Breaking

Saturday, September 19, 2026

तरुण भंडारी के नेतृत्व में नमो क्रिकेट लीग का आगाज, जींद जोन संयोजक बंटी दालमवाला बोले—‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’

तरुण भंडारी के नेतृत्व में नमो क्रिकेट लीग का आगाज, जींद जोन संयोजक बंटी दालमवाला बोले—‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’

गोसाईं खेड़ा में 60 टीमें लेंगी हिस्सा, विजेता टीम पंचकूला में खेलेगी; 21 लाख रुपये का पुरस्कार
जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कड़ी में शनिवार को जुलाना उपमंडल के गांव गोसाईं खेड़ा स्थित हरियाणा नेशनल क्रिकेट अकादमी के खेल मैदान में नमो क्रिकेट लीग का शुभारंभ हुआ। ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ के संदेश के साथ आयोजित लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे और अपराध से दूर रखना है।
नमो क्रिकेट लीग का आयोजन तरुण भंडारी के नेतृत्व में किया जा रहा है, जबकि बंटी दालमवाला जींद जोन के संयोजक हैं। जींद जोन में कुल 60 टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। जोन की विजेता टीम को पंचकूला में होने वाली प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। पंचकूला स्तर पर विजेता टीम के लिए 21 लाख रुपये का पुरस्कार रखा गया है।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उचाना विधायक देवेंद्र अत्री, कैप्टन योगेश बैरागी, जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, संजीव गगवा, कुलदीप रंधावा, गोविंद सैनी, रमेश ढिल्लों, लड्डू मंडी और स्वीन रेढ़ू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
खेलों से युवाओं को मिलेगी सकारात्मक दिशा

मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को खेलों से जोड़ना जरूरी है। खेल मैदान युवाओं में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। भविष्य में क्रिकेट के साथ अन्य खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, ताकि युवा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहें।
बंटी दालमवाला बोले- युवाओं को खेलों से जोड़ना उद्देश्य

जींद जोन के संयोजक बंटी दालमवाला ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करना और उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश देना है। ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ के संदेश के साथ जींद जोन में 60 टीमें मैदान में उतरेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।
कांग्रेस के आरोपों पर बड़ौली का पलटवार

कांग्रेस द्वारा सरकार पर वादे पूरे नहीं करने के आरोपों पर बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपनी आंखों और कानों की जांच करवानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के 217 संकल्पों में से 72 पूरे किए जा चुके हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने 2027 में पंजाब में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। युवाओं को अपराध और नशे से दूर रखने के लिए ऐसे खेल आयोजनों को बढ़ावा देना जरूरी है।

No comments:

Post a Comment