खरल कन्या गुरूकुल में पढऩे वाली छात्राओं के लिए रोडवेज जींद डिपो ने एक स्पेशल बस शुरू
बस की टाइमिंग विद्यार्थियों की सुविधा अनुसार तय
विद्यार्थियों के साथ अन्य यात्री भी सफर कर सकते हैं
नरवाना : नरवाना खंड के गांव खरल स्थित शिक्षण संस्थान में पढऩे वाले विद्यार्थियों के लिए रोडवेज जींद डिपो ने एक स्पेशल बस चलाई है। हालांकि इसमें विद्यार्थियों के साथ अन्य यात्री भी सफर कर सकते हैं लेकिन बस की टाइमिंग विद्यार्थियों की सुविधा अनुसार तय की गई है। बस जींद से सुबह लगभग साढ़े सात बजे जाती हैए जो नरवाना से आगे लिंक रोड पर खरल जाती है। खरल से यात्रियों को लेकर बस जींद पहुंचेगी। इसके बाद दिन में बस दूसरे रूट पर चक्कर लगाएगी। फिर दोपहर बाद तीन बजे बस जींद से वापस खरल की ओर जाएगी। ऐसे में यह बस चलाए जाने पर यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
जींद से खरल की दूरी लगभग 50 किलोमीटर है। जींद से बस चल कर वाया खटकड़, उचाना, नरवाना होते हुए बेलरखां, हमीरगढ़ होते हुए खरल पहुंचेगी। खरल गांव में कन्या गुरुकुल है। ऐसे में यह बस चलने से जहां एक ओर छात्राओं को लाभ होगा वहीं दूसरी ओर अन्य ग्रामीणों को भी गांव से नरवाना, उचाना व जींद शहर आवागमन करने में आसानी होगी। ग्रामीणों ने मांग की थी कि इस रूट पर स्पेशल बस चलाई जाए। क्योंकि जींद से नरवाना रूट पर रेवले ट्रैक पर भी खरल का स्टापेज नहीं है। अगर यात्री नरवाना ट्रेन से खरल जाते हैं तो उन्हें बस या अन्य वाहन से लिफ्ट लेकर जाना पड़ता है। ऐसे में अब जींद से खरल के लिए यह स्पेशल बस शुरू की गई है।
पहले जींद से घोघडिय़ां रूट पर भी चलाई थी बस
यात्रियों की मांग पर पिछले दिनों मार्च महीने के बीच में रोडवेज जींद डिपो ने छात्राओं के लिए घोघडिय़ां के लिए स्पशेल बस चलाई है। यह बस सुबह सात बजे जींद बस स्टैंड से रवाना होती है। घोघडिय़ां से सुबह आठ बजे छात्राओं को लेकर जींद के लिए रवाना होती है। फिर दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर जींद से बस घोघडिय़ां के लिए दोबारा रवाना होती है, जो लगभग साढ़े तीन बजे घोघडिय़ां पहुंचती है। इसके बाद बस वहां से जींद के लिए रवाना होती है।
जींद बस अड्डा के डीआई सुनील ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर जींद से खरल के लिए बस चलाई गई है। इससे गांव की छात्राओं के साथ-साथ अन्य ग्रामीणों को भी शहर आने जाने में सुविधा होगी। रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जाए।
No comments:
Post a Comment