Breaking

Thursday, February 5, 2026

ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: चाइनीस मास्टरमाइंड के इशारे पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 6 दिन का पुलिस रिमांड।*

ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: चाइनीस मास्टरमाइंड के इशारे पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 6 दिन का पुलिस रिमांड।*
भिवानी : पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के दिशा-निर्देशों में जिला पुलिस द्वारा ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में थाना साइबर क्राइम पुलिस भिवानी ने विदेश में बैठे चाइनीस मास्टरमाइंड के कहने पर ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर आम नागरिकों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इस संबंध में भिवानी निवासी एक शिकायतकर्ता ने थाना साईबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उसने बताया कि वह एक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है। दिनांक 12 जनवरी 2026 को उसके व्हाट्सएप पर पार्ट-टाइम जॉब/इन्वेस्टमेंट का मैसेज आया, जिसके बाद उसे एक टेलीग्राम लिंक भेजा गया। आरोपियों द्वारा उसे अलग-अलग टास्क के नाम पर 13 ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 6,56,517 रुपये इन्वेस्ट करवाए गए और बाद में धोखाधड़ी कर ली गई शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

 दिनांक 30 जनवरी 2026 को अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी के एएसआई विजय कुमार ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया।

*गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण पुत्र राजीव, निवासी सेक्टर-14, करनाल के रूप में हुई है।*

*आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 06 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।*

*रिमांड अवधि के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल फोन तथा 8,000 रुपये नकद बरामद किए गए।*

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और वर्ष 2025 में गेम के माध्यम से वह कंबोडिया गया, जहां उसका संपर्क चीनी नागरिकों से हुआ। उन्हीं के कहने पर उसने टेलीग्राम पर “UPI SIX” नाम से ग्रुप बनाया और इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह युवाओं व पढ़ने वाले छात्रों को पैसों का लालच देकर उनकी आईडी, बैंक खाते व मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करता था।

आज आरोपी को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी के प्रभारी उप निरीक्षक विकास कुमार ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट, पार्ट-टाइम जॉब या टास्क के नाम पर आने वाले किसी भी लालच में न आएं, अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, आईडी या किसी संदिग्ध लिंक को साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

No comments:

Post a Comment