SDM अनुप्रीत कौर रंधावा हुईं अरेस्ट, ₹1 करोड़ 63 लाख के गबन का आरोप, पंजाब के गुरदासपुर में एक्शन
Anupreet Kaur Randhawa pcs: पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए PCS अधिकारी और SDM अनुप्रीत कौर रंधावा को उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम सुबह करीब 7 बजे उनके घर पहुंची और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया.
यह मामला जम्मू-कश्मीर-राजस्थान हाईवे परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के मुआवजे में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है. जांच एजेंसियों को शक है कि मुआवजा राशि के वितरण में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं.
सूत्रों के अनुसार, अनुप्रीत कौर रंधावा पर करीब 1 करोड़ 63 लाख रुपए के गबन के आरोप हैं. इसी मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में कई अन्य खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही हैं. इससे पहले तरनतारन ज़िले में पहले एसडीएम के पद पर तैनात रहीं अनूप्रीत कौर पर ज़मीन अधिग्रहण घोटाले में सरकारी खजाने से लाखों की हेराफेरी करने का मामला दर्ज किया गया था.
पंजाब सिविल सर्विस (PCS) अधिकारी होने के नाते उन्हें इससे पहले सितंबर 2019 में ज़मीन मुआवजे के घोटाले में पांच अन्य लोगों के साथ आरोपी बनाया गया था. एक जांच में यह पाया गया था कि ₹1.6 करोड़ का मुआवजा धोखाधड़ी करके उन पांच सह-आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया था, जिनकी ज़मीन राजमार्ग के लिए कभी अधिग्रहित ही नहीं की गई थी.
अनूप्रीत जनवरी 2018 से फरवरी 2019 तक ज़मीन अधिग्रहण के लिए सक्षम प्राधिकारी (CALA) के पद पर तैनात थीं. मामला दर्ज होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था. आगे की जांच में इस घोटाले की कुल रकम ₹3.91 करोड़ आंकी गई है।
No comments:
Post a Comment