Big Breaking :हरियाणा बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2026 घोषित: 89.60% रहा पास प्रतिशत, छात्राओं ने फिर मारी बाज़ी; चरखी दादरी टॉप जिला, दीपिका बनीं राज्य टॉपर
चंडीगढ़ : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा की नियमित और मुक्त विद्यालय (ओपन स्कूल) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार द्वारा परिणाम जारी किए गए, जिसमें एक बार फिर छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी।
इस वर्ष नियमित परीक्षार्थियों का कुल पास प्रतिशत 89.60% रहा, जबकि मुक्त विद्यालय (फ्रेश) का परिणाम केवल 11.17% दर्ज किया गया।
*छात्राओं का शानदार प्रदर्शन*
परिणाम में छात्राओं ने 91.64% पास प्रतिशत के साथ छात्रों (87.69%) को पीछे छोड़ दिया। इस तरह छात्राओं ने 3.95% की बढ़त हासिल की। निजी स्कूलों का परिणाम 92.45% रहा, जो सरकारी स्कूलों (87.23%) की तुलना में बेहतर रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों (90.25%) ने शहरी क्षेत्र (87.94%) से बेहतर प्रदर्शन किया।
*जिलों का प्रदर्शन*
जिलों की रैंकिंग में इस बार चरखी दादरी ने पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद जींद दूसरे और महेंद्रगढ़ तीसरे स्थान पर रहा, जबकि नूंह जिले का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा। कुल 16 विद्यार्थियों ने टॉप तीन स्थानों में जगह बनाई।
*राज्य टॉपर दीपिका*
भिवानी के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मिरान की छात्रा दीपिका ने 499 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया। वहीं 498 अंकों के साथ रोनक, खुशी, अंतु और दीपांशु ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान पाया, जबकि 497 अंकों के साथ 11 विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
*अन्य परिणाम*
स्वयंपाठी विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 70.02% रहा, जबकि मुक्त विद्यालय (रि-अपीयर) का परिणाम 47.64% दर्ज किया गया। डी.एल.एड. परीक्षाओं के परिणाम भी घोषित किए गए, जिनमें विभिन्न वर्षों के परिणाम 62.50% से 81.76% तक रहे।
*रिजल्ट ऐसे देखें*
परीक्षार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in
या results.digilocker.gov.in पर रोल नंबर और जन्मतिथि के माध्यम से देख सकते हैं। जो छात्र पुनर्मूल्यांकन या रीचेकिंग कराना चाहते हैं, वे परिणाम जारी होने के 20 दिन के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment