जींद : दि रेवन्यू पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर शुक्रवार को जिला जींद के सभी पटवारी एवं कानूनगो पटवार भवन जींद में एकत्रित हुए और हरियाणा सरकार द्वारा छह पटवारियों को निलंबित किए जाने के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया।
यह धरना प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसलों के मुआवज़ा वितरण से संबंधित क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फोटो अपलोड करने के मामले में छह पटवारियों को निलंबित किए जाने के विरोध में दिया गया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान बहन सर्वेश पटवारी ने की, जबकि मंच संचालन नरेश पटवारी (पूर्व जिला प्रधान) ने किया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्य कोषाध्यक्ष सनी डागर पटवारी ने हरियाणा सरकार के इस फैसले को अनैतिक बताते हुए कड़ी निंदा की और निलंबित पटवारियों को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
धरने को समर्थन देने के लिए AHPCWU के शहरी प्रधान राजेश, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला जींद ब्लॉक प्रधान मंदीप नेहरा एवं जिला प्रधान संजीव ढांडा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पटवारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से निलंबन तुरंत रद्द करने की अपील की और चेतावनी दी कि यदि समय रहते निलंबित कर्मचारियों को बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन ने हरियाणा सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निलंबित पटवारियों को बहाल नहीं किया गया तो 2 फरवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि आंदोलन के चलते आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।
No comments:
Post a Comment