प्रदेश में सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, जींद में भी सफाई कर्मचारियों ने धरना समाप्त किया
राज्य स्तर पर बनी सहमति के बाद यूनियन का फैसला, अब शहर में नियमित रूप से होगा सफाई कार्य
जींद : प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। इसके बाद जींद में रानी तालाब पर चल रहा सफाई कर्मचारियों ने भी अपना धरना खत्म करने की घोषणा कर दी है। सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान सोहनलाल ने बताया कि राज्य स्तर पर यूनियन पदाधिकारियों और सरकार के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। सोहनलाल ने कहा कि बातचीत के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लागू करने पर सहमति बनी है। सरकार की ओर से मांगें मानने की बात सामने आने के बाद यूनियन ने आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अब कर्मचारी शहर में नियमित रूप से सफाई कार्य करेंगे।
शहर में फिर नियमित होगी सफाई व्यवस्था
हड़ताल के कारण पिछले कई दिनों से शहर में जगह.जगह कूड़े के ढेर लगे हुए थे और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कर्मचारियों के काम पर लौटने से अब सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की उम्मीद है। सबसे पहले लंबे समय से जमा कूड़े को उठाने और प्रमुख स्थानों की सफाई पर जोर दिया जाएगा। यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार द्वारा मांगें माने जाने पर खुशी जताई और कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद है कि सहमति के अनुसार सभी मांगों को जल्द लागू किया जाएगा। कर्मचारियों के काम पर लौटने से शहरवासियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला नगर आयुक्त अनिल दून ने कहा, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो चुकी है। शहर में जहां- जहां कूड़ा जमा है, उसको जल्द उठवा कर डंपिंग साइट पर पहुंचाया जाएगा। शहर के कई वार्डों में ठेकेदार के कर्मचारी सफाई करते हैं। वहीं जिन वार्डों में हड़ताल के कारण सफाई नहीं हो पा रही थी, वहां शनिवार से सफाई का काम शुरू हो जाएगा।
No comments:
Post a Comment