Breaking

Saturday, September 5, 2026

शक्ति प्रोजेक्ट बेटियों को कौशल, आत्मविश्वास और उद्यमिता से बनाएगा आत्मनिर्भर :- राजकुमार भोला

शक्ति प्रोजेक्ट’ के लिए बेटियों के साक्षात्कार आयोजित, दर्जनों प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

उद्यमिता के लिए प्रतिभागियों के विजन और आत्मविश्वास को परखा गया, सोमवार को भी जारी रहेंगे साक्षात्कार

शक्ति प्रोजेक्ट बेटियों को कौशल, आत्मविश्वास और उद्यमिता से बनाएगा आत्मनिर्भर :-  राजकुमार भोला
जींद : महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद द्वारा महिलाओं एवं बेटियों को आधुनिक तकनीकी कौशल, उद्यमिता एवं नेतृत्व के क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए शक्ति प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रशिक्षण के लिए आज साक्षात्कार आयोजित किए गए। अर्बन एस्टेट स्थित महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के कार्यालय में आयोजित साक्षात्कार में जींद क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं एवं लड़कियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान प्रतिभागियों की उद्यमिता के प्रति रुचि, भविष्य की सोच, आत्मविश्वास, सीखने की इच्छा एवं अपने लिए नए अवसर तैयार करने के विजन को समझने का प्रयास किया गया। प्रतिभागियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों, तकनीकी कौशल सीखने की रुचि तथा स्वयं का रोजगार या उद्यम शुरू करने से संबंधित विचारों पर भी चर्चा की गई। साक्षात्कार समिति में ट्रिपल डैश इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मनदीप गुप्ता एवं महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार भोला , आईटी हैड अंकिता खटकड़ शामिल रहे। समिति द्वारा प्रत्येक प्रतिभागी से संवाद करते हुए उनकी प्रतिभा, रुचि एवं उद्यमिता संबंधी विजन को जानने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष राजकुमार भोला ने कहा कि शक्ति प्रोजेक्ट का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि बेटियों के भीतर छिपी प्रतिभा और उद्यमिता की क्षमता को पहचानकर उसे सही दिशा देना है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान बना सकती हैं। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि रोजगार देने वाली उद्यमी भी बन सकती हैं।
ट्रिपल डैश इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मनदीप गुप्ता ने कहा कि साक्षात्कार के दौरान प्रतिभागियों में सीखने की उत्सुकता और आगे बढ़ने की इच्छा देखने को मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में एआई, ब्लॉकचेन, वेब 3.0, डिजिटल कौशल एवं उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में युवतियों के लिए अनेक नए अवसर उपलब्ध हैं। शक्ति प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रतिभागियों को इन अवसरों से जोड़ने और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक तकनीक के साथ-साथ महिला उद्यमिता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता, डिजिटल अवसरों एवं उद्योग आधारित व्यावहारिक कौशल की जानकारी प्रदान की जाएगी।
*सोमवार को भी जारी रहेंगे साक्षात्कार*

शक्ति प्रोजेक्ट के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया सोमवार को भी जारी रहेगी। चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य एवं इच्छुक प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें परियोजना के अंतर्गत निर्धारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह पहल बेटियों को तकनीकी रूप से सक्षम, आत्मनिर्भर, उद्यमी एवं भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

No comments:

Post a Comment