Breaking

Thursday, March 19, 2026

भव्य पैदल ध्वजा यात्रा 21 को, शहर बनेगा भक्तिमय

भव्य पैदल ध्वजा यात्रा 21 को, शहर बनेगा भक्तिमय

सैकड़ों श्रद्धालु जीन्द से पैदल बनभौरी धाम के लिए होंगे रवाना,

कृष्ण मिड्ढा, राजकुमार गोयल, सुभाष डाहोलिया, अशोक गोयल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
जींद : जय मां बनभौरी सेवा समिति जींद के तत्वावधान में 21 मार्च को आयोजित होने वाली भव्य पैदल ध्वजा यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है। बैंक रोड स्थित प्रधान सुनील गोयल के प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सुनील गोयल ने की। इस अवसर पर सोनू जैन, शिव कुमार, सुनील गर्ग, जितेन्द्र गर्ग, अश्विनी सिंगला, अनिल अग्रवाल, मुकेश गोयल, प्रतीक गर्ग, लक्ष्मण गर्ग, दीपक गर्ग इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रधान सुनील गोयल ने बताया कि पिछले 5 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही ध्वजा यात्रा इस बार और भी भव्य स्वरूप में निकाली जाएगी। यह एक दिवसीय पैदल यात्रा बनखंड महादेव मंदिर, हांसी रोड जींद से शुरू होकर बनभौरी धाम तक पहुंचेगी। यात्रा को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजकुमार गोयल, चंडीगढ़ के प्रमुख समाजसेवी सुभाष डाहोलिया और अग्रोहा धाम जींद के प्रधान अशोक गोयल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
समिति के प्रैस सचिव सोनू जैन ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों महिलाएं, पुरुष और बच्चे भाग लेंगे। श्रद्धालु हाथों में ध्वजा लेकर माता के जयकारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों देवीलाल चौक अंडरपास, चक्कर रोड, घंटाघर, बैंक रोड, रामराये गेट, झांझ गेट और पटियाला चौक से गुजरेंगे। यात्रा के दौरान भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी और विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया जाएगा। यह यात्रा 22 मार्च की सुबह बनभौरी धाम पहुंचेगी।
यह पावन यात्रा बनभौरी धाम मंदिर के पुजारी पुलकित कौशिक जी के सानिध्य में आयोजित की जा रही है जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगी। इस यात्रा को लेकर शहर में निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ कमा सकें। इसी कड़ी में आज यात्रा के मुख्यअतिथियों को निमंत्रण पत्र बांटे गए। समिति के सदस्यों ने अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल को ध्वजा यात्रा का निमंत्रण पत्र सौंपते हुए उन्हें कार्यक्रम में बतौर अतिथिगण शामिल होने का आग्रह किया। समिति के सदस्यों ने विश्वास जताया कि इस बार की यात्रा पहले से अधिक भव्य और ऐतिहासिक होगी जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेंगे।

No comments:

Post a Comment