*तानाशाही रवैया छोड़ें विधायक देवेंद्र अत्री, नहीं तो झेलना पड़ेगा बड़ा आंदोलन :ऋषिपाल हैबतपुर*
*कहा-कर्तव्य का पालन करने वाले कर्मचारी को दंडित करना पूरी तरह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ*
उचाना/जींद : उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री के खिलाफ बिजली कर्मचारियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। भाजपा विधायक द्वारा अपने साथी कर्मी को डांट फटकार लगाने व उसका तबादला करवाने के विरोध में उचाना बिजली घर के गेट पर पिछले पांच दिनों से कर्मचारी बेमियादी धरने पर बैठे हैं। शुक्रवार को धरने को उस समय राजनीतिक समर्थन भी मिल गया जब कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर कर्मचारियों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री पर तीखा हमला बोला और चेतावनी दी कि वे समय रहते अपना तानाशाही रवैया सुधार लें, अन्यथा उन्हें बड़े जनआंदोलन का सामना करना पड़ेगा। धरना स्थल पर पहुंचे ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके प्रतिनिधि सत्ता के नशे में आम जनता और कर्मचारियों को दबाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के तहत बिजली विभाग के कर्मचारियों ने एक घर में बिजली चोरी पकड़ी थी, जो भाजपा विधायक का समर्थक बताया जा रहा है। इस कार्रवाई से नाराज होकर विधायक देवेंद्र अत्री ने संबंधित कर्मचारी को न केवल फटकार लगाई, बल्कि उसका तबादला भी करवा दिया।
कांग्रेस जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए बिजली चोरी पकड़ता है, तो उसे दंडित करना पूरी तरह अन्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कर्मचारियों का मनोबल टूटता है और शासन-प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी नीतियां लागू कर रही है, जिससे किसान, मजदूर, कर्मचारी और छोटे व्यापारी सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने चहेतों को खुश करने के लिए भाजपा के नेता सरकारी तंत्र का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और आम जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ पीड़ित कर्मचारियों के साथ खड़ी है। यदि कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला और उनका तबादला वापस नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी भी इस आंदोलन में पूरी ताकत के साथ शामिल होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों ने कोई बड़ा आंदोलन शुरू किया तो भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री का अपने घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।
धरने के दौरान बिजली कर्मचारियों ने भी भाजपा सरकार और विधायक देवेंद्र अत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक संबंधित कर्मचारी का तबादला रद्द नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। कर्मचारियों ने इसे न्याय की लड़ाई बताते हुए कहा कि वे किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं। धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे केवल अपने साथी कर्मचारी के साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर संगठन महासचिव पवन दुहन, जिला उपाध्यक्ष वजीर पान्नू, कोषाध्यक्ष ईशाक भट्टी, महासचिव सुरेश शर्मा, सचिव सरदार निरवेल सिंह,उचाना युवा हल्का अध्यक्ष संदीप वर्मा,धर्मबीर सुदकैन आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment