इनर व्हील जींद यूनाइटेड क्लब के दो सेवा प्रोजेक्ट, बच्चों ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
कला प्रतियोगिता में 35 बच्चों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित;
जरूरतमंद बालिका की फीस और पढ़ाई का सामान भी क्लब ने उठाया
जींद : इनर व्हील जींद यूनाइटेड क्लब की ओर से सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंद बच्चों की मदद के उद्देश्य से दो सेवा प्रोजेक्ट आयोजित किए गए। पहले प्रोजेक्ट के तहत क्रिएटिव कॉर्नर स्कूल के बच्चों के लिए नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत कला प्रतियोगिता करवाई गई। वहीं दूसरे प्रोजेक्ट में एक जरूरतमंद परिवार की बालिका की शिक्षा में सहयोग करते हुए उसे स्कूल बैग, जूते-जुराबें और पूरे वर्ष की फीस उपलब्ध करवाई गई।
नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित कला प्रतियोगिता में करीब 35 बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को क्लब की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
क्लब सेक्रेटरी नैंसी बत्रा ने मंच से प्रतियोगिता के विजेता बच्चों के नामों की घोषणा की। इस दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें सामाजिक जागरूकता के कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक होने का संदेश
क्लब अध्यक्षा मंजु मानव ने बच्चों को संबोधित करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और अपने परिवार में भी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि यदि उनके घर में कोई व्यक्ति नशे का सेवन करता है तो वे उसे नशा छोड़ने के लिए समझाएं।
उन्होंने कहा कि बच्चों की बात का अभिभावकों पर प्रभाव पड़ता है। इसलिए बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को नशे के नुकसान के बारे में जागरूक कर समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
जरूरतमंद बालिका की पढ़ाई में क्लब ने दिया सहयोग
इनर व्हील जींद यूनाइटेड क्लब की ओर से दूसरे सेवा प्रोजेक्ट के तहत एक गरीब परिवार की बालिका की शिक्षा में सहयोग किया गया। क्लब ने बालिका को स्कूल बैग, जूते और जुराबें उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पूरे वर्ष की स्कूल फीस भी प्रदान की।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से बालिका की शिक्षा जारी रखने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया गया, ताकि उसकी पढ़ाई में कोई व्यवधान न आए।
इस अवसर पर इनर व्हील जींद यूनाइटेड क्लब की अध्यक्षा मंजु मानव, सेक्रेटरी नैंसी बत्रा, एडिटर अंजना रेढू, पूर्व अध्यक्ष हिमानी गुप्ता, सलाहकार समिति की सदस्य डॉ. वीना बहल, मीरा अरोड़ा सहित स्कूल टीम के सभी सदस्य मौजूद रहे।
क्लब की ओर से आयोजित दोनों प्रोजेक्ट में बच्चों को नशे से दूर रहने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
No comments:
Post a Comment