Breaking

Tuesday, April 7, 2026

मंडियों में गेहूं-सरसों की खरीद पर पैनी नजर, किसानों का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा : राजेश नागर

मंडियों में गेहूं-सरसों की खरीद पर पैनी नजर, किसानों का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा : राजेश नागर
चंडीगढ़: हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश की सभी मंडियों में गेहूं और सरसों की खरीद सुचारू रूप से चल रही है और किसानों की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार मंडियों में हो रही खरीद व्यवस्था पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि वह स्वयं कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, झज्जर और करनाल सहित कई जिलों की मंडियों का दौरा कर चुके हैं और वहां व्यवस्थापकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से प्रदेश के सभी जिलों में किसानों से गेहूं और सरसों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस बार खरीद प्रक्रिया को आधुनिक बनाते हुए किसानों के वाहनों को जियो टैगिंग से जोड़ा गया है, वहीं मंडियों में प्रवेश के लिए गेट पास जारी किए जा रहे हैं। साथ ही किसानों को बायोमेट्रिक प्रणाली से भी जोड़ा गया है, ताकि बाहरी व्यापारी किसान बनकर मंडियों में आकर प्रदेश के किसानों का हक न मार सकें।

राजेश नागर ने बताया कि सरकार केवल व्यवस्था लागू करके ही संतुष्ट नहीं है, बल्कि उसकी रोजाना समीक्षा भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की मंडियों में करीब 5000 किसान सरसों लेकर पहुंचे, जिनकी 9978 मीट्रिक टन सरसों में से लगभग 4836 मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है और बाकी की प्रक्रिया जारी है। इसी तरह करीब 1 लाख 27 हजार 312 गेट पास के जरिए 7 लाख 4 हजार 573 मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में पहुंचा, जिसमें से 1 लाख 23 हजार 373 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद पूरी हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंत्री राजेश नागर ने रसोई गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग घरेलू ईंधन की कमी की झूठी अफवाह फैलाकर जनता को परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और अब तक 19 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें 17 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस आपूर्ति कर्ताओं को भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पीएनजी कनेक्शन भी सरल नियमों के तहत उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

राजेश नागर ने बताया कि प्रदेश में प्रवासी लोगों को राहत देने के लिए 5 किलो के रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पूरी व्यवस्था नियंत्रण में है और किसी भी व्यक्ति को घबराने की जरूरत नहीं है।

No comments:

Post a Comment