- मेजर ध्यानचंद हाउस बना विजेता, नीरज चोपड़ा हाउस रहा उपविजेता
रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आज विभाग के सेमिनार हॉल में इंटर-डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस प्रतियोगिता में विभाग के सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता को रोचक बनाने के लिए विद्यार्थियों को चार हाउसों में विभाजित किया गया- मेजर ध्यानचंद हाउस (एम.पी.एड. चौथा सेमेस्टर), सचिन तेंदुलकर हाउस (एम.पी.एड. दूसरा सेमेस्टर), नीरज चोपड़ा हाउस (बी.पी.एड. चौथा सेमेस्टर) तथा अभिनव बिंद्रा हाउस (बी.पी.एड. दूसरा सेमेस्टर)।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रातः 11:00 बजे मुख्य अतिथि प्रो. सुधीर कुमार, अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग तथा बॉयज हॉस्टल के मुख्य वार्डन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता पाँच राउंड में आयोजित की गई, जिसमें सभी टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंततः मेजर ध्यानचंद हाउस विजेता घोषित हुआ, जबकि नीरज चोपड़ा हाउस (बी.पी.एड. चौथा सेमेस्टर) उपविजेता रहा।
मुख्य अतिथि प्रो. सुधीर कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अवसरों को पहचानना और उनका सही उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगिता में कोई हारने वाला नहीं होता, बल्कि हर प्रतिभागी अपने अनुभवों से सीखता है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. भगत सिंह ने अपने संबोधन में स्पोर्ट्स क्विज़ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निष्पक्ष खेल की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान सभी विद्यार्थियों ने उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विभाग के शिक्षक गण- डॉ. संजीव, कुलताज सिंह, डॉ. मस्तराम, शुभम, सुमित, नीलम, सोनिया एवं शोधार्थी इंदु का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
No comments:
Post a Comment