Breaking

Tuesday, June 23, 2026

*डिटेक्टिव स्टाफ जींद की बड़ी कार्रवाई*, *1800 पव्वे अवैध देसी शराब सहित एक आरोपी गिरफ्तार*

डिटेक्टिव स्टाफ जींद की बड़ी कार्रवाई*, 
*1800 पव्वे अवैध देसी शराब सहित एक आरोपी गिरफ्तार*
जींद : पुलिसअधीक्षक जींद कुलदीप सिंह भा पु से के कुशल दिशा-निर्देशानुसार अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डिटेक्टिव स्टाफ जींद की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध देसी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
डिटेक्टिव स्टाफ जींद के इंचार्ज निरीक्षक मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम गश्त व अपराध रोकथाम ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सफेद रंग की आई-20 कार में अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर गांव भनभौरी से मखंड की ओर आने वाला है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने मखंड नहर पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ समय बाद बताए गए वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन चालक की पहचान सत्यवान उर्फ लाला पुत्र चन्दन निवासी गांव कापड़ो, जिला हिसार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से कुल 36 पेटियों में 1800 पव्वे देसी शराब बरामद किए गए। इनमें 1100 पव्वे देसी शराब मार्का “Masti Malta” तथा 700 पव्वे देसी शराब मार्का “Shahi” शामिल हैं।
पुलिस द्वारा आरोपी से शराब संबंधी लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद नियमानुसार शराब को कब्जे में लेकर नमूने सील किए गए तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।
आरोपी के खिलाफ थाना उचाना में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद शराब एवं वाहन को पुलिस कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
जींद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नशा तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment