जीन्द : जींद में 21 वर्षीय गौरव जैन की स्विमिंग पूल में गिरने से हुई संदिग्ध मौत के मामले पर अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुखद घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में एक होनहार युवक का यूं असमय चले जाना पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। राजकुमार गोयल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि गौरव अपने पिता का इकलौता बेटा था और इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि माता पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इस कठिन समय में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। राजकुमार गोयल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोग इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं।
No comments:
Post a Comment