परिवहन मंत्री आवास पर 18 जनवरी को मांगों के लिए न्याय मार्च निकालेंगे रोडवेज कर्मचारी
जींद : आगामी 18 जनवरी को परिवहन मंत्री आवास अंबाला छावनी में होने वाले न्याय मार्च की तैयारी को लेकर हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चे के राज्य नेता निशान सिंह, जयबीर घणघस, अनूप लाठर और डिपो प्रधान राममेहर रेढू व चेयरमैन राजकुमार रधाना ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को जायज मान कर समय-समय पर कर्मचारी नेताओं के साथ बैठक कर के समझौता तो कर लेती है। परंतु मानी गई जायज मांगों को लागू नही कर रही है। कर्मचारियों की मानी गई मांगों को लागू करवाने के लिए व रोडवेज विभाग विरोधी नीतियों के विरोध में 18 जनवरी को अंबाला छावनी में परिवहन मंत्री आवास पर न्याय मार्च निकाला जाएगा। जिसमें प्रदेशभर से सभी डिपो व सब डिपो के कर्मचारी भाग लेंगे। इसे लेकर 27 दिसंबर को हिसार व जींद डिपो में बैठक की जाएगी। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में प्रदेश की जनसंख्या आधार पर सरकारी बसें खरीद कर रोडवेज बेड़े में शामिल की जाए। चालक, परिचालक के रिक्त पदों पर नई भर्ती की जाए। कर्मशाला में बसों की मुरम्मत करने वाले मैकेनिक, हेल्पर, सफाई व धुलाई कर्मचारी आदि अनेक रिक्त पदों पर भर्ती की जाए। कोहरे व कोरोना काल जैसी विपरित समय में जोखिम ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को जोखिम भत्ता दिया जाए। चालक, परिचालक, लिपिक, स्टोर कीपर का पे ग्रेड बढ़ाया जाए। पूर्ण प्रकिया से भर्ती हुए वर्ष 2016 के चालकों को पक्का किया जाए। 2018 में भर्ती हुए कर्मशाला के कर्मचारियों को कॉमन कैडर से बाहर करके तकनीकि पदों पर प्रमोशन की जाए। कर्मचारियों के कम किए देय अर्जित अवकाशों को पूर्व की भांति दिए जाएं। वर्ष 2002 में भर्ती हुए चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का किया जाए व पुरानी पेंशन योजना में शामिल किया जाए। वर्ष 2008 में भर्ती हुए परिचालकों को उपनिरीक्षक के रिक्त पड़े सभी पदों की दूसरी प्रमोशन लिस्ट जारी की जाए। चालक व परिचालक से आठ घंटे की डयूटी ली जाए। आठ घंटे से अधिक की ड्यूटी का ओवरटाइम दिया जाए। सभी डिपो के सभी मार्गों का पुन: सर्वे करवा करवाया जाए। बकाया बोनस का भुगतान किया जाए।
No comments:
Post a Comment