चंडीगढ़ : प्रयागराज महाकुंभ मेले में चर्चा में आए IITian बाबा अभय सिंह ने शादी कर ली है। पत्नी का नाम प्रतीका है। ये खुलासा खुद IITian बाबा ने सोमवार को किया। वह लंबे समय बाद परिवार से मिलने झज्जर पहुंचे।
अभय सिंह के साथ उनकी पत्नी भी थीं। अभय सिंह ने बताया कि दोनों ने 15 फरवरी को शिवरात्रि पर हिमाचल के अघंजर मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज भी की।
भगवा कपड़े पहने अभय सिंह पहले बैंक गए। वहां से एडवोकेट पिता के चैंबर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा- “हम दोनों अपनी जिंदगी से खुश हैं। फिलहाल सादगी से रह रहे हैं। अध्यात्म की तरफ रुझान होने से पहले कभी मैं भी इस चैंबर में बैठकर पिता की एप्लीकेशन चेक कर लेता था। पत्नी मूलरूप से कर्नाटक की हैं। वह भी इंजीनियर हैं। हम हिमाचल के धर्मशाला में रह रहे हैं।”
अभय सिंह मूलरूप से झज्जर के सासरौली गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता कर्ण सिंह वकील हैं और झज्जर बार एसोसिएशन के प्रधान भी रह चुके हैं। बॉम्बे IIT से एयरो स्पेस इंजीनियरिंग करने वाले अभय सिंह प्रयागराज महाकुंभ में संन्यासी वेश में नजर आने के बाद देश-विदेश में चर्चा में आए।
No comments:
Post a Comment