चंडीगढ़— हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा आज लोकसभा में प्रस्तुत किए गए वर्ष 2026–27 के आम बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 के दूरदर्शी विज़न पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यह बजट हरियाणा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि विकसित भारत की यात्रा में हरियाणा औद्योगिक क्रांति का अग्रदूत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पहले ही अपनी औद्योगिक नीति में आवश्यक संशोधन करते हुए विकसित भारत–विकसित हरियाणा का रोडमैप तैयार कर चुकी है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि यह बजट देश के समावेशी विकास और आत्मनिर्भर भारत के मिशन को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरियाणा को विकसित भारत की औद्योगिक क्रांति का नेतृत्वकर्ता बनाए रखने के अनुरूप उद्योग विभाग के लिए पर्याप्त बजट प्रावधान करेंगे। उन्होंने स्मरण कराया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग का बजट 800 करोड़ रुपये से बढ़ाकर लगभग 1800 करोड़ रुपये किया था, जो लगभग 125 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि थी। उन्हें विश्वास है कि इस वर्ष भी यह वृद्धि और अधिक सशक्त रूप में देखने को मिलेगी।
श्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री ने अपने बजट अभिभाषण में 10 नए इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) स्थापित करने की घोषणा की थी, जिनमें से पांच पर कार्य प्रगति पर है और शेष पर भी चरणबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक सभी आईएमटी का कार्य पूर्ण करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्व में कोई भी देश केवल कृषि के आधार पर विकसित राष्ट्र नहीं बना है—चाहे वह अमेरिका हो, ऑस्ट्रेलिया हो या जापान। औद्योगिक विकास ही इन देशों के विकास की रीढ़ रहा है। हरियाणा, जिसने हरित क्रांति में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है, अब औद्योगिक क्रांति का ध्वजवाहक बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में स्थित हरियाणा में औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
No comments:
Post a Comment