Breaking

Friday, February 6, 2026

यूआईईटी में सात दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला शुरू

यूआईईटी में सात दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला शुरू
रोहतक :  महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में सात दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। यह कार्यशाला इलेक्ट्रिकल एवं सिविल ब्लॉक स्थित सेमिनार हॉल में करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल तथा पं. दीन दयाल उपाध्याय कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा केंद्र के सहयोग से महिन्द्रा प्राइड क्लासरूम के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों की रोजगारपरक क्षमताओं को सुदृढ़ करना तथा उन्हें वर्तमान एवं भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। उद्घाटन सत्र में पं. दीन दयाल उपाध्याय कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो युद्धवीर सिंह ने मुख्य वक्तव्य देते हुए कौशल आधारित शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल, अनुकूलन क्षमता और सतत अधिगम विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य हो गए हैं।
कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापक डॉ. हरकेश सहरावत ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षा और उद्योग की अपेक्षाओं के बीच सेतु का कार्य करती हैं तथा विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र के लिए तैयार करती हैं।
करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की निदेशक प्रो दिव्या मल्हान ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्योग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सॉफ्ट स्किल्स, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास एवं करियर तत्परता से संबंधित क्षमताओं का विकास किया जाएगा।
महिन्द्रा प्राइड क्लासरूम के प्रशिक्षक जयदीप मल्होत्रा ने विद्यार्थियों को कार्यशाला में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और सकारात्मक दृष्टिकोण से ही प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
बता दें कि यह सात दिवसीय कार्यशाला इंटरएक्टिव सत्रों, व्यावहारिक गतिविधियों और करियर उन्मुख प्रशिक्षण मॉड्यूल्स पर आधारित है, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, रोजगार योग्यता तथा समग्र व्यावसायिक विकास सुनिश्चित किया जा सके। उद्घाटन सत्र में यूआईईटी के शिक्षक गण, विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थी तथा करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment