Breaking

Thursday, January 29, 2026

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ऋषिपाल ने चलाया "मनरेगा बचाओ संग्राम" अभियान


कांग्रेस जिला अध्यक्ष ऋषिपाल ने चलाया "मनरेगा बचाओ संग्राम" अभियान

सफीदों, जुलाना व उचाना विधानसभा क्षेत्रों में किया श्रमिक सभाओं को संबोधित
जींद : कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर ने भाजपा सरकार पर मनरेगा जैसी गरीब-मजदूरों की जीवन रेखा को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें योजनाबद्ध तरीके से मजदूरों से उनका हक छीन रही हैं। "मनरेगा बचाओ संग्राम" अभियान के तहत बृहस्पतिवार को उन्होंने सफीदों विधानसभा क्षेत्र के लूदाना, जुलाना विधानसभा क्षेत्र के बुआना और उचाना विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर गांव में आयोजित श्रमिक सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा की मजदूर विरोधी नीतियों पर तीखा हमला बोला।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए रोजी-रोटी और सम्मान का आधार है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसमें ऐसे बदलाव कर दिए हैं जिनसे मजदूरों को काम मिलना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले 100 दिन का रोजगार अधिकार था, आज मजदूर काम के लिए भटक रहा है, भुगतान महीनों तक अटका रहता है और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के नाम पर गरीबों को सिस्टम से बाहर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीयत शुरू से ही गरीब और मजदूर विरोधी रही है। "मनरेगा में बजट कटौती, काम में कमी और भुगतान में देरी इस बात का सबूत है कि भाजपा चाहती है कि गरीब मजबूर होकर शहरों की ओर पलायन करे और सस्ते मजदूर के रूप में शोषण झेले," उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने मनरेगा को कमजोर करने की साजिश बंद नहीं की तो कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। यह लड़ाई केवल मजदूरों की नहीं, बल्कि गांव, गरीब और रोजगार के अधिकार की लड़ाई है। "मनरेगा बचाओ संग्राम" इसी जनआंदोलन की शुरुआत है और इसे गांव-गांव, घर-घर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने श्रमिकों से आह्वान किया कि वे भाजपा के झूठे वादों और जुमलों में न आएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही मनरेगा जैसा ऐतिहासिक कानून बनाया था, जिसने ग्रामीण भारत को मजबूती दी, जबकि भाजपा उसे खत्म करने पर तुली हुई है। ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस मजदूरों के हक की इस लड़ाई को और तेज करेगी और भाजपा सरकार को जवाबदेह बनाएगी। सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में मनरेगा बचाने के संघर्ष में कांग्रेस का साथ देने का संकल्प लिया। इन श्रमिक सभाओं के आयोजन में लूदाना में विजय मोर, बुआना में सुधीर बुआना व शाहपुर में जयपाल मिडा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रमिक सभाओं में वजीर गंगोली सांसद प्रतिनिधि सोनीपत लोकसभा, पवन दुहन जिला महासचिव (संगठन ) इशाक भट्टी कोषाध्यक्ष, सुरेश शर्मा जिला महासचिव, जेपी सिंह रूहील सोशल मिडिया जिला इंचार्ज,कमलेश,बलजीत मेट, नरेंद्र ओमप्रकाश, सूरजमल, सुभाष, सुरजीत, राकेश सरपंच, धर्मपाल,भतेरी आदि मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment