पिछले वर्षों में कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है। इनमें 152-डी, जम्मु-कटरा एक्सप्रेसवे, पानीपत-रोहतक, अम्बाला-हिसार और पंचकूला-यमुनानगर मार्ग प्रमुख हैं। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की जनता को बड़ी सुविधा प्राप्त हुई है।
मंत्री विज ने हरियाणा को मिले इन राष्ट्रीय राजमार्गों की सौगात के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राजमार्गों के किनारों पर वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और सड़कों की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
No comments:
Post a Comment