Breaking

Friday, May 8, 2026

जींद शहर में बने डिवाइडर बने जानलेवा, प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने उठाई सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग

जींद शहर में बने डिवाइडर बने जानलेवा, प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने उठाई सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग
जींद : शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर बने दजर्नों डिवाइडर इन दिनों वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनते जा रहे हैं। इन डिवाइडरों पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रेडियम पट्टियां और रिफ्लेक्टर न होने के कारण आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे हो रहे हैं। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के दौरान वाहन चालकों को डिवाइडर समय पर दिखाई नहीं देते जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

अग्रवाल समाज के प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल का कहना है कि सुरक्षा इंतजाम न होने की वजह से कई बार बाइक सवार, कार चालक व अन्य वाहन अचानक डिवाइडर से टकरा जाते हैं। कुछ हादसों में लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा जिसके चलते लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। गोयल ने इस गंभीर समस्या को उठाते हुए प्रशासन से मांग की है कि शहर के मुख्य मार्गों पर बने सभी डिवाइडरों के आसपास जल्द से जल्द बड़े चेतावनी साइन बोर्ड, रेडियम पट्टियां और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को दूर से ही डिवाइडर की जानकारी मिल सके और हादसों को रोका जा सके।

गोयल ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि जींद शहर में दिनभर भारी वाहनों सहित हजारों वाहन गुजरते है ऐसे में सड़क पर सुरक्षा संकेतकों का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कदम उठाए ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों और वाहन चालकों से भी अपील की कि वे सड़क पर सावधानी बरतें और तेज गति से वाहन न चलाएं।


No comments:

Post a Comment