Breaking

Tuesday, January 27, 2026

जींद में कैंसर मरीजों की सेवा करने वाली कैन-सपोर्ट एनजीओ के कार्यालय में चोरी, लैपटॉप-मोबाइल व दवाइयों से भरा बैग ले उड़े चोर

जींद में कैंसर मरीजों की सेवा करने वाली कैन-सपोर्ट एनजीओ के कार्यालय में चोरी

लैपटॉप-मोबाइल व दवाइयों से भरा बैग ले उड़े चोर
जींद : जींद शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित कैन-सपोर्ट (Can-Support) एनजीओ के कार्यालय में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यह संस्था कैंसर मरीजों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराती है। चोर एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और दवाइयों से भरा एक बैग चुरा ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढिगाना गांव निवासी प्रदीप कुमार, जो कैन-सपोर्ट एनजीओ में एडमिन के पद पर कार्यरत हैं, ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि एनजीओ का कार्यालय एम्प्लॉइज कॉलोनी, हीरो एजेंसी के पास, जींद में स्थित है, जहाँ 4-5 कर्मचारी काम करते हैं।
प्रदीप के अनुसार, 23 जनवरी (शुक्रवार) को कार्यालय बंद कर सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे। 26 जनवरी की शाम जब प्रदीप कार्यालय पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि ऑफिस के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
कार्यालय की जांच करने पर पता चला कि एक एचपी (HP) कंपनी का लैपटॉप, एक वीवो (Vivo 427) मोबाइल फोन (बिना सिम, आईएमईआई नंबर अज्ञात) और काले रंग का दवाइयों से भरा एक बैग चोरी हो गया है। प्रदीप ने बताया कि बाकी सामान की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी जानकारी दी जा सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर एएसआई विनोद और सिपाही रविंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदीप कुमार की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना, जींद में धारा 305, 331 (4) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एएसआई विनोद ने बताया कि चोरी की इस वारदात की जांच जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment