कुण्डली /सोनीपत : आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुण्डली में विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया श्रीमती शीला सहरावत द्वारा कक्षा दसवीं के छात्र कौशल जांगड़ा को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि कौशल जांगड़ा ने 18 जनवरी को दिल्ली में आयोजित “अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो सेमिनार” में प्रतिभाग किया। इस सेमिनार में विश्व विख्यात कुक्कीवोन से नौवीं डैन ब्लैक बेल्ट ग्रैंडमास्टर चांग सेंग डॉन्ग द्वारा ओलंपिक स्टाइल एवं वर्ल्ड ताइक्वांडो के नवीनतम नियमों व आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी व ट्रेनिंग प्रदान की गई।
गौरतलब है कि कौशल जांगड़ा इससे पूर्व भी देश एवं विदेश में आयोजित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर चुका है।
कौशल जांगड़ा की इन उपलब्धियों को देखते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती शीला सहरावत एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने छात्र को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान कीं और उसके निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना की।
No comments:
Post a Comment