Breaking

Tuesday, February 10, 2026

नूंह में ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ की बड़ी पहल: युवराज सिंह के यूवीकैन फाउंडेशन ने 14 हजार महिलाओं की स्तन कैंसर जांच की

नूंह में ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ की बड़ी पहल: युवराज सिंह के यूवीकैन फाउंडेशन ने 14 हजार महिलाओं की स्तन कैंसर जांच की

शाओमी इंडिया के सहयोग से चला प्रिवेंटिव हेल्थकेयर अभियान, 111 महिलाओं में पाई गई स्तन कैंसर की आशंका
नूंह (हरियाणा) : मशहूर क्रिकेटर, कैंसर सर्वाइवर और समाजसेवी युवराज सिंह की यूवीकैन फाउंडेशन ने शाओमी इंडिया के सहयोग से नूंह जिले में ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ प्रिवेंटिव हेल्थकेयर कार्यक्रम के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस अभियान के अंतर्गत जिले की 14,000 महिलाओं की स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जिससे समय रहते बीमारी की पहचान और इलाज की दिशा में अहम कदम उठाया गया।
कार्यक्रम का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद, सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए दूसरा चरण शुरू किया गया। दोनों चरणों को मिलाकर कुल 14 हजार महिलाओं की जांच की गई, जबकि 21 हजार से अधिक महिलाओं को स्तन स्वास्थ्य और स्वयं जांच (Self-Examination) को लेकर जागरूक किया गया।
स्क्रीनिंग के दौरान 111 महिलाओं में स्तन कैंसर की आशंका सामने आई, जिन्हें तत्काल काउंसलिंग दी गई और आगे की जांच के लिए आवश्यक डायग्नोस्टिक टेस्ट की व्यवस्था की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाकर समय पर इलाज सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर युवराज सिंह ने कहा कि भारत में स्तन कैंसर से होने वाली अधिकतर मौतें इलाज की कमी के कारण नहीं, बल्कि देर से पहचान होने के कारण होती हैं। यूवीकैन फाउंडेशन का लक्ष्य उन महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है, ताकि वे बिना डर के समय पर जांच और उपचार करा सकें।
‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ कार्यक्रम की शुरुआत जुलाई 2024 में की गई थी। यह पहल देश के 15 राज्यों के 15 आकांक्षी जिलों में लागू की जा रही है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं और जागरूकता की कमी है। राष्ट्रीय स्तर पर अब तक इस कार्यक्रम के तहत 5 लाख से अधिक लोगों को जागरूक किया जा चुका है और 2 लाख से ज्यादा महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
कार्यक्रम के सपोर्टिंग पार्टनर शाओमी इंडिया ने टेक्नोलॉजी आधारित स्क्रीनिंग समाधान उपलब्ध कराए। शाओमी इंडिया के सीओओ सुधीन माथुर ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य तकनीक के जरिए समाज में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाना है, खासकर महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में।
नूंह जिले में इस पहल के सामुदायिक प्रभाव की सराहना करते हुए ईएसआई–नूंह के डॉ. अतीक असलम ने कहा कि यूवीकैन फाउंडेशन ने गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद किया, जिससे स्तन कैंसर को लेकर फैली झिझक और गलत धारणाएं दूर हुईं। ऐसी जमीनी स्तर की पहलें प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को मजबूत करती हैं।
यूवीकैन फाउंडेशन ने अब ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत फेज़ 2.0’ के लॉन्च की भी घोषणा की है, जिसमें और अधिक महिलाओं तक जांच सेवाएं पहुंचाने और सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र के साथ समन्वय बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा।

No comments:

Post a Comment