- आयोग द्वारा तीन दिवसीय उत्सव में मतदान के प्रति नागरिकों को संवेदनशील किया गया
- आयोग को भरोसा यह पहल स्थानीय निकायों के चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी
चंडीगढ़ - हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा पंचकूला स्थित यवनिका पार्क में तीन दिवसीय 'वसंत उत्सव' के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के मकसद से एक पवेलियन (शिविर) तैयार किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आम जन को आयोग के कामकाज के बारे में जागरूक करना था।
शुक्रवार को आरंभ हुए इस उत्सव के दौरान तीन दिनों तक शिविर पर नागरिकों को मतदान के अधिकार के बारे में जागरूक और संवेदनशील किया गया और उन्हें हर चुनाव में मतदान करने की शपथ दिलाई गई। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को पूरा भरोसा है कि यह पहल स्थानीय निकायों के चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
अपने तरह की इस अनोखी पहल के ज़रिए आयोग को विभिन्न आयु वर्ग के नागरिकों की ओर से बहुत ही उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। वसंत उत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया गया था। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के इस अनोखे शिविर का अवलोकन किया और आयोग की इस पहल की सराहना भी की।
इस अवसर पर आयोग की ओर से शिविर को अधिक ज्ञानवर्धक और आकर्षक बनाने हेतु, स्थानीय निकायों के चुनावों से संबंधित एक प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता का आयोजन किया और विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
नागरिकों को EVM के कामकाज के बारे में जागरूक करने के लिए प्रदर्शन हेतु एक डमी EVM भी शिविर में स्थापित की गई। शुक्रवार को, हरियाणा के माननीय राज्य चुनाव आयुक्त श्री देविंदर सिंह कल्याण ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया और आम जन से संवाद किया।
प्रवक्ता ने बताया कि 'वसंत उत्सव' के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने आयोग के शिविर का अवलोकन किया और हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के चुनावों के संचालन के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त की। इस शिविर के ज़रिए आयोग ज़मीनी स्तर पर नागरिकों के साथ जुड़ सकने में कायमयाब रहा।
No comments:
Post a Comment