विद्यार्थी सकारात्मक सोच, संतुलित दिनचर्या और स्वस्थ संवाद अपनाएं : प्रो दीप्ति हुड्डा
-एमडीयू के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग में युवाओं की सकारात्मक सोच पर व्याख्यान
रोहतक : महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में युवाओं में सकारात्मक भावनाओं का निर्माण: प्रसन्नता का संवर्धन विषय पर एक विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया। मनोविज्ञान विभाग की प्रोफेसर एवं प्रतिष्ठित मनोवैज्ञानिक प्रो दीप्ति हुड्डा ने बतौर मुख्य वक्ता यह व्याख्यान दिया।
अपने प्रभावशाली व्याख्यान में प्रो. दीप्ति हुड्डा ने युवाओं के जीवन में सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी और व्यस्त जीवन में युवाओं को अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सकारात्मक भावनाओं का विकास, आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रो. दीप्ति हुड्डा ने बताया कि प्रसन्नता, आशावाद, आत्म-स्वीकृति और कृतज्ञता जैसे सकारात्मक भाव युवाओं के व्यक्तित्व को सशक्त बनाते हैं। यदि विद्यार्थी अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक सोच, संतुलित दिनचर्या और स्वस्थ संवाद को अपनाएं तो वे तनाव और नकारात्मकता से बेहतर तरीके से निपट सकते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के साथ-साथ मानसिक प्रसन्नता और संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. पूजा सुनेजा ने प्रारंभ में स्वागत भाषण दिया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने व्याख्यान को गहरी रुचि के साथ सुना और विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रश्न भी पूछे। वक्ता ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का संतोषजनक उत्तर देते हुए उन्हें सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment