Breaking

Thursday, March 19, 2026

प्रदेश में रसोई गैस को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क : राजेश नागर

प्रदेश में रसोई गैस को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क : राजेश नागर

-अभी तक प्रदेशभर में 12 एफआईआर हुई दर्ज, 169 सिलेंडर किए जब्त

-उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीएफएससी के नेतृत्व में जिला स्तरीय कमेटियों का किया गठन
चंडीगढ़ - हरियाणा के खाद्य नागरिक, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश में रसोई गैस को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। नागरिकों को घरों में रसोई गैस की दिक्कत नहीं होनी दी जा रही है। वहीं गैस को लेकर कालाबाजारी करने व अवैध प्रयोग करने के प्रदेशभर में अभी तक 12 एफआईआर दर्ज की गई हैं और करीब 169 सिलेंडरों को जब्त किया गया है। इनमें कुरुक्षेत्र में 18, नारनौल 60, करनाल 5, अंबाला में 21, खरखौदा में 28, फरीदाबाद में 18 और जींद में 19 सिलेंडर शामिल हैं।
श्री राजेश नागर वीरवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। इनमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीएफएससी को मुख्य रूप से शामिल किया गया है। रसोई गैस से संबंधी शिकायत मिलने पर ये टीम सख्त एक्शन ले रही है।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों की प्रदेश सरकार को पूरी चिंता है। किसी भी नागरिक को पैनिक होने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पीछे से हमारी सप्लाई पूरी आ रही है और आगे भी सप्लाई पूरी दी जा रही है। प्रदेश की स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है। नागरिकों को किसी भी प्रकार से घबराने की जरुरत नहीं है। कुरुक्षेत्र में करीब 8 हजार सिलेंडरों की लागत रोजाना हो रही थी और आज के समय में करीब 8 हजार सिलेंडर नागरिकों को दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देखने में ये आया है कि घर में मौजूद सभी सिलेंडरों को पहले ही भरवाने के लिए नागरिक एजेंसियों में पहुंच रहे हैं। तीन से चार महीने में सिलेंडर लेने वाले भी तुरंत बुकिंग करवाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि देश व प्रदेश में स्थिति पूर्णत सामान्य है। ऐसे में सरकार का सहयोग करें और पहले ही तरह ही जरूरी होने पर सिलेंडर लेने जाएं।

No comments:

Post a Comment