Breaking

Friday, September 19, 2025

September 19, 2025

किलाजफरगढ़ व सफीदों के दो प्राचीन व ऐतिहासिक किलों के जिर्णोद्धार के कार्य का हुआ शिल्यानास

किलाजफरगढ़ व सफीदों के दो प्राचीन व ऐतिहासिक किलों के जिर्णोद्धार के कार्य का हुआ शिल्यानास

सेवा पखवाड़े के तहत जिला स्तर पर डीसी ने किया शिलान्यास कार्य का शुभारंभ 

दोनों ऐतिहासिक किलों के सौंदर्यकरण पर खर्च होंगे करीब 12 करोड़ 31 लाख रुपये

चूना आधारित मोर्टार और स्थिरीकरण तकनीकों का उपयोग कर दीवारों की होगी मरम्मत
जींद : सेवा पखवाड़े के तहत जिला के किलाजफरगढ़ तथा सफीदों किला के जिर्णोद्धार के कार्य का शिलान्यास गुरूवार को वर्चुअल तरीके से विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरंविंद शर्मा ने नारनौल में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से किया। जिला स्तर पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सफीदों व किलाजफरगढ के ऐतिहासिक किलों के जिर्णोद्धार व सौंदर्यकरण के कार्यों का विधिवत रूप से शिलान्यास किया। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा ऐतिहासिक धरोहरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेवा पखवाड़े के तहत पर्यटन विभाग द्वारा जिला के दो ऐतिहासिक धरोहरों का जिर्णोद्धार व सौंदर्यकरण किया जाएगा। 
किलों के सौंदर्यकरण पर खर्च होंगे करीब 12 करोड़ 31 लाख रुपये
किलाजफरगढ के किले पर लगभग पांच करोड़ 53 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसी प्रकार सफीदों के फोर्ट पर करीब छह करोड़ 78 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की सभी ऐतिहासिक धरोहरों को सरंक्षित रखा जाए ताकि आने वाली पीढिय़ां अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सकें। इन लुप्त हो रही ऐतिहासिक धरोहरों का जिर्णोद्धार तथा सौंदर्यकरण करके इन्हें पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा। इन धरोहरों के जिर्णोद्धार कार्य में पारंपरिक तरीकों से सामग्री का उपयोग करके संरचनात्मक मूल्यांकन कर जरूरत अनुसार सुदृढ़ किया जाएगा। 
चूना आधारित मोर्टार और स्थिरीकरण तकनीकों का होगा उपयोग 

चूना आधारित मोर्टार और स्थिरीकरण तकनीकों का उपयोग करके दीवारों की मरम्मत की जाएगी। क्षतिग्रस्त चूने के प्लास्टर को हटा कर पारंपरिक तकनीकों का उपयोग करके पुन: लगाया जाएगा। इसके अलावा क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत कर उसे मूल रूप से मेल खाती सामग्री में बदला जाएगा। इन दोनों धरोहरों में आवश्यक सुविधाएं शौचालय, बेंच, छायादार क्षेत्र स्मारक में भी लाइट व्यवस्थाए सुरक्षा के लिए ग्रिलए चारों तरफ की दीवार का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर एचएसआरडी के कार्यकारी अभियंता शशांकए प्रवीण परूथी आदि मौजूद रहे।
September 19, 2025

लिंक को क्लिक करना पडा मंहगा, खाते से 2.33 लाख गायब

लिंक को क्लिक करना पडा मंहगा, खाते से 2.33 लाख गायब
ऑनलाइन ट्रेडिंग मे उलझा लगाया 8.33 लाख का चूना
महिला के खाते से गायब हुए 2.17 लाख, धोखाधडी का मामला दर्ज 
साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला 
जींद : मोबाइल फोन पर आए लिंक को क्लिक करना एक व्यक्ति मंंहगा पड़ गया। साइबर ठग ने व्यक्ति के क्रेडिट खाते से दो लाख 33 हजार 864 रुपये की राशि को ट्रांसफर कर लिया। साइबर थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। 
गांव नगर निवासी तरूण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत सात सितंबर को उसके मोबाइल फोन पर लिंक आया हुआ था। जिसके क्लिक करने के साथ उसका फोन हैक हो गया। जिसके बाद उसके क्रेडिट खाते से दो लाख 33 हजार 864 रुपये की राशि गायब हो गई। साइबर थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग मे उलझा लगाया 8.33 लाख का चूना
गांव दबलैन निवासी अनिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत पांच सितंबर को उसके व्हाट्सअप पर लिंक आया हुआ था। जिसके खोलने पर वह एक गु्रप से जुड़ गया। जिसमें ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा बताया गया। झांसें में आकर उसने गु्रप को ज्वायन कर लिया। जिसके साथ उसका अकाउंट भी बना दिया। जिसके बाद उसने निवेश करना शुरू कर दिया। आईडी वायलेट मे अच्छा मुनाफा दिखाया जाने लगा। उसके निवेश करने का सिलसिल आठ सितंबर तक जारी रहा। जब भी राशि निकलवाने की कोशिश करता कोई न कोई बहाना बना कर उससे निवेश करवाया जाता रहा। जब तक वह संभलता तब तक वह आठ लाख 80 हजार रुपये लगा चुका था। उसकी राशि वापस देने की बजाय उस पर और राशि निवेश का दबाव बनाया जाता रहा। जिस पर उसे ठगी का अहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने अनिल की शिकायत पर आरोपित अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के खाते से गायब हुए 2.17 लाख, धोखाधडी का मामला दर्ज 

सैक्टर आठ निवासी पूनम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 19 अगस्त से 24 अगस्त तक उसके खाते से दो लाख 17 हजार 152 रुपये गायब हो गए। जबकि उसने न तो कोई लिंक शेयर किया और न ही बैंक खाते से संबंधित कोई जानकारी किसी से शेयर की। उसके खाते से राशि गायब होने के संदेश भी नही आए। बावजूद इसके उसके खाते से राशि गायब हो गई। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
September 19, 2025

दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
जींद : हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना 2025 शुरू कर रही है। यह योजना पूरे प्रदेश में 25 सितंबर को 2025 से लागू होगी। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत हर पात्र महिला को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता सीधे उसके बैंक खाते में दी जाएगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान करना और उन्हें समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ वही महिलाएं ले पाएंगी जिनकी उम्र 23 वर्ष या उससे अधिक है। जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं है और जो स्वयं या उनके पति पिछले 15 वर्षों से हरियाणा में रह रहे हैं। विशेष बात यह है कि एक ही परिवार की एक से अधिक महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले सकती हैं। हालांकि जो महिलाएं पहले से किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन या वित्तीय सहायता योजना जैसे वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि का लाभ ले रही हैं, सरकारी सेवा में कार्यरत हैं या आयकरदाता हैंए वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। उन्होंने बताया कि योजना का आवेदन केवल लाड़ो लक्ष्मी एप के माध्यम से किया जाएगा। जो एंड्रॉइड और आईफोन दोनों पर उपलब्ध है। आवेदन के समय आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय संबंधी जानकारी,  बैंक खाता विवरण आदि देना आवश्यक होगा। सभी आवेदन क्रिड विभाग द्वारा जांचे जाएंगे और पात्रता की पुष्टि होने पर लाभ सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा। योजना के तहत हर माह नियमित भुगतान मिलता रहे, इसके लिए लाभार्थियों को एप पर लाइवनेस टेस्ट (फेस ऑथेंटिकेशन) करना अनिवार्य होगा। यदि किसी लाभार्थी को आवेदन या भुगतान से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह सीधे लाड़ो लक्ष्मी एप पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती है।
यह योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगी। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे समय पर ऐप के माध्यम से अपना पंजीकरण कराकर इस योजना का लाभ अवश्य उठाए।
September 19, 2025

रक्तदान करने से शरीर को कई तरह के भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं : डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा


रक्तदान करने से शरीर को कई तरह के भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं : डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा
जींद : शिविर में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्मों के लोगों ने रक्तदान कर की मिसाल कायम
नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस ने माता-पिता की स्मृति में आयोजित किया नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस ने माता-पिता की स्मृति में आयोजित किया तीसरा रक्तदान शिविर 
नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला द्वारा अपने स्व. पिता दौलतराम व माता शाणी देवी की स्मृति में शुक्रवार को हिंदू कन्या महाविद्यालय के सामने सेवा सदन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्मों के लोगों ने एकसाथ रक्तदान कर जहां मिसाल कायम की वहीं शहर के समाजसेवियों, चिकित्सकों, गणमान्य लोगों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया और रक्तदान किया। शिविर में रक्तदान को लेकर इतना उत्साह था कि एक-एक कर 151 रक्त यूनिट एकत्रित हो गई। शिविर आयोजक डा. भोला व उनके परिवार के सदस्यों ने भी रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरी तन्मयता से अपनी डयूटी निभाई रक्त का संग्रहण किया। रक्तदान शिविर की खास बात यह रही कि इसमें न कोई मुख्यअतिथि था और न ही कोई विशिष्ठ अतिथि। हर कोई आमजन की तरह रक्तदान शिविर में पहुंचा और रक्तदान किया।
शिविर में रक्तदाताओं का हौंसाल बढ़ाते हुए डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, सीएमओ डा. सुमन कोहली, जयभगवान बैरागी, सीता राम, मुकेश राठोड़, सुभाष अनेजा, राजकुमार गोयल, राजकुमार भोला, विनोद कुमार, कमलेश, सीमा भोला, ऊषा, रितेन, अर्षति, सुरेंद्र चौहान, शिवचरण शर्मा ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर को कई तरह के भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। इससे जहां तनाव कम होता है वहीं भावनात्मक स्वास्थ्य में सुधार होता है। सभी मुख्यअतिथियों ने रक्तदाताओं की हौंसलाअफजाही करते हुए कहा कि ब्लड डोनेशन के दौरान शारीरिक जांच होती है जिससे अपने स्वास्थ्य के बारे में पता चलता है। नेगेटिव भावनाओं से छुटकारा पाने में मदद मिलती है। डा. भोला की पत्नी सीमा भेला, बेटे कार्तिक भोला, बहन कमलेश, ऊषा, रितेन ने कहा कि रक्तदान करने से किसी का बहुमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। रक्तदान एक महादान है तथा मानव को अपने जीवन में रक्तदान कर पुण्य कमाना चाहिए। इससे बहुमूल्य जिंदगियों को बचाया जा सकता है। रक्तदान से शरीर पर किसी प्रकार का विपरित प्रभाव नहीं पड़ता। शिविर के आयोजक डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला, सीमा भोला ने कहा कि रक्तदान शिविर में जहां रक्तदाताओं को रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया वहीं कन्या भ्रूण हत्या, पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक मतदान व कन्या भ्रूण हत्या न करने को लेकर भी शपथ दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य का कार्य नहीं है और हर व्यक्ति खासकर युवाओं को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

September 19, 2025

हरियाणा में गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर लगा बैन, बेचने पर 10 लाख का जुर्माना

हरियाणा में गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर लगा बैन, बेचने पर 10 लाख का जुर्माना 
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने प्रदेश में गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर एक साल के लिए पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का बड़ा निर्णय लिया है। खाद्य एवं औषधि विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार अब इन उत्पादों का निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री नहीं की जा सकेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई दुकानदार या कंपनी इन आदेशों का उल्लंघन करती पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में हर महीने लगभग 2,916 नए कैंसर मरीज सामने आते हैं और सालाना करीब 35,000 लोगों को कैंसर का निदान होता है। वहीं, हर महीने औसतन 1,500 मरीज इस बीमारी के कारण अपनी जान गंवा देते हैं। अध्ययन बताते हैं कि 30 वर्ष से ऊपर की उम्र के हर 1 लाख लोगों में से 102 में कैंसर के लक्षण मिलते हैं।
गुटखा, पान मसाला और अन्य तंबाकू उत्पादों में निकोटिन, भारी धातु और कई हानिकारक रसायन पाए जाते हैं। लंबे समय तक इनके सेवन से मुंह, गला, फेफड़े और अन्य अंगों में कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। इसी वजह से सरकार ने जनहित में इन पर रोक लगाने का फैसला किया है।
खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत इन आदेशों को लागू किया गया है। इस अधिनियम के अंतर्गत निरीक्षण और जब्ती की प्रक्रिया होगी, जहां अधिकारी दुकानों और कंपनियों की नियमित जांच करेंगे। यदि किसी दुकान या कंपनी में ऐसे उत्पाद पाए जाते हैं तो उन्हें जब्त किया जाएगा। दोषियों पर 2 लाख से 10 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यदि नियम तोड़ने के कारण किसी की मौत हो जाती है, तो दोषी को कम से कम 7 साल से लेकर आजीवन कारावास और 10 लाख रुपए से कम न होने वाला जुर्माना भुगतना होगा।
यह फैसला न केवल मौजूदा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वस्थ भविष्य देने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।

Thursday, September 18, 2025

September 18, 2025

समृद्ध धरोहरों को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करेगी नायब सरकार: डॉ. अरविंद शर्मा

समृद्ध धरोहरों को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करेगी नायब सरकार: डॉ. अरविंद शर्मा

विरासत की हिफाजत अभियान के तहत राज्य संरक्षित धरोहरों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

पर्यटन मंत्री ने 95 करोड़ रुपए से 8 जिलों के 20 ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णाद्धार का किया शुभारम्भ

मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नारनौल को विरासत नगरी घोषित करवाने की रखी जाएगी मांग
चंडीगढ़ --हरियाणा के सहकारिता, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपनी धरोहर सहेजने के संकल्प को हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गम्भीरता से सिद्धि तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के केंद्र व राज्य संरक्षित ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण के बाद उन्हें पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करेगी, ताकि देशी- विदेशी पर्यटक प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से खुद को जोड़ सकें।

डॉ. अरविंद शर्मा आज  नारनौल में सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत नारनौल-महेन्द्रगढ़, कैथल, जींद, भिवानी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व नूंह के 20 राज्य संरक्षित धरोहरों के 95 करोड़ रुपए से होने वाले जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण की परियोजना का शुभारंभ कर रहे थे।

 उन्होंने कहा कि नारनौल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आमजन की भावना है कि बावड़ियों, मकबरों और महलों वाले नारनौल को ‘विरासत नगरी’ घोषित किया जाए; इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से शीघ्र मुलाकात की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों व आमजन से संवाद करते हुए पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प अपनी विरासत, धरोहरों को संजोने व उन्हें जन-जन की पहुंच में लाने का है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर अपनी जगह बनाने के लिए निरन्तर बड़े कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी राशि के साथ राज्य संरक्षित स्थलों के संरक्षण, संवर्धन पर जोर दिया जा रहा है। यह कदम हमारे अतीत का सम्मान, वर्तमान की जिम्मेदारी और भविष्य की पीढ़ियों के लिए अवसर के तौर पर माना जाएगा। केंद्र-प्रदेश सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व व सांस्कृतिक विरासत के प्रति गहरी संवेदनशीलता के कारण ही यह ऐतिहासिक पहल सम्भव हो पाई है। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा की धरती इतिहास की गवाह रही है। यहां की बावड़ियां, किले, महल, प्राचीन मंदिर व हवेलियां केवल पत्थरों की इमारतें नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, पहचान व गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से हरियाणा एक सांस्कृतिक और पर्यटक मैत्री राज्य के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य स्मारकों की वास्तु विरासत को समझना, आगंतुकों को बेहतर अनुभव दिलाना व पर्यटन स्थलों की पहुंच व सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शुक्रवार से प्रदेश के 75 ऐतिहासिक धरोहरों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, 33 स्मारकों व 42 टूरिस्ट काम्प्लेक्सों में स्वच्छता अभियान की मुहिम को शुरू किया जा रहा है। आगामी दिनों में धरोहर स्थलों पर कार्यशालाओं व विरासत भ्रमण के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवा वर्ग को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि विरासत की हिफाजत मुहिम में वो अपनी जिम्मेदारी को अहसास कर सकें।

उन्होंने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ के नारनौल में ऐतिहासिक विरासत को संजोने पर लगभग 47 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनमें राज्य सुरक्षित स्मारक मिर्जा अली जान की बावड़ी, फोर्ट इस्लामपुर, छत्ता राय बालमुकुंद दास, चोर गुंबद, शोभा सरोवर, त्रिपोलिया गेटवे, पीर तुर्कमान, बावड़ी पॉलिटेक्निक व राज्य सुरक्षित स्मारक मुकुंदपुरा बावड़ी शामिल है। इसके अलावा कैथल के भाई की बावली के जीर्णाेद्धार पर 4 करोड़ 46 लाख 46 हजार, जींद के किला जफरगढ़ के जीर्णाेद्धार पर 5 करोड़ 52 लाख 72 हजार व सफीदों किला पर 6 करोड़ 78 लाख 35 हजार, भिवानी के तोशाम किला के पर 5 करोड़ 43 लाख 6 हजार, गुरुग्राम के सोहना में लाल गुंबद पर 6 करोड़ 77 लाख 66 हजार, बादशाहपुर बावली में 4 करोड़ 25 लाख 58 हजार, फरीदाबाद के रानी की छतरी के जीर्णाेद्धार पर 1 करोड़ 32 लाख 53 हजार, नूंह के डेहरा मंदिर के जीर्णाेद्धार पर 5 करोड़ 32 लाख 30 हजार व तावड़ू के गुंबद परिसर के जीर्णाेद्धार पर 1 करोड़ 50 लाख, फरुखनगर के शीशमहल के जीर्णाेद्धार पर 4 करोड़ 54 लाख 30 हजार, पलवल के मानपुर स्थित ऐतिहासिक केसुरिया खेड़ा के जीर्णाेद्धार पर 2 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह, विरासत व पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव कला रामचंद्रन, उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की उपनिदेशक डॉ. बनानी भट्टाचार्य सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
September 18, 2025

नारी स्वस्थ होगी तो राष्ट्र भी सशक्त होगा - डॉ अरविंद कुमार शर्मा

नारी स्वस्थ होगी तो राष्ट्र भी सशक्त होगा - डॉ अरविंद कुमार शर्मा
चण्डीगढ- हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि देश की नारी स्वस्थ होगी तो राष्ट्र भी सशक्त होगा। इसी सोच को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर सभी जिलों में मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। पर्यटन मंत्री आज नारनौल के नागरिक अस्पताल  में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले उन्होंने अस्पताल प्रांगण में पौधारोपण किया। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया। वहीं अस्पताल प्रांगण में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके अलावा मेगा कैंप का निरीक्षण करते हुए मरीजों से हाल-चाल पूछा।

उनके साथ पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव तथा उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार भी मौजूद थे।

श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार अपने संकल्प पत्र को लगातार लागू करने का कार्य कर रही है। सरकार ने बहुत ही महत्वपूर्ण योजना पंडित दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत कर दी है। इसका पोर्टल खोल दिया गया है।
इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री ने 54 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरित किए। वहीं उज्जवला दृष्टि योजना के तहत 42 लाभार्थियों को चश्मे वितरित किए। इससे पहले 17 सितंबर को 118 लाभार्थियों को भी चश्मे वितरित किए गए थे। इसके अलावा नेत्रदान करने वाले सुरेश कुमार को सम्मानित किया। आज दिन भर लगे इस मेगा कैंप में लगभग 2070 नागरिकों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
September 18, 2025

ईवीएम मतपत्रों को अधिक पठनीय बनाने के लिए चुनाव आयोग ने दिशानिर्देशों में किया संशोधन : ए.श्रीनिवास

ईवीएम मतपत्रों को अधिक पठनीय बनाने के लिए चुनाव आयोग ने दिशानिर्देशों में किया संशोधन : ए.श्रीनिवास

बिहार से शुरुआत करते हुए, ईवीएम में पहली बार उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें होंगी
चण्डीगढ़ -- हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री ए. श्रीनिवास ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने ईवीएम मतपत्रों की स्पष्टता और पठनीयता बढ़ाने के लिए चुनाव संचालन नियम, 1961 के नियम 49बी के तहत ईवीएम मतपत्रों के डिज़ाइन और मुद्रण हेतु मौजूदा दिशानिर्देशों में संशोधन किया है।
उन्होंने बताया कि यह पहल चुनाव प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित और बेहतर बनाने तथा मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने के लिए पिछले 6 महीनों में ईसीआई द्वारा पहले ही की जा चुकी 28 पहलों के अनुरूप है। अब से, ईवीएम मतपत्र पर उम्मीदवारों की तस्वीरें रंगीन छपी होंगी और बेहतर दृश्यता के लिए उम्मीदवार का चेहरा फोटो के तीन-चौथाई हिस्से पर होगा।
श्री ए.श्रीनिवास ने बताया कि उम्मीदवारों/नोटा के क्रमांक भारतीय अंकों के अंतर्राष्ट्रीय रूप में मुद्रित किए जाएँगे और स्पष्टता के लिए फ़ॉन्ट का आकार 30 होगा और बोल्ड में होगा। एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए, सभी उम्मीदवारों/नोटा के नाम एक ही फ़ॉन्ट प्रकार और फ़ॉन्ट आकार में मुद्रित किए जाएँगे ताकि आसानी से पढ़ा जा सके।
September 18, 2025

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए स्पर्धा

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए स्पर्धा

युवाओं को विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ने का बेहतरीन मंच
चंडीगढ़ -- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इकाई माई भारत के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, विचार-विमर्श और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में शामिल करना है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह संवाद युवाओं को विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ने का बेहतरीन मंच है। कार्यक्रम की शुरुआत माई भारत क्विज से हो गई है, जो 12 भाषाओं में आयोजित की जा रही है।

प्रथम चरण में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर है जिसमें 10 हजार विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके बाद निबंध लेखन, प्रस्तुति और संवाद सत्र के अगले चरण होंगे। युवा लिंक के माध्यम से प्रतियोगिता में भाग लिया जा सकता है।

उक्त क्विज में हिस्सा लेने के लिए युवा http://mybharat.gov.in/ पर लॉगिन करके भाग ले सकते हैं। भाग लेने वाले युवाओं को साथ के साथ प्रमाण पत्र ऑनलाइन प्राप्त हो रहे हैं।
September 18, 2025

*हरियाणा के सरपंच करेंगे नवाचारों का अध्ययन, उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट का करेंगे दौरा*

*हरियाणा के सरपंच करेंगे नवाचारों का अध्ययन, उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट का करेंगे दौरा*

*विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत के सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल को झंडी दिखाकर किया रवाना*

*रिवेंप्ड राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत अन्य राज्यों की अच्छी प्रथाओं से हरियाणा की पंचायतों को मिलेगा नया दृष्टिकोण*
चंडीगढ़— हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार के मार्गदर्शन में रिवेंप्ड राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिला पानीपत के जन प्रतिनिधि 56 सरपंच (21 महिला और 35 पुरुष) उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा में आयोजित पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम का दौरा करेंगे। सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल को गुरुवार को विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

श्री पंवार ने बताया कि यह एक्सपोजर विजिट 18 सितम्बर से 22 सितंबर तक आयोजित होगी, जिसका संचालन पॉजिटिव मंत्रा कंसल्टिंग पीवीटी लिमिटेड, गुरुग्राम द्वारा किया जाएगा। प्रतिभागियों को मथुरा और आगरा की ग्राम पंचायतों द्वारा शुरू की गई विभिन्न नवाचारी पहलों से रूबरू कराया जाएगा, ताकि वे इन अच्छी प्रथाओं को हरियाणा की पंचायतों में लागू कर सकें।

उन्होंने बताया कि इन सभी के साथ 6 महिला और 6 पुरुष अधिकारी भी नामित किए गए हैं जो आधिकारिक तौर पर उनके साथ कार्य शैलियों का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक वेस्टेज ट्रीटमेंट प्लांट, महिलाओं के लिए बनाए गए विशेष अस्पताल, स्वयं सहायता समूह के लिए बनाए गए बाजार, पार्क विद आउटडोर जिम, अमृत सरोवर, जलापूर्ति, स्थानीय महिलाओं के लिए सिलाई सेंटर, वॉटर टैंक, वृद्धों के लिए ओल्ड एज होम, इत्यादि की जानकारी लेंगे।
September 18, 2025

*प्रथम चरण में सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री आवासों पर लगाए जाएंगे स्मार्ट मीटर: ऊर्जा मंत्री अनिल विज*

*प्रथम चरण में सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री आवासों पर लगाए जाएंगे स्मार्ट मीटर: ऊर्जा मंत्री अनिल विज*

*बिजली उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों विकल्प करवाए जाएंगे उपलब्ध*
चंडीगढ़-- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रथम चरण में सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री आवासों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे और इसके पश्चात आम उपभोक्ताओं तक इस योजना को विस्तारित किया जाएगा। जल्द ही स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टेंडर होंगे।

चंडीगढ़ में आज मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। जिस तरह हर व्यक्ति प्रीपेड या पोस्टपेड मोबाइल का उपयोग करता है, उसी तरह बिजली मीटर में भी उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प चुन सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बिजली डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर लगभग 7500 करोड़ की बकाया राशि है। इस संबंध में अधीक्षण अभियंताओं एवं वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बकाया राशि की शीघ्र वसूली सुनिश्चित की जाए। इस विषय पर बैठक आयोजित कर अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी।

सरकारी भवनों और संस्थानों में बकाया राशि के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकारी व अन्य सभी भवनों में बिजली की बकाया राशि की वसूली सख्ती से की जाएगी और भुगतान में आना-कानी होने पर कानून अनुसार कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि गांवों में सोलर पावर हाउस स्थापित करने के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है और इसे पायलट आधार पर शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव के लोड की गणना कर उतनी क्षमता का सोलर पावर हाउस स्थापित कर दिया जाए तो गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और प्रदेश बिजली के क्षेत्र में सरप्लस हो सकेगा। इससे बिजली सस्ती भी उपलब्ध होगी क्योंकि सौर ऊर्जा की लागत कम है।
September 18, 2025

*भवनों और सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*भवनों और सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*खामियां छोड़कर कार्य आवंटित करने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई*
चंडीगढ़-- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भवनों व सड़कों के निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या खामी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ड्राइंग और निविदा दस्तावेजों में जानबूझकर त्रुटियां छोड़कर कार्य आवंटित करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज लोकनिर्माण विभाग की बुलाई गई कैबिनेट सब–कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा भी उपस्थित रहे।
*मुख्यमंत्री ने दिए कई अहम प्रोजेक्ट्स को मंजूरी*

बैठक में मुख्यमंत्री ने नाहर सिंह स्टेडियम, फरीदाबाद के निकट बन रहे पैरा ओलंपिक भवन, महेंद्रगढ़ में न्यायिक परिसर में सिविल जज (जूनियर व सीनियर) के पांच आवासीय परिसरों, तथा चरखी दादरी के ढिगावा जाटान में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन निर्माण कार्य की इन्हांसमेंट को स्वीकृति प्रदान की।
*खेल विश्वविद्यालय राई के लिए दो माह में डीपीआर तैयार करने के निर्देश*

मुख्यमंत्री ने हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई (सोनीपत) के प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, हॉस्टल, स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर भवन और पूरे विश्वविद्यालय परिसर के कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) दो महीने के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेलों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय का डिजाइन तैयार किया जाए ताकि यह खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त हो।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनीत गर्ग, खेल विभाग के प्रधान सचिव श्री नवदीप विर्क सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
September 18, 2025

*गुरुग्राम के विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाएं समय पर हों साकार : राव इंद्रजीत सिंह*

*गुरुग्राम के विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाएं समय पर हों साकार : राव इंद्रजीत सिंह*

*केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम में की मेट्रो विस्तार, आरआरटीएस व शहर से जुड़े विषयों को लेकर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक*

*केंद्रीय राज्य मंत्री ने केंद्र, नीति आयोग व गुरुग्राम जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दो सत्रों में विकास परियोजनाओं व भविष्य में होने वाले कार्यों पर की चर्चा*
चंडीगढ़ - केंद्रीय सांख्यिकी, कार्यक्रम कार्यान्वयन एवं योजना राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के ढांचागत तंत्र के विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाएं विशेषकर मेट्रो विस्तार व राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से कनेक्टिविटी के नए लिंक तथा दिल्ली - गुरुग्राम - एसएनबी आरआरटीएस (नमो भारत कॉरिडोर) को धरातल पर जल्द साकार करने की सभी आवश्यक प्रक्रिया तेज की जाएं। इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार के साथ समन्वय करने के साथ ही नई दिल्ली में नीति आयोग के माध्यम से भी पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने यह बात गुरुवार को गुरुग्राम स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में दो अलग - अलग सत्रों में गुरुग्राम से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं, स्वच्छता व अन्य विकास कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही।
*वर्ष 2028 में पूरा होगा शहर में मेट्रो के विस्तार का काम*

राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम में मेट्रो के विस्तार को लेकर जारी कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा मेट्रो विस्तार के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम में मिलेनियम सिटी से साइबर सिटी तक (28 किलोमीटर) के पहले चरण मिलेनियम सिटी से सेक्टर 9 (15 किमी) तक निर्माण आरंभ हो गया है। वहीं दूसरे चरण के निर्माण से संबंधित प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है। इस परियोजना का वर्ष 2028 में पूरी हो जाएगी। इसके अतिरिक्त पालम विहार से नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर 21 तक कनेक्ट करने का प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं डीएमआरसी से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की इफको चौक तक नए लिंक का प्रस्ताव दिया है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने दोनों लिंक पर अधिकारियों के साथ चर्चा की और इन विषयों से जुड़ी आगामी प्रक्रिया को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
 *बावल तक हो आरआरटीएस का विस्तार*

केंद्रीय राज्य मंत्री ने नमो भारत कॉरिडोर के तहत दिल्ली के सराय काले खां से एसएनबी वाया गुरुग्राम आरआरटीएस परियोजना की प्रगति के बारे में जानकारी ली। एनसीआरटीसी के एमडी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के पहले चरण में धारूहेड़ा तक का प्रस्ताव विचाराधीन है। जिस पर राव इंद्रजीत सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि धारूहेड़ा से आगे रेवाड़ी जिला का बावल भी बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। ऐसे में इस परियोजना को बावल तक जोड़ा जाना चाहिए। इससे संबंधित प्रक्रिया को संबंधित विभाग और वे स्वयं भी केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक बनने वाले रोड, एसपीआर, नए बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल, खेल इंफ्रा को बढ़ावा देने से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। डीसी अजय कुमार ने केंद्रीय राज्य मंत्री को लंबित परियोजनाओं से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
*स्वच्छता से संबंधित तंत्र की क्षमता में हो बढ़ोतरी*

राव इंद्रजीत सिंह ने दूसरे सत्र में गुरुग्राम शहर में स्वच्छता, जल निकासी, बंधवाड़ी लैंडफिल साइट व नागरिकों की समस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी ली। जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा ने केंद्रीय राज्य मंत्री को अवगत कराया कि धनवापुर और बहरामपुर में एसटीपी की क्षमता बढ़ाई जाएगी। जिससे सिंचाई विभाग की सहायता से किसानों को भी सिंचाई के लिए शोधित जल उपलब्ध होगा वहीं शहर के पार्क व उद्योगों में भी इसका उपयोग हो सकेगा। गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त श्री प्रदीप दहिया ने अवगत कराया कि शहर बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट के निपटान के लिए टेंडर इसी माह के अंत में खोला जाएगा साथ ही टेंडर लेने वाली कंपनियों को लीगेसी वेस्ट के निपटान के लिए निर्धारित समय सीमा दी जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि पिछले अनुभव से सबक लेते हुए नई एजेंसी के कार्य की तिमाही के आधार पर समीक्षा की जाए। वहीं, इस बार जलभराव से सबक लेते हुए गुरुग्राम शहर के प्राकृतिक जल प्रवाह का भी अध्ययन कराया जाए। 

इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, वरिष्ठ अधिकारीगण तथा हरियाणा मेट्रो रेल कारपोरेशन के अधिकारी उपस्थित रहे।
September 18, 2025

*बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के बारे में लोगों को अधिक से अधिक पहुंचेगी जानकारी, ट्रस्ट के फेसबुक पेज का हुआ शुभारंभ व ‘लोगो’ भी हुआ लांच*

*बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के बारे में लोगों को अधिक से अधिक पहुंचेगी जानकारी, ट्रस्ट के फेसबुक पेज का हुआ शुभारंभ व ‘लोगो’ भी हुआ लांच*

*केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री व ट्रस्ट के चेयरमैन मनोहर लाल ने फेसबुक पेज का किया शुभारंभ, ‘लोगो’ को भी किया लांच*

*बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउडेंशन ट्रस्ट परिसर में चलाया जाएगा स्वच्छता अभियान व लगेगा रक्तदान शिविर*
चण्डीगढ़ - बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के बारे में लोगों को अधिक से अधिक जानकारी पहुंचाने व लोगों को जागरूक करने के लिए बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाऊंडेशन (ट्रस्ट) के फेसबुक पेज का शुभारंभ तथा ‘लोगो’ को लांच किया गया। फेसबुक पेज का शुभारंभ तथा ‘लोगो’ की लांचिग आज यहां चण्डीगढ में केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री व ट्रस्ट के चेयरमैन श्री मनोहर लाल ने की।
श्री मनोहर लाल ने आज यहां चण्डीगढ में बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ फाऊडेंशन ट्रस्ट की बैठक के दौरान कहा कि जल्द ही ट्रस्ट के भवन का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा और इस संबंध में संबंधित विभाग द्वारा अनापति प्रमाण पत्र शीघ्र ही जारी होगा। उन्होंने बताया कि कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा लगभग 20 एकड भूमि का स्थानातंरण ट्रस्ट को कर दिया गया है और आगामी कार्यवाही पर शीघ्रता से कार्य जारी है। 
आज की बैठक में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव को बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ फाऊडेंशन ट्रस्ट का सदस्य बनाए जाने हेतू स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री व ट्रस्ट के चेयरमैन श्री मनोहर लाल ने संबंधित अधिकारियों व पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आज शुरू किए फेसबुक पेज पर बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के जीवन से संबंधित उनकी वीर गाथाओं के कंटेट को सांझा किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग ट्रस्ट द्वारा प्रदान की जा रही जानकारी से अवगत हो सकें और समाज को प्रेरणा मिल सकें।
श्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में चल रहे ‘सेवा पखवाडा‘ कार्यक्रम के दौरान बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउडेंशन  ट्रस्ट परिसर में एक स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा जरूरतमंदों लोगों को ध्यान में रखते हुए एक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाए और ट्रस्ट की भूमि पर एक बोर्ड भी लगाया जाए। इस बोर्ड पर बाबा बंदा सिंह बहादुर का चित्र तथा ‘लोगो‘ भी होना चाहिए।
श्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को दिशानिर्देश देते हुए कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर जी जिन स्थानों से गुजरे हैं और ठहराव किया है, उन स्थानों पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक रूपरेखा तैयार की जाए ताकि बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की वीर गाथाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके। बैठक के दौरान फरीदाबाद से आए हुए श्री गुरप्रसाद सिंह ने 11 लाख रुपए का चैक ट्रस्ट के चैयरमेन व केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल को भेंट किया।
बैठक में पूर्व मंत्री श्री कंवर पाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, सूचना, जनसंपर्क एव भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल और महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, यमुनानगर के उपायुक्त पार्थ गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी डा प्रभलीन सिंह तथा ट्रस्ट के सदस्य व पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
September 18, 2025

दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! रेलवे ने चलाई 6000 से अधिक स्पेशल ट्रेन

दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! रेलवे ने चलाई 6000 से अधिक स्पेशल ट्रेन
Indian Railways Special Train: त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने इस साल 26 सितंबर से नवंबर के अंत तक देशभर में हजारों स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इन ट्रेनों का मकसद दिवाली, छठ पूजा और नवरात्र जैसे त्योहारों के समय भीड़ को कम करना और यात्रियों को समय पर घर पहुंचाना है।
 *किन राज्यों को मिलेगा फायदा?*

उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि ये स्पेशल ट्रेनें मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों के लिए चलाई जाएंगी। इन राज्यों से त्योहारों के समय भारी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं, इसलिए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। इसके अलावा, जिन रूटों पर ज्यादा भीड़ होने की संभावना है, वहां स्टेशनों पर खास व्यवस्था भी की जा रही है।
*राज्यवार स्पेशल ट्रेनें*

*रेलवे मंत्रालय के अनुसार, अलग-अलग रूट्स पर कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी*:जबलपुर से दानापुर के बीच विशेष ट्रेन 26 सितंबर से 5 नवंबर तक हर बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। मुंबई सेंट्रल से काठगोदाम के लिए स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से शुरू होगी।उधना से सूबेदारगंज के बीच 3 अक्टूबर से ट्रेन शुरू होगी।बांद्रा टर्मिनस से बदनी के लिए 6 अक्टूबर से विशेष ट्रेन चलेगी।इन सभी ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाना है।
*पूजा और छठ के लिए खास ट्रेनें*

त्योहारों में सबसे ज्यादा भीड़ दिवाली और छठ पूजा के दौरान देखी जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष पूजा स्पेशल ट्रेनों की भी व्यवस्था की है: इस दौरान आनंद विहार से भागलपुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन 20 सितंबर से 30 नवंबर तक हर दिन चलेगी। वहीं कोलकाता से लखनऊ के बीच विशेष ट्रेन 2 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलाई जाएगी। इसके साथ ही मऊ से उधना के बीच एक और स्पेशल ट्रेन 27 सितंबर से 1 नवंबर तक हर शनिवार को चलेगी।
*स्टेशन पर खास इंतजाम और रिजर्व कोच*

रेलवे को इस बात का अनुभव है कि फेस्टिव सीजन में ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होती है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए कुछ कोच रिजर्व में रखे गए हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर भीड़ वाले रूट्स पर जोड़ा जाएगा। साथ ही, स्टेशनों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और टिकट व्यवस्था के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।