Breaking

Monday, December 22, 2025

कपड़ा कारोबारी से चौथ मांगने वाले बदमाश की करवाई परेड शिनाख्त

कपड़ा कारोबारी से चौथ मांगने वाले बदमाश की करवाई परेड शिनाख्त 
शॉर्टकट से जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में गौरव उर्फ बच्ची ने अपराध की दुनिया में रखा कदम 
जींद : गत 14 दिसंबर को नरवाना के रेलवे रोड पर कपड़ा कारोबारी नरेश जैन की दुकान पर पर्ची फैंक कर तथा फायर कर 50 लाख रूपये की चौथ मांगने वाले मुख्य आरोपित गांव बेलरखां निवासी अनूप को सीआईए ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके साथ ही दूसरे आरोपित 19 वर्षीय जिला कैथल के गांव सिरटा व हाल आबाद धर्मसिंह कालोनी नरवाना निवासी गौरव उर्फ बच्ची को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपित गौरव उर्फ बच्ची को अदालत में पेश किया। जहां से उसको एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया ताकि यह पता चल सके कि वो अन्य दूसरी वारदातों में शामिल तो नही रहा। इससे पहले वीरवार को पुलिस आरोपित गौरव उर्फ बच्ची का सिर गंजा करवा कर व हाथों में हथकड़ी लगा कर उस जगह पर लेकर गई, जहां से वह तथा अनूप बेलरखां वारदात करने के बाद फरार हुए थे। आरोपित गौरव उर्फ बच्ची की परेड शिनाख्त करवाई गई। उसने बताया कि वह जैन की दुकान के साथ लगती गली में मुंह पर कपड़ा बांध कर बाइक लेकर खड़ा हो गया था। अनूप जैन की दुकान पर गोली चलाने के बाद भागता हुआ बाइक पर बैठ गया था। जिसके बाद वे दोनों बाइक पर वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपित गौरव उर्फ बच्ची को साथ लेकर जहां-जहां से वे भागे थे, वहां की शिनाख्त करवाई। वहीं आरोपित गौरव उर्फ बच्ची ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह अपने मामा के पास नरवाना में धर्म सिंह कालोनी में रहता है। वह मुख्य आरोपित अनूप बेलरखां की जीवशैली से प्रभावित था। वह शॉर्ट कट के जरिए पैसा कमा कर एश की जिंदगी जीना चाहता था। जिसके कारण वह अनूप बेलरखां के संपर्क में आया। उसने अनूप को ढेर सारा पैसा कमाने की इच्छा जाहिर की। जिसके चलते वह जैन गारमेंट्स के मालिक नरेश जैन से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए साथ चला गया लेकिन गौरव उर्फ बच्ची को यह नही पता था कि जिस शार्टकट के जरिये पैसा कमाने की राह पर वो चलना सीख रहा था। वह राह उसको जेल की सलाखों के पीछे भेजने का काम करेगी।

No comments:

Post a Comment