Breaking

Tuesday, September 30, 2025

September 30, 2025

177 बार रक्तदान 86 बार प्लेटलेट्स और 1 बार प्लाज्मा दे चुके हैं डॉ. अशोक कुमार वर्मा

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस (1 अक्टूबर)पर विशेष

177 बार रक्तदान 86 बार प्लेटलेट्स और 1 बार प्लाज्मा दे चुके हैं डॉ. अशोक कुमार वर्मा

559 स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगा 20302 रक्त इकाई के माध्यम से 60906 लोगों का बचाया जीवन

हरियाणा पुलिस के पुलिस उप निरीक्षक डॉ. अशोक बने सर्वोच्च रक्तदाता
चंडीगढ़ : हरियाणा पुलिस के उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो में जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी के रूप में नियुक्त हैं और वे रक्तदान के क्षेत्र में 1989 से कार्य कर रहे हैं। पुलिस बल में वे सर्वोच्च रक्तदाता के रूप में जाने जाते हैं। बिना किसी संस्था और बिना किसी बैनर के वे वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा की रक्तदान समिति के सदस्य के रूप में वे हरियाणा के राज्यपाल द्वारा बनाये गए थे। वे अब तक 177 बार रक्तदान, 86 बार प्लेटलेट्स और 1 बार प्लाज्मा दान कर चुके हैं। वे हरियाणा के साथ साथ दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में जाकर रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने अब तक बिना किसी संस्था और बैनर के 559 स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए हैं। ये शिविर कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद और कैथल सहित अनेक शहरों में लगाए हैं। उन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में 20302 रक्त इकाई एकत्रित हुई जिसका लाभ 60906 लोगों को मिला है। डॉ. अशोक कुमार वर्मा उन दिनों से रक्तदान करते हैं जब लोग रक्तदान करने के नाम से भयभीत होते थे। इनके पिता कली राम खिप्पल सैनिक थे। पिता ने भी उन्हें नियमित रक्तदान की प्रेरणा दी थी। रक्तदान शिविर का शुभारम्भ पिता की स्मृति में आरम्भ किया था। प्रति वर्ष रक्तदान को प्रोत्साहन करने के लिए भारत के विभिन्न क्षेत्रों से युवाओं को एक मंच पर सम्मानित किया जाता है। वे रक्तदान पर व्याख्यान दे चुके हैं।
September 30, 2025

जिले में त्यौहारों के मध्यनजर सुरक्षा के प्रबंध किए कड़े

जिले में त्यौहारों के मध्यनजर सुरक्षा के प्रबंध किए कड़े 
भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाई गश्त तथा सर्तकता
बाजरों में सादे कपडों में तैनात किए पुरूष तथा महिलाकर्मी
जींद : त्यौहारों का सीजन के मध्यनजर जिला पुलिस ने सर्तकता को बढा दिया है। पूरे जिले में सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए हैं। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। पैदल गश्त के साथ राइडर, पट्रोलिंग पार्टियों को भी लगाया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपडों में पुलिस तथा महिलाकर्मियों को तैनात किया गया है।  शहर में गश्त बढ़ाने के साथ पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात

त्यौहारों के सीजन को देखते हुए गश्त के साथ पेट्रोलिंग पार्टियों को प्रभावी बनाया गया है। शहर में 18 राइडर व चार ईआरवी वाहन के अलावा पांच अन्य पुलिस गाडियां द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। सादे कपडों में पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किया गया है। नरवाना, सफीदों, जुलाना व उचाना में सुरक्षा के कडे इतंजाम किए गए हैं।
*रेलवे स्टेशन, बस अड्डों तथा आश्रय स्थलों पर नजर*
जिला पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशाला, होटल, लॉज, ढाबे तथा अन्य आश्रय स्थलों पर निगाहबानी को बढा दिया है। आश्रय स्थल संचालकों को साफ हिदायत दी गई है कि बिना आईडी प्रूफ के किसी को आश्रय न दें। संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरत सूचना पुलिस को दें। *यातायात सचालन के साथ पार्किंग प्रबंधन पर जोर*

त्यौहारों के मध्यनजर भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था शहर में बनी रहे। आमजन का आवागमन प्रभावित न हो इसको लेकर यातायात पुलिस को मुस्तैद रहने के आदेश दिए गए हैं। वाहनों की पार्किंग भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर करवाई जाए। निर्धारित स्थानों पर वाहनो को करना सुनिश्चित करवाया जाए। 
*असमाजिक तत्वों पर रहेगी नजर*

बाजारों में त्यौहारों का सीजन को देखते हुए महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस सर्तक है। जिसको लेकर बाजार तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपडों में महिला पुलिसकर्मचारियों को तैनात किया गया है ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और त्वरित कार्रवाई की जा सके। एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि त्यौहारों के मध्यनजर आमजन की सुरक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सादे कपडों में महिला तथा पुलिस कर्मियों को भीड़ भाड़ वाले इलाको मे तैनात किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि संदिग्ध वस्तु तथा व्यक्ति के दिखाई देने पर पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
September 30, 2025

पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित किया लोक कल्याण मेला

पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित किया लोक कल्याण मेला
पथ विक्रेताओं को तीन चरणों में 15, 25 हजार और 50 हजार तक ऋण प्रदान किया जाएगा 
जींद : प्रधानमंत्री शहरी स्वरोजगार निधि पीएम स्वानिधि योजना के अंतर्गत जिला में पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों के लिए लोक कल्याण मेला का आयोजन किया गया। यह मेला 17 सितंबर से आगामी दो अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में पथ विक्रेताओं का पंजीकरण कर उन्हें तीन चरणों में 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार तक ऋण प्रदान किया जाएगा। नगर परिषद् के कान्फ्रेंस हाल में सोमवार को आयोजित इस मेले की अध्यक्षता बतौर मुख्यअतिथि डीएमसी सुरेन्द्र दून ने की। कार्यकम में बड़ी संख्या में शहरी रेहड़ी, पटरी विक्रेता एवं अन्य छोटे व्यवसाय करने वाले महिला और पुरुष उपस्थित हुए। उपस्थित लाभार्थियों ने मौके पर पंजीकरण कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान कार्यक्रम में चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद् जींद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डा. राज सैनी भी उपस्थित रहे। डीएमसी सुरेंदर दून ने बताया कि एफएसएसएआई के तहत गूगल पोर्टल और फोस्कोस साइट के माध्यम से मोबाइल से मुफ्त पंजीकरण भी किया जा सकता है। सभी रेहड़ी, पटरी वाले नगर परिषद, पालिका में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार का सिक्योरिटी मुफ्त ऋण आवेदन करें और सात प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। पंजीकरण के बाद रेहड़ी, पटरी वाले और उनके परिवार प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, वन नेन वन रेशन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना जैसी आठ कल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त डीएमसी ने निर्देश दिए कि नगर परिषद, पालिका जींद, नरवाना, सफीदों, उचाना, जुलाना में संपर्क कर अधिक से अधिक नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। नगरीय परियोजना अधिकारी एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के नोडल अधिकारी प्रवीण परुथी ने बताया कि इस मेले से शहरी रेहड़ी, पटरी विक्रेता और छोटे व्यवसायियों को पीएम स्वानिधि योजना का लाभ मिलेगा। इस दौरान लोक कल्याण मेले में एफएसएस एआई के कर्मचारियों ने रेहड़ी, पटरी वालों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए नगर परिषद् जींद के कक्ष नंबर 102 में संपर्क किया जा सकता है। जिला अग्रणी बैंक अधिकारियों ने बताया कि सभी बैंकों को निर्देश दिए गए हैं कि आवेदकों को जल्द से जल्द योजना का लाभ प्रदान किया जाए। अंत में नगरीय परियोजना अधिकारी प्रवीण परुथी ने डीएमसी सुरेंद्र दून, नगर परिषद् चेयरपर्सन प्रतिनिधि डा. राज सैनी, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक, एनयूएलएम टीम और उपस्थित शहरी रेहड़ी, पटरी विक्रेताओं का धन्यवाद किया।
September 30, 2025

मोतीलाल स्कूल प्राथमिक विभाग में नन्हे-मुन्नों के लिए हुआ शैक्षिक पपेट शो का आयोजन

मोतीलाल स्कूल प्राथमिक विभाग में नन्हे-मुन्नों के लिए हुआ शैक्षिक पपेट शो का आयोजन

पपेट शो का उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक लोक कला से अवगत करवाना : पूजा
जींद : मोतीलाल नेहरू पब्लिक विद्यालय की प्राथमिक विभाग में नन्हे-मुन्ने बच्चों के समग्र विकास एवं मनोरंजनात्मक शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु विशेष पपेट शो का आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक लोक कला, नाट्य और कहानी कहने की विधा से परिचित कराना था। जिससे वे मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञान भी अर्जित कर सकें। पपेट शो एक ऐसी पारंपरिक और आधुनिक कला है, जिसमें कलाकार कठपुतलियों या गुड्डे, गुडिय़ों के माध्यम से कहानी सुनाते हैं और दृश्य प्रस्तुत करते हैं। पपेट शो केवल मनोरंजन का माध्यम नही है बल्कि यह नैतिक शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सहजता से प्रस्तुत करता है। गतिविधि के दौरान नन्हे-मुन्ने छात्र व छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ पपेट शो देखा। उन्होंने रंग बिरंगी कठपुतलियों, उनके हाव, भाव, आवाज और कहानी की प्रस्तुति को गहरी रुचि से अनुभव किया। शो के बाद बच्चों से सवाल-जवाब के माध्यम से यह भी जाना गया कि उन्होंने इस गतिविधि से क्या सीखा। विद्यालय समिति अध्यक्ष संदीप दहिया एवं प्राचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए शिक्षा का अर्थ केवल किताबों तक सीमित नही होना चाहिए। उन्हें वास्तविक जीवन के अनुभवों और गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलना चाहिए। पपेट शो जैसी गतिविधियां बच्चों के भीतर रचनात्मक सोच, संवेदनशीलता और सामूहिक भावना विकसित करती हैं। इससे उनकी भाषा कौशल, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता में भी वृद्धि होती है। यह हमारी कोशिश है कि हम बच्चों को नई-नई शिक्षण विधाओं से जोड़ें और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करें।
विद्यालय हमेशा से नवाचारपूर्ण गतिविधियों के लिए अग्रसर रहता है और बच्चों को पारंपरिक कला संस्कृति से जोडऩे के लिए इस प्रकार की गतिविधि नियमित रूप से आयोजित होती रहती है। पपेट शो जैसी पहल से बच्चों के बौद्धिक, मानसिक और भावनात्मक विकास को गति मिलती है। विद्यालय मानता है कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समूह में काम करना सीखते हैं। इस गतिविधि का आयोजन प्राथमिक विभाग की कोऑर्डिनेटर पूजा पसरीजा की देखरेख में हुआ और बच्चों को पपेट शो के दौरान समझाया कि यह कला क्यों महत्वपूर्ण है और कैसे यह उनकी कल्पनाशीलता को बढ़ावा देती है। विद्यालय प्रशासक वीपी शर्मा और हेड कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र कुमार ने कहा कि पपेट शो नन्हे-मुन्नों के लिए ज्ञान, मनोरंजन और नैतिक मूल्यों का अद्भुत संगम रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक मूल्यों की समझ बढ़ती है, जो भविष्य में उन्हें एक संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करेगी।
September 30, 2025

...बस स्टैंड के प्रवेश और निकास मार्ग का टेंडर, जल्द होगा निर्माण कार्य शुरू

...बस स्टैंड के प्रवेश और निकास मार्ग का टेंडर, जल्द होगा निर्माण कार्य शुरू  
जींद-पानीपत क्रॉसिंग पर अंडरपास रोड का निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश 
सड़कों में जहां भी गड्ढे हों, तुरंत भर जाएं, ट्रॉली पर ओवरलोड करके तुड़ा न भरा जाएं
जिले की सभी सड़कें हों मोटरेबल, यातायात नियम तोडऩे वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एडीसी 
रोड सेफ्टी अवेयरनेस कैंपेन चला लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया जाए जागरूक 
एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। नए बस स्टैंड के प्रवेश और निकास मार्ग का टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बस स्टैंड के सामने वाली मीडियन ओपनिंग खोलने के भी आदेश दिए। नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए जिला प्रशासन हर संभव कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की सभी सड़कें मोटरेबल बनाई जाएंए कहीं भी गड्ढे हों तो उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए और सड़कों के किनारों पर बढ़ी हुई झाडिय़ों की छंटाई सुनिश्चित की जाए। एडीसी विवेक आर्य सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में रोड सेफ्टी अवेयरनेस कैंपेन चला कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। यदि कोई व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया जाए तो उसका तुरंत चालान किया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर अवैध कट बिल्कुल नहीं होने चाहिए तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सांकेतिक चिन्ह और रिफ्लैक्टर अवश्य लगाए जाएं। साथ ही जहां आवश्यकता हो वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं। एडीसी ने कहा कि सर्विस रोड सही हालत में होनी चाहिए और कहीं भी ऑनरोड पार्किंग न होने पाए। सड़क किनारे खड़े वाहन दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ाते हैं। इसलिए इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
*फसल के सीजन में ट्रैक्टर ट्रॉली पर ओवरलोड करके तुड़ा न भरा जाए*

उन्होंने निर्देश दिए कि सम्बंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि फसल के सीजन में ट्रैक्टर ट्रॉली पर ओवरलोड करके तुड़ा न भरा जाए। यदि कोई उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ  सख्त कार्रवाई की जाए। इसी तरह बिजली के खंभे सड़क से सटे न लगाए जाएं, इन्हें नियमों के अनुसार निर्धारित स्थानों पर ही लगाया जाए। *बिना परमिट चलने वाली बसें तुरंत जब्त की जाएं*

सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल बसों की नियमित चेकिंग हो। बिना परमिट चलने वाली बसें तुरंत जब्त की जाएं और जो बसें ओवरस्पीड या गलत तरीके से चलाई जाती हैंए उनके चालान किए जाएं। उन्होंने जींद-पानीपत क्रॉसिंग पर पेंडिंग पड़े अंडरपास रोड का कार्य जल्द से जल्द सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी हाइवे की सर्विस रोड,  कैटआई, साइन बोर्ड और रिफ्लैक्टर लगाने का काम सुनिश्चित करने को कहा ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट, ओवरस्पीड और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों का अधिक से अधिक चालान किया जाए और नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। बैठक में एडीसी ने यह भी जानकारी दी कि नए बस स्टैंड के प्रवेश और निकास मार्ग का टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बस स्टैंड के सामने वाली मीडियन ओपनिंग खोलने के भी आदेश दिए। बैठक में एसडीएम दलजीत सिंह, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, आरटीए सचिव गिरीश कुमार, प्रोजेक्ट डायरेक्टर हिसार विपिन, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
September 30, 2025

युवती की अश्लील वीडियो इंस्टाग्राम पर डालने वाले को 5 साल की कैद

युवती की अश्लील वीडियो इंस्टाग्राम पर डालने वाले को 5 साल की कैद
जींद : जींद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. चंद्रहास की अदालत ने युवती की अश्लील वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम वायरल करने, अश्लील हरकत करने के के दोषी काे पांच साल का कारावास व 90 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना नहीं भरने की सूरत में दोषी को पांच माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। शहर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने एक दिसंबर 2023 को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि भिवानी रोड निवासी आनंद उसकी बेटी को बहला फुसला कर राजकीय कालेज के निकट एक कैफे हाउस में ले गया। जहा पर आरोपित ने उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकत की और उसकी अश्लील वीडियो व फोटो बना ली। इसके बाद आरोपित ने उसकी बेटी को फोटो व वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब उसकी बेटी ने आनंद की बात मानने से मना कर दिया, तो आरोपित ने वीडियो व फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। महिला थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर आनंद के खिलाफ अश्लील हरकत करने, बंधक बनाने, अपहरण करने, आइटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। तभी से मामला अदालत में विचाराधीन था। सोमवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. चंद्रहास की अदालत ने आनंद को पांच साल का कारावास व 90 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
September 30, 2025

नशे के विरुद्ध अभियान- जन जन जागे नशा मुक्त हो हर इंसान

नशे के विरुद्ध अभियान- जन जन जागे नशा मुक्त हो हर इंसान  
जींद : हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह, भापुसे के दिशानिर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया एवं मोहित हांडा, भापुसे के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक गजेंद्र सिंह जागरूकता कार्यक्रम के सर्वेक्षक के रूप में कार्य कर रहे हैं। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा साइकिल से चलते हुए नशा मुक्त अभियान को जन जन तक पहुंचा रहे हैं। वे आज जींद पहुंचे हुए थे। उन्होंने अनेक स्थानों पर नशे के विरुद्ध अभियान चलकर लोगों को बताया कि हरियाणा में नशा तस्करी को समाप्त करने के लिए जी तोड़ प्रयास किए जा रहे हैं। हरियाणा में 2023 में 3823 अभियोगों में 6615 और 2024 में 3330 अभियोग अंकित कर 5969 नशा तस्करों को कारागार तक भेजा गया है। इस वर्ष 17 सितम्बर 2025 में 2614 अभियोग अंकित किए गए हैं और 4605 अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचाए गए हैं। और अभी सरकार द्वारा गुटखा, पान मसाला और तम्बाकू उत्पाद पर भी प्रतिबन्ध लगा दिया गया है। उन्होंने आस पास के रेहड़ी वालों को निर्देश देकर तम्बाकू उत्पाद हटवाया। उन्होंने कहा कि अब प्रतिबंधित नशों के विरुद्ध गुप्त सुचना के लिए 1933 उपलब्ध है।

September 30, 2025

नशे के विरुद्ध अभियान- नशा मुक्त समाज का हो निर्माण

नशे के विरुद्ध अभियान- नशा मुक्त समाज का हो निर्माण  
अम्बाला : नशामुक्त हरियाणा जहां दूध दही का खाना के नारे के साथ हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो एक शहर से दूसरे शहर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के दिशानिर्देशों से नमक लोटा अभियान गांव गांव में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया, पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा और पुलिस उपाधीक्षक गजेंद्र कुमार के कुशल नेतृत्व में नशे के विरुद्ध एक आंदोलन प्रान्त का विशेष अभियान बन गया है। नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल यात्रा से नशे के विरुद्ध अभियान में लगे हुए हैं। वे आज अम्बाला स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय पहुंचे। महाविद्यालय की प्राचार्या सुमन सिरोही की अध्यक्षता और डॉ. शिवानी की उपस्थिति में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय 110 वां जागरूकता कार्यक्रम हुआ जिसमें 135 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रवक्ता बलदेव, ममता सैनी आदि उपस्थित रहे। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से परिचित कराते हुए कहा कि नशे की चुनौती विश्वव्यापी समस्या बन चुकी है। इस समस्या को समूल नष्ट करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सहभागी करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि यद्यपि हरियाणा में नशा तस्करी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जा रही है। 2023 में 3823 अभियोगों में 6615 और 2024 में 3330 अभियोग अंकित कर 5969 नशा तस्करों को कारागार तक भेजा गया है। इस वर्ष 17 सितम्बर 2025 में 2614 अभियोग अंकित किए गए हैं और 4605 अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचाए गए हैं। तथापि जागरूकता कार्यक्रम अति आवश्यक हैं। प्रतिबंधित नशों के विरुद्ध गुप्त सूचना के लिए 1933 उपलब्ध है। कार्यक्रम के समापन पर शपथ ग्रहण करवाई। प्राचार्या सुमन सिरोही ने डॉ. अशोक कुमार वर्मा और ब्यूरो का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बहुत ही सराहनीय प्रयास हैं।  

Monday, September 29, 2025

September 29, 2025

हरियाणा में IPS अफसरों के तबादले, देखिए कौन कहां भेजे गए

हरियाणा में IPS अफसरों के तबादले, देखिए कौन कहां भेजे गए
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने सोमवार को  आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नियुक्तियां की हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।  चारु बाली (IPS, 1995 बैच) को उनकी मौजूदा जिम्मेदारी ADGP/RTC, भोंडसी के साथ-साथ ADGP, Vigilance एवं Anti-Corruption Bureau, गुरुग्राम का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। मनीष चौधरी (IPS) को IG, Railways और Commando (H) की जिम्मेदारी दी गई है। वे IGP/CID के पद से मुक्त हो गए हैं। 
वाई. पूरण कुमार (IPS, 2001 बैच) को ADGP, रोहतक रेंज नियुक्त किया गया है। अशोक कुमार (IPS, 2006 बैच) अब IG/PTC, सुनारिया रोहतक होंगे। सिमरदीप सिंह (IPS, 2007 बैच) को IGP/IRB, भोंडसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुलदीप सिंह (IPS, 2007 बैच) को IGP/HSENB, पंचकूला और साथ ही IGP/Law & Order, हरियाणा का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। इन तबादलों संबंधी आदेश हरियाणा सरकार के गृह विभाग की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने जारी किए हैं।
September 29, 2025

*जीएसटी सुधारों से साकार होगा एक राष्ट्र- एक कर का सपना – मुख्यमंत्री*

*जीएसटी सुधारों से साकार होगा एक राष्ट्र- एक कर का सपना – मुख्यमंत्री*

*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम के माध्यम से गुरुग्राम में उद्यमियों से किया सीधा संवाद*

*जीएसटी सुधार से गरीब, मध्यम वर्ग, युवा, किसान, महिलाएं, दुकानदार, व्यापारी सहित हर वर्ग हो रहा लाभान्वित – मुख्यमंत्री*

*हरियाणा राज्य का एस.जी.एस.टी. संग्रह 18,910 करोड़ रुपये से बढ़कर हुआ 39,743 करोड़ रुपये*
चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए गत 22 सितंबर को जीएसटी सुधार लागू किए हैं। जीएसटी की इस नई प्रणाली से हरियाणा की जनता को लगभग चार हजार करोड़ रुपये का लाभ होगा। ये सुधार आत्मनिर्भर भारत- आत्मनिर्भर हरियाणा बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।

मुख्यमंत्री रविवार को गुरुग्राम में आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा द्वारा आयोजित जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम में उद्यमियों के साथ सीधा संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी उद्यमियों को नवरात्रों के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि जी.एस.टी. में सुधार करने की घोषणा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस  के अवसर पर की थी और मात्र एक महीने के भीतर वह घोषणा पूरी हो चुकी है। इससे पता चलता है कि जो मोदी जी की गारंटी है, वह अवश्य पूरी होती है। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश की जनता अलग-अलग टैक्स के जाल में उलझी हुई थी। हमारे देश में दर्जनों टैक्स थे। इनसे देशवासियों और कंपनियों को कई परेशानियां होती थीं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश दर्जनों करों के जाल से मुक्त हुआ। एक राष्ट्र -एक कर का सपना साकार हुआ।
*स्वदेशी अपनाने से बनेगा आत्मनिर्भर भारत*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी का आह्वान किया है, आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना की है और अभी अपनी जापान यात्रा के दौरान मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड का विजन रखा है। उसे साकार करने में भी ये सुधार महत्वपूर्ण साबित होंगे। इनसे रोजमर्रा इस्तेमाल के उपभोक्ता सामान सस्ते हुए हैं। इसलिए मध्यम वर्ग की बचत बढ़ी है और आगामी त्योहारों के सीजन में खरीदारी से बाजार को बड़ा लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में कर आधार का विस्तार हुआ है और जी.एस.टी. संग्रह में वृद्धि हुई है। हरियाणा का नेट एस.जी.एस.टी. संग्रह 2018-19 के 18,910 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 39,743 करोड़ रुपये हो गया। यह 110 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने जी.एस.टी. परिषद द्वारा लिये गये प्रमुख निर्णयों का जिक्र करते हुए कहा कि अब देश में जी.एस.टी. की सिर्फ दो ही मानक दरें रहेंगी। एक 5 प्रतिशत और दूसरी 18 प्रतिशत। इसके अलावा, अहितकारी वस्तुओं के लिए विशेष दर 40 प्रतिशत रखी गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में, हरियाणा कुल सकल जी.एस.टी. संग्रह में देश के प्रमुख राज्यों में 5वें स्थान पर रहा।

उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा सामान्य रूप से उपयोग की जाने वाली वस्तुओं पर जी.एस.टी. दरों को कम कर दिया गया है और कुछ पर इसे बिल्कुल समाप्त कर दिया गया है। लोगों पर टैक्स का बोझ और कम करने के लिए सेस को भी खत्म कर दिया गया है। पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान राज्य है। जी.एस.टी. परिषद ने वर्तमान सुधारों में कृषि और किसान दोनों का ध्यान रखा है। फसल अवशेष प्रबंधन में उपयोग होने वाले कृषि उपकरणों पर जी.एस.टी. दरें कम की गई हैं।
September 29, 2025

*महिलाओं को पोश एक्ट, साइबर क्राइम के प्रति किया जाएगा जागरूक- चेयरपर्सन रेनू भाटिया*

*महिलाओं को पोश एक्ट, साइबर क्राइम के प्रति किया जाएगा जागरूक- चेयरपर्सन रेनू भाटिया*

*चेयरपर्सन ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर 15 विभागों के अधिकारियों के साथ की बैठक*
चण्डीगढ़ - हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती रेनू भाटिया ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत महिलाओं को पोश एक्ट, साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार कोई भी घटना न हो।

श्रीमती रेनू भाटिया ने यह बात आज चण्डीगढ़ में प्रेस कांफ्रैस के दौरान कही। इससे पूर्व उन्होंने 15 विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को लेकर समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले एक महिने में स्कूलों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, अस्पतालों और औद्योगिक क्षेत्रों में पोश एक्ट के तहत इंटरनल कमेटी बनाई जाए। इसके साथ ही कमेटी के अध्यक्ष व सदस्यों का नाम व नम्बर बोर्ड पर अंकित होना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि कोई इस कमेटी का गठन नहीं करता तो नियमों के अनुसार 50 हजार रूपए जुर्माना और 3 साल की सजा का प्रावधान है। जहा पर 10 से ज्यादा महिलाएं कार्यरत होती है वहा पर कमेटी बनाना जरूरी है।
श्रीमती रेनू भाटिया ने कहा कि पिछले 3 वर्षों में जहां पर महिला आयोग द्वारा कार्यक्रम किए गए है उस क्षेत्र की स्वयं रोजगार को बढ़ावा देने वाली महिलाओं से चर्चा की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं से फीडबैक भी लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओ को स्वयं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं की रूचि के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग महिला आयोग के साथ समन्वय करके महिलाओं को उनके अधिकारो के लिए जागरूक करे और मजबूत करने का कार्य करे।
श्रीमती रेनू भाटिया ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि उनके यहां पर महिलाओं के लिए क्या- क्या कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है और किस योजना में कितने लाभार्थियों को लाभ दिया गया है उन सभी की लिस्ट उपलब्ध करवाई जाए ताकि भविष्य में उन महिलाओं के माध्यम से अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्किल विभाग बुनकर के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण प्रदान करें।
September 29, 2025

*खेल के मैदान में खिलाड़ी हो या युद्ध के क्षेत्र में सैनिक, जीत हमेशा भारत की हुई – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*खेल के मैदान में खिलाड़ी हो या युद्ध के क्षेत्र में सैनिक, जीत हमेशा भारत की हुई – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*अनाज मंडियों में धान खरीद के पुख्ता प्रबंध, किसानों को फसल बेचने में नहीं आएगी कोई दिक्कत*
चंडीगढ़-- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल के मैदान में हमारे खिलाड़ी हों या युद्ध के क्षेत्र में सैनिक, जीत हमेशा भारत की हुई है। एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को हराकर एक भव्य जीत दर्ज की है।

मुख्यमंत्री सोमवार को लाडवा विधानसभा की बाबैन तहसील में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनाज मंडी में किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए प्रदेश सरकार पूरा ध्यान रख रही है। अनाज मंडियों में धान खरीद को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज के मशीनी युग में सारे काम मशीनों से होते हैं। पहले हाथ से कटाई में कई दिनों तक फसल खेतों में पड़ी रहती थी, जिसे नमी की मात्रा नियंत्रण में रहती थी, लेकिन अब मशीनों की कटाई के तुरंत बाद फसल अनाज मंडी में पहुंच रही है। धान खरीद से पहले फसल में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से ज्यादा न हो, इसके लिए किसानों से सहयोग की अपील है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गेट पास, फसल पंजीकरण से लेकर अन्य सभी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इतना ही नहीं फसल खरीद के बाद भुगतान भी जल्द से जल्द करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं, जो पहले सहकारिता विभाग के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और इसके बाद कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानून की उपलब्धियां पर लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे।

इस मौके पर अंबाला कमिश्नर संजीव वर्मा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
September 29, 2025

अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल द्वारा अग्रसेन स्कूल के बच्चों को किया गया पुरस्कृत

अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल द्वारा अग्रसेन स्कूल के बच्चों को किया गया पुरस्कृत
जीन्द : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष राजकुमार गोयल व उनकी टीम द्वारा अग्रसेन स्कूल गांधी नगर जीन्द में उन बच्चों को पुरस्कृत किया गया जिन्होने श्याम गार्डन में आयोजित भव्य परिचय सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर अग्रसेन स्कूल के प्रधान महावीर गुप्ता, सचिव जनेन्द्र जैन, गोविन्द गुप्ता, सावर गर्ग, रामधन जैन, पवन बंसल, सोनू जैन इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 
महावीर गुप्ता ने बताया कि अग्रसेन स्कूल के बच्चों ने परिचय सम्मेलन में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इन बच्चों ने जो शानदार प्रस्तुतियां दी उन प्रस्तुतियों ने सम्मेलन में उपस्थित हजारों लोगों का मन मोह लिया। सम्मेलन में 17 से ज्यादा राज्यों से हजारों की तादाद में अग्रबंधु आए हुए थे जिन्होने इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों को खूब सराहा। 
अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल व उनकी टीम द्वारा इन बच्चों की प्रतिभा को देखते हुए सम्मानित किया गया। प्रधान राजकुमार गोयल ने कहा कि बच्चे किसी भी कार्यक्रम की जान होते हैं। उनकी कला और उत्साह से समारोह को नई ऊर्जा मिलती है। इस अवसर पर बच्चों को सम्मानित करते हुए समाज के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां समाज में संस्कृति और परंपरा को जीवंत बनाए रखती हैं।