Breaking

Sunday, September 13, 2026

रिंग रोड बनने से जींद शहर को जाम से मिलेगी मुक्ति, दिल्ली से बढ़ेगी कनेक्टिविटी : डा. मिड्ढा

...जींद रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर सरकार ने दी 50 प्रतिशत रुपयों की स्वीकृति

रिंग रोड के लिए डिप्टी स्पीकर ने की लगातार पैरवी

रिंग रोड बनने से जींद शहर को जाम से मिलेगी मुक्ति, दिल्ली से बढ़ेगी कनेक्टिविटी : डा. मिड्ढा
जींद: जींद के लोगों के लिए खुशखबरी है। रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर सरकार ने 50 प्रतिशत रुपयों की स्वीकृति दे दी है। इससे रिंग रोड के लिए जिन भी लोगों की जमीन अधिग्रहित होगी, उन्हें रुपये मिल जाएंगे और जींद को रिंग रोड की सौगात जमीनी स्तर पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे शहर पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और भारी वाहन भी बाहर से जा सकेंगे। इसके साथ ही जींद में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने में मदद मिलेगी और जींद की दिल्ली से कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। जींद विकास के नाए आयाम छुएगा। 
रिंग रोड के लिए डिप्टी स्पीकर ने की लगातार पैरवी
रिंग रोड की योजना को सिरे चढ़ाने के लिए हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने लगातार पैरवी की। उन्होंने गत माह लगातार दो बार केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। मानसून सत्र के दौरान जींद के रिंग रोड को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी के समक्ष भी मुद्दा रखा था। दोनों के बीच रिंग रोड को लेकर गहन चर्चा हुई थी। 
अब मुख्यमंत्री नायब सैनी की मंजूरी के बाद यह परियोजना जमीन पर उतरेगी। 
तीन साल पहले डिप्टी स्पीकर ने उठाई थी मांग
तीन साल पहले भाजपा द्वारा सोनीपत में आयोजित की गई गौरवशाली भारत रैली में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं जींद विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा द्वारा जींद के लिए रिंग रोड की मांग की गई थी। जिस पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मोहर लगा दी थी। रैली में केंद्रीय मंत्री ने मंच से घोषणा की थी कि जींद विधानसभा में प्रस्तावित जींद बाईपास नरवाना रोड से रोहतक रोड वाया जुलानी, ईक्कस के लिए रिंग रोड का निर्माण करवाया जाएगा। बाकायदा डा. कृष्ण मिड्ढा ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को पत्र लिख कर मांग की थी कि जींद विधानसभा क्षेत्र में जींद बाईपास नरवाना रोड से रोहतक रोड वाया जुलानी, ईक्कस शहर के रिंग रोड का निर्माण करवाया जाए। रोहतक रोड से नरवाना रोड तक एनएचएआई द्वारा निर्मित किया गया है तथा पंजाब, कैथल, नरवाना, टोहाना, फतेहाबाद से आने वाले वाहन जींद शहर से होकर गुजरते हैं। जिससे शहर पर वाहनों का दबाव बढ गया है। इसलिए जींद वासियों के हित को देखते हुए जींद के रिंग रोड का निर्माण किया जाए। 
इन गांवों से गुजरेगा रिंग रोड
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि अब प्रस्तावित रिंग रोड नरवाना रोड से शुरू होकर जुलानी, राजपुरा, ईक्कस, किनाना, जलालपुर खुर्द व कलां समेत करीब 10 गांवों की सीमा को छूते हुए रोहतक रोड की तरफ जाएगा। शहर से निकलने वाली प्रमुख सड़कें भी इससे जोड़ी जाएंगी। इससे वाहन चालकों को एक सड़क से दूसरी सड़क पर जाने के लिए शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा और जींद शहर को जाम से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी। 
हांसी-बरवाला जाने वाले वाहन शहर से बाहर निकलेंगे
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि जींद में बनने वाले रिंग रिंग रोड का सबसे बड़ा फायदा जींद शहर को होगा। नरवाना, कैथल, बरवाला, हांसी, भिवानी और रोहतक की तरफ जाने वाले ऐसे वाहनों को, जिन्हें शहर में काम नहीं है, बाहर से ही आगे निकलने का रास्ता मिल जाएगा। खासकर भारी वाहनों की शहर के अंदर आवाजाही कम होने से मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों पर जाम का दबाव घटेगा।
रिंग रोड बनने से जींद शहर को जाम से मिलेगी मुक्ति : डा. मिड्ढा
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि रिंग रोड जमीन अधिग्रहण को लेकर 50 प्रतिशत रुपयों की स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल तथा मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार अंत्योदय की योजना पर काम कर रही है। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार का एक ही मकसद है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक के व्यक्ति को मिले। जिसका सार्थक परिणाम प्रदेश में सबको नजर आने लगा है। अब शहर में रिंग रोड बनने से जींद के विकास की गति का पहिया पहले से भी तेज घूमेगा।

No comments:

Post a Comment