Breaking

Saturday, October 11, 2025

October 11, 2025

*हरियाणा सरकार ने हमेशा किसानों को बीज से बाजार तक हर संभव सहायता करवाई उपलब्ध- नायब सिंह सैनी*

*'प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजनाऔर 'दलहन आत्मनिर्भरता मिशनकृषि को सुदृढ एवं आत्मनिर्भर बनाने व किसानों के जीवन को बदलने में निभाएंगी महत्वपूर्ण भूमिका- मुख्यमंत्री*
October 11, 2025

जमीन लेकर पिता को भूले, बेटों की याचिका खारिज अदालत से

जमीन लेकर पिता को भूले, बेटों की याचिका खारिज अदालत से
जींद : डीसी मोहम्मद इमरान रजा की कोर्ट ने वीरवार को एक बुजुर्ग के खिलाफ उनके बेटों की अपील को खारिज कर दिया। बेटों की अपील थी कि वे उनके पिता को प्रतिमाह पांच हजार रुपये और उनका भरण-पोषण नहीं कर सकते।
पूरा विवरण
डीसी इमरान ने साफ कह कि आप जमीन भी लेकर अपने पिता का पालन-पोषण नहीं कर सकते। अब बेटों को जमीन भी वापस अपने पिता के नाम करनी होगी।
बुजुर्ग रामनिवास का कहना है कि दो बेटों और बहुओं ने छह साल पहले उन्हें घर से निकाल दिया। उन्होंने अपने बेटों को करोड़ों रुपये की जमीन उनके नाम कर दी थी। ट्रिब्यूनल कोर्ट ने साल थाना प्रभारी ने आरोपी नहीं पकड़े, एसडीएम ने कार्रवाई नहीं की और तहसीलदार कुछ भी नहीं कर सके। 2020 में उनके हक़ में फैसला सुनाया गया। कोर्ट ने पुलिस को मकान का कब्जा दिलाने के आदेश दिए लेकिन आज तक उन्हें मकान नहीं मिल पाया है।
साल 2023 में उन्होंने पुनः कब्जा दिलाने की गुहार लगाई थी। एसडीएम की कोर्ट ने दस जनवरी 2020 को बुजुर्ग के बेटों को प्रतिमाह पांच हजार रुपये और उनकी देखभाल करने के आदेश दिए थे लेकिन उसके बेटों ने पांच साल तक न तो उन्हें दवा के लिए पांच हजार रुपये दिए और न देखभाल की। घर से ही निकाल दिया।
वह किराए पर रहने लगे। तभी से यह मामला विचाराधीन था। अब फिर उसके बेटों ने एसडीएम के आदेशों के खिलाफ डीसी की कोर्ट में याचिका डाली।
याचिका में बताया कि वह एसडीएम के आदेशों को पूरा नहीं कर सकते। वह अपने पिता को न तो प्रतिमाह 5,000 रुपये दे सकते हैं और न ही उनका भरण-पोषण कर सकते हैं। इस पर डीसी की कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया।
यह खबर जींद से संबंधित है, और यह डीसी की कोर्ट द्वारा एक बुजुर्ग पिता की देखभाल न करने वाले बेटों की याचिका खारिज करने के बारे में है।

Friday, October 10, 2025

October 10, 2025

‘‘अनिल विज के दरबार में बार बार तारीख नहीं मिलती, यहां न्याय मिलता है’’- ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज

‘‘अनिल विज के दरबार में बार बार तारीख नहीं मिलती, यहां न्याय मिलता है’’- ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज

श्री विज सोलर कनैक्शन रद करने और पैसे मांगने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित एसडीओ को निलंबित करने के दिए निर्देश, एफआईआर होगी दर्ज

कैथल की पुलिस अधीक्षक को निर्देश-- अवैध खुर्दों व शराब के प्वाइंटों को तुरंत हटवाएं --अनिल विज

श्री विज ने कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
चण्डीगढ- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने सोलर कनैक्शन रद करने और पैसे मांगने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कैथल के गांव हेमूमाजरा निवासी बलविंद्र सिंह ने शिकायत पर संबंधित एसडीओ पर एफआईआर दर्ज करने व निलंबित करने के आदेश दिए। साथ ही अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन करते हुए मामले की जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, श्री विज ने कैथल की पुलिस अधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खुर्दों व शराब के प्वाइंटों को तुरंत हटवाएं तथा जिला में इस प्रकार के सभी खुर्दों को हटवाने का कार्य जल्द से जल्द अमल लाया जाए। उन्होंने कहा कि अनिल विज के दरबार में बार बार तारीख नहीं मिलती। यहां न्याय मिलता है और यहां काम में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाता।

श्री विज आज कैथल में आरकेएसडी कॉलेज के सभागार जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इसमें हरियाणा के परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने 19 शिकायतों की सुनवाई की। बैठक में श्री विज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में जो भी आदेश दिए जाते हैं, उनकी गंभीरता से पालन किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। ऊर्जा मंत्री ने कई मामलों में अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने पांच अलग-अलग मामलों में एसडीओ सहित जिम्मेदार कर्मचारियों, फाइनेंस कंपनी सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। साथ ही उन्होंने दो मामलों में जिला कष्ट निवारण समिति सदस्यों व अधिकारियों की कमेटियों का गठन कर जांच रिपोर्ट देने व एक मामले में डीसी को जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए। 

बैठक में पुरानी शिकायतों में शामिल पहली शिकायत में सीवन गेट निवासी मनजीत सिंह की उसकी बेटी को विदेश भेजने में धोखाधड़ी संबंधी शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने एसपी को निर्देश दिए कि वे आरोपियों के खिलाफ चंडीगढ़ की बजाए जिला कैथल में ही एफआईआर दर्ज कर पीड़ित को न्याय दिलवाएं। इसी प्रकार, कसान निवासी कुसुम की शिकायत थी कि उसके बैंक खाते से 5600 रुपये की मनरेगा से आई राशि काट ली। इस मामले की जांच एलडीएम द्वारा की गई। जिसमें बजाज फाइनेंस कंपनी की कमी पाई गई। पिछली बैठक में डीसी प्रीति ने कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे, लेकिन पुलिस विभाग ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इस पर मंत्री अनिल विज ने सख्त लहजे में कहा कि जांच की जाए कि पिछली बैठक में जो आदेश जारी किए गए थे, उनकी पालना किस पुलिस कर्मचारी को करनी थी। उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही बजाज फाइनेंस कंपनी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। ऐसे ही, गांव धनौरी निवासी संतोष की नहरी खाल से संबंधित शिकायत थी, जिस पर मंत्री अनिल विज ने संबंधित विभाग को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

नई शिकायतों में पहली शिकायत चीका निवासी लक्ष्मी चंद की थी। जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की गई थी तथा उसके द्वारा दी गई जवाबी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि यह क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित मामला है। जिस पर मंत्री अनिल विज ने क्रिप्टो करंसी को लेकर जिला न्यायवादी से विचार विमर्श करके आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह, अगली शिकायत कैथल निवासी संध्या की थी। जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसके परिवार पहचान पत्र में किसी अज्ञात महिला का नाम जोड़ दिया गया है और वह महिला राशन भी ले रही है। जिस पर संबंधित विभाग द्वारा बताया गया कि तकनीकी खामी की वजह से यह नाम जुड़ गया था, जिसे अब हटा दिया गया है। इस मामले की सुनवाई करते हुए मंत्री अनिल विज ने इस मामले की गहनता से जांच करने तथा संबंधित महिला से रिकवरी करने के आदेश जारी किए। साथ ही इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए।

अगली शिकायत गांव कैलरम निवासी टीका राम की थी। उसने आरोप लगाया कि काडा विभाग द्वारा खाल को कागजों में पक्का दिखाया गया है, जबकि खाल मौके पर करीब एक एकड़ पर कच्चा है। इस पर मंत्री अनिल विज ने एसडीएम कलायत व कष्ट निवारण समिति के सदस्यों कपिल दीक्षित व राजीव राजपूत की कमेटी गठित कर मामले की जांच करने के निर्देश दिए। शिकायत गांव बात्ता निवासी शांति देवी की थी। जिसमें उसने आवास योजना की तीसरी किस्त न मिलने की शिकायत की। इस पर सीईओ जिला परिषद ने मंत्री को अवगत करवाया कि इस मामले को मुख्यालय भेज कर बजट की मांग की हुई है। जैसे ही बजट आएगा, तुरंत किश्त जारी कर दी जाएगी। शिकायत गांव आंधली निवासी संतोष की थी। इसमें उसने मनरेगा के तहत काम न मिलने का आरोप लगाया। इस मामले में सीईओ जिला परिषद ने बताया कि शिकायतकर्ता को 33 दिन का काम दिया जा चुका है। साल में  100 दिन का काम दिया जाना होता है। समय-समय पर आगे भी इनको काम दिलवाया जाएगा।

गांव धनौरी के विद्यार्थियों सहकारी बसों में सरकारी पास न चलने से संबंधित शिकायत के मामले की सुनवाई करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि वे जल्द ही इस मामले में राज्य स्तर पर बैठक लेकर निर्णय लेंगे और विद्यार्थियों को राहत पहुंचाई जाएगी। साथ ही उन्होंने जीएम रोडवेज को छात्राओं की मांग पर टोहाना कैथल रूट पर अतिरिक्त बस संचालित करने के निर्देश दिए। गांव रामगढ़ पांडवा निवासी बीरबल की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसके परिवार की पात्रता खत्म किए जाने की शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने शिकायतकर्ता को लिखित में उनकी अपात्रता बारे जानकारी देने के निर्देश दिए। वहीं डीडीपीओ ने मंत्री को बताया कि उन्होंने संबंधित जेई के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर दी है। कैथल के छात्रावास रोड के दुकानदारों ने बिजली विभाग द्वारा खंभे के लिए खोदे गए गड्डे में टूटे सीवरेज को ठीक न करवाए जाने संबंधी शिकायत पर मंत्री ने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता को सख्त लहजे में जल्द से जल्द गड्ढे को बंद करवाने व पाइपलाइन को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए। ग्राम पंचायत नौच के सरपंच व अन्य ग्रामीणों द्वारा पेयजल पाइप लाइन के लीक होने संबंधी शिकायत को विभाग द्वारा काम पूरा किए जाने पर निपटा दिया गया। इसी प्रकार से बाकल निवासी रमेश कुमार की गेहूं की फसल के मुआवजा न देने बारे मंत्री अनिल विज ने न्यायालय के फैसले अनुसार आगामी कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

गांव क्योड़क निवासी राजपाल आर्य द्वारा नेट हाउस की मरम्मत के लिए अनुमति व सब्सिडी संबंधी सुनवाई न होने पर मंत्री अनिल विज ने डीसी को निर्देश दिए कि इस पूरे मामले की जांच करवाकर आगामी कार्रवाई करें। उन्होंने जिला बागवानी अधिकारी को उनके व्यवहार को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। गांव खरक पांडवा निवासी जगबीर सिंह की पेंशन वितरण से संबंधित शिकायत का निवारण  होने पर इस शिकायत को निपटा दिया गया। बैठक की अंतिम शिकायत में ऋषि नगर निवासी नीतू मौण ने वर्ष 2020 में अपने भाई की हत्या के मामले में किसी की गिरफ़्तारी न होने बारे शिकायत की। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में पुलिस को निर्देश दिए कि जो संदिग्ध आरोपी विदेश चला गया है, उसे विदेश से लाकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए। चाहे इसके लिए उसका पासपोर्ट ही रद्द करवाना पड़े या अन्य कार्रवाई करनी पड़े। मामले की गंभीरता से जांच कर अगली बैठक में इस बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जब मेडिकल रिपोर्ट में गला घोंटना पाया गया है तो किसी ने तो उसकी हत्या की है। पुलिस हत्यारे तक पहुंचे और उसे गिरफ्तार करे।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, भाजपा वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, सुरेश संधू, शक्ति सौदा, संजय सैनी, संगीता, आयुष गर्ग, प्रवीन प्रजापति, कपिल दीक्षित, गोपाल सैनी, सुशील पंचाल के अलावा जिला प्रशासन से डीसी प्रीति, एसपी उपासना, एडीसी कम सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल कुमार, आरटीए गिरीश कुमार, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, ईओ एचएसवीपी वकील अहमद, तीनों एसडीएम अजय सिंह, अजय हुड्डा व कैप्टन प्रमेश सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य मौजूद रहे।
October 10, 2025

केन्या दौरे पर हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

केन्या दौरे पर हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा 
- कृषि नवाचार और तकनीकी सहयोग पर हुई सार्थक चर्चाएं
- नैरोबी में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय कृषि अनुसंधान संस्थान
चंडीगढ़ - हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा इन दिनों 9 से 13 अक्तूबर तक केन्या की राजधानी नैरोबी में पांच दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। उनके साथ 20 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी गया है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और केन्या के बीच कृषि, बागवानी और कृषि उत्पादों के क्षेत्र में पारस्परिक सहयोग को मजबूत करना और आधुनिक कृषि तकनीकों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
दौरे के दौरान शुक्रवार को हरियाणा प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय कृषि अनुसंधान संस्थान  और  अंतरराष्ट्रीय मक्का एवं गेहूं सुधार केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इन बैठकों में मक्का और गेहूं में नवाचार, कृषि मशीनीकरण, जलवायु परिवर्तन से निपटने की रणनीतियों और उन्नत कृषि तकनीकों के साझा उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में यह सहमति बनी कि दोनों देशों के कृषि विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के बीच एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू किए जाएं, ताकि कृषि अनुसंधान, प्रशिक्षण और नई तकनीकों के विकास में परस्पर सहयोग को बढ़ाया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल ने केन्या नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (KNCCI) के मुख्यालय का भी दौरा किया, जहां संस्था के सीईओ के साथ सौजन्य भेंट कर कृषि उत्पादों के निर्यात-आयात, बाजार विस्तार और व्यापारिक सहयोग पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि यह दौरा हरियाणा के किसानों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य राज्य के किसानों को वैश्विक स्तर की नवीन कृषि तकनीकों और सफल मॉडलों से जोड़ना है, ताकि उत्पादन बढ़ाया जा सके और लागत में कमी लाई जा सके।

उन्होंने बताया कि भारत हर प्रकार के अनाज, फल और सब्जियों का उत्पादन करता है और यही विविधता देश को वैश्विक कृषि परिदृश्य में एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की चुनौतियों से निपटने में भारत ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और वैश्विक खाद्य सुरक्षा में उसका योगदान लगातार बढ़ रहा है।

श्री राणा ने कहा, “किसानों और पशुपालकों की मेहनत तथा सरकार की किसान-हितैषी नीतियों ने भारत के कृषि क्षेत्र को मजबूती दी है। आज भारत दूध का विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक है, मोटे अनाजों में अग्रणी है, जबकि चावल और गेहूं उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। फलों, सब्जियों और मत्स्य पालन में भी भारत का योगदान उल्लेखनीय है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में भारत का कृषि क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है और विदेशी तकनीकों के सफल उपयोग से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।

श्री राणा ने उम्मीद जताई कि यह केन्या दौरा “दोनों देशों के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग के नए आयाम खोलेगा” और तकनीकी साझेदारी के माध्यम से किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि “आज भारत न केवल अपनी सबसे बड़ी आबादी का भरण-पोषण करता है, बल्कि विश्व के कई देशों को खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराता है।”

इस दौरे में कृषि विशेषज्ञों, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों और किसानों का दल भी शामिल है, जो केन्या में चल रहे उन्नत कृषि प्रोजेक्ट्स और नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव ले रहा है।
October 10, 2025

हरियाणा सरकार ने दिया तोहफ़ा : जींद के बराड़ खेड़ा में खुलेगा उप-स्वास्थ्य केंद्र

हरियाणा सरकार ने दिया तोहफ़ा : जींद के बराड़ खेड़ा में खुलेगा उप-स्वास्थ्य केंद्र
आसपास के गांवों बुरा डैहर और बहबलपुर के लोगों को भी मिलेगा लाभ
चंडीगढ़-हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश की सरकार लोगों को सस्ती, बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए जींद जिले के गांव बराड़ खेड़ा में उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी प्रदान की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से अब स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यहां पर योग्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की जाएगी। जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करके इस स्वास्थ्य केंद्र को आम जनता की सेवा में समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह उप-स्वास्थ्य केंद्र केवल बराड़ खेड़ा के ग्रामीणों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों बुरा डैहर और बहबलपुर के निवासियों के लिए भी वरदान साबित होगा। अब इन गांवों के लोगों को अपने नजदीक ही जांच और इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को उसके घर-द्वार पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि आपात स्थिति में समय पर उपचार संभव हो सके और लोगों का जीवन सुरक्षित रह सके।
October 10, 2025

अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल की मांग का त्वरित असर, रेलवे विभाग ने 24 घंटे में उठाया कदम, पत्थर डालकर लगाया अस्थाई अवरोधक, स्थाई लोहे के बैरिकेड्स जल्द लगेंगे

अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल की मांग का त्वरित असर, रेलवे विभाग ने 24 घंटे में उठाया कदम, पत्थर डालकर लगाया अस्थाई अवरोधक, स्थाई लोहे के बैरिकेड्स जल्द लगेंगे
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल की जनहित में रखी गई मांग का असर 24 घंटे के भीतर ही दिखाई दिया। रेलवे विभाग ने चौ. देवीलाल चौक स्थित छोटे अंडरपास पर अस्थाई तौर पर पत्थर डालकर अवरोधक लगा दिए हैं और आश्वासन दिया है कि 15 दिनों के भीतर स्थाई लोहे के अवरोधक भी लगा दिए जाएंगे। अब फिलहाल अस्थाई तौर पर अवरोधक लगाए जाने से बड़े वाहनों का आवागमन बंद हो गया है।
गोयल ने कल रेलवे विभाग के अधिकारियों से मांग की थी कि देवीलाल चौक के पास बना छोटा अंडरपास केवल पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों के लिए बनाया गया था लेकिन वर्तमान में चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा भी अंदर से गुजर रहे हैं। इससे जाम और दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ गई हैं तथा पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा था कि यह मामला जनहित और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है इसलिए रेलवे विभाग को इसमें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। रेलवे विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि यहां 15 दिनों के भीतर स्थाई लोहे के अवरोधक लगा दिए जाएंगे और स्थाई अवरोधक लगने तक कल से ही पत्थर डालकर अस्थाई अवरोधक लगा दिए जाऐंगे। गोयल की अपील के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आज पत्थर डालकर अस्थाई अवरोधक लगा दिए है।
October 10, 2025

चंडीगढ़ में एडीजीपी पूरन कुमार सुसाइड केस में बड़ी कार्रवाई — चीफ सेक्रेटरी सहित 3 IAS और 12 IPS अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज

चंडीगढ़ में एडीजीपी पूरन कुमार सुसाइड केस में बड़ी कार्रवाई — चीफ सेक्रेटरी सहित 3 IAS और 12 IPS अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज
चंडीगढ़ : एडीजीपी वाई. पूरन कुमार सुसाइड केस में चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस स्टेशन सेक्टर-11, चंडीगढ़ में दर्ज एफआईआर संख्या 156 में कुल 3 आईएएस और 12 आईपीएस अधिकारियों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूरन कुमार की आत्महत्या से संबंधित जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और फाइनल नोट के आधार पर की गई है।

नामजद अधिकारी –

आईएएस अधिकारी:

1. अनुराग रस्तोगी — चीफ सेक्रेटरी, हरियाणा

2. टी.वी.एस.एन. प्रसाद — पूर्व चीफ सेक्रेटरी, हरियाणा

3. राजीव अरोड़ा — पूर्व एसीएस (गृह विभाग)

आईपीएस अधिकारी:

1. शत्रुजीत कपूर — डीजीपी, हरियाणा

2. मनोज यादव — पूर्व डीजीपी

3. पी.के. अग्रवाल — पूर्व डीजीपी

4. कला रामचंद्रन — प्रिंसिपल सेक्रेटरी

5. संदीप खिरवार — एडीजीपी

6. अमिताभ ढिल्लों — एडीजीपी

7. संजय कुमार — एडीजीपी

8. माता रवि किरण — एडीजीपी

9. शिवास कविराज — कमिश्नर, पंचकूला

10. पंकज नैन — आईजी

11. कुलविंदर सिंह — आईजी

12. नरेंद्र बिजरानिया — एसपी

एफआईआर धारा 108 (read with 3(5) BNS) और 3(1)(r) अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दर्ज की गई है।
*जांच जारी*

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आगे की जांच एससी/एसटी एक्ट की विशेष शाखा द्वारा की जा रही है। इस केस से जुड़े कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए जा चुके हैं।

सूत्रों का कहना है कि पूरन कुमार ने अपने अंतिम नोट में कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के उत्पीड़न और मानसिक दबाव का उल्लेख किया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।

> फिलहाल सभी नामजद अधिकारियों पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। चंडीगढ़ पुलिस ने कहा है कि “मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।”

Thursday, October 9, 2025

October 09, 2025

कॉमन कैडर के ग्रुप-डी पदों की नामावली पर संशय खत्म

कॉमन कैडर के ग्रुप-डी पदों की नामावली पर संशय खत्म

 हरियाणा सरकार ने जारी किए निर्देश
चंडीगढ़- हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि चपरासी-कम-चौकीदार, माली-कम-चौकीदार तथा माली-कम-स्वीपर जैसे संयोजित पदों को क्रमशः चपरासी और माली के समकक्ष माना जाएगा। यह निर्णय कॉमन कैडर के अंतर्गत की जाने वाली पोस्टिंग पर लागू होगा।

 मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा इस सम्बन्ध में एक पत्र जारी किया गया है।

 यह निर्णय हरियाणा ग्रुप-डी कर्मचारी (भर्ती एवं सेवा शर्तें) अधिनियम, 2018 की धारा 23 के अनुरूप है, जिसके अंतर्गत यह अधिनियम अन्य सभी सेवा नियमों पर वरीयता रखता है।
उल्लेखनीय है कि विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत नियुक्त हुए कई कर्मचारी पदनामों में असमानता के कारण अपने आवंटित विभागों में कार्यभार ग्रहण नहीं कर पा रहे थे। माली बनाम माली-कम-चौकीदार तथा चपरासी बनाम चपरासी-कम-चौकीदार जैसे पदों के भिन्न नामों से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
सरकार द्वारा जारी संशोधित निर्देशों के तहत अब सभी प्रभावित गु्रप-डी कर्मचारी अपने संबंधित विभागों में अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर पाएंगे। मंडलायुक्त कार्यालयों/उपायुक्त पंचकूला से रिलीव होने की तिथि तथा आधिकारिक पोर्टल पर ज्वाइनिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने की तिथि उनकी नियुक्ति की प्रभावी तिथि मानी जाएगी।
सरकार ने सभी प्रशासनिक सचिवों एवं विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि इन निर्देशों को सभी संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुँचाया जाए और यह सुनिश्चित करें कि इनका पालन पूरी गंभीरता और तत्परता हो। इस संबंध में जारी निर्देशों को ‘अत्यावश्यक’ श्रेणी में रखा गया है ताकि नव-नियुक्त कर्मचारियों की तैनाती प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
October 09, 2025

हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने जापान में फुकुओका के उप-राज्यपाल से की मुलाकात, ऑटोमोटिव और रोबोटिक्स सहयोग पर हुई चर्चा

हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने जापान में फुकुओका के उप-राज्यपाल से की मुलाकात, ऑटोमोटिव और रोबोटिक्स सहयोग पर हुई चर्चा

उद्योग मंत्री ने निवेशकों को ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ के लिए किया आमंत्रित
चंडीगढ़ - हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने जापान दौरे के दौरान आज फुकुओका प्रान्त के उप-राज्यपाल के साथ एक अहम बैठक कर ऑटोमोटिव विनिर्माण, रोबोटिक्स और उन्नत प्रौद्योगिकियों में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में जापान के दौरे पर गया था, जहां टोक्यो और ओसाका में उच्च-स्तरीय बैठकों के माध्यम से निवेश के अवसरों को बढ़ावा दिया गया। अब उद्योग मंत्री के नेतृत्व में यह दौरा जापान के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा कर रहा है, जिससे द्विपक्षीय सहयोग को नई गति मिल रही है।
फुकुओका, ऑटोमोबाइल कंपनियों के अपने मजबूत आधार और रोबोटिक्स एवं इंजीनियरिंग में विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है। यहां के निवेशकों ने हरियाणा के उभरते औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और तकनीकी क्षमता में सहयोग करने में विशेष रुचि दिखाई।

हरियाणा के परिवहन, अनुसंधान एवं विकास-संचालित विनिर्माण और नवाचार पर ज़ोर देते हुए, उद्योग मंत्री ने फुकुओका की कंपनियों को इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी और टेक्निकल टैक्सटाइल में सहयोग के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने हरियाणा के सुदृढ़ औद्योगिक बुनियादी ढाँचे, कुशल कार्यबल और व्यापार सुगमता के लिए नीति-आधारित दृष्टिकोण को प्रमुखता से रेखांकित किया।
इसके उपरांत मंत्री ने इन्वेस्टर्स रोड शो को भी संबोधित किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोटेक, सेमीकंडक्टर, ऑटोमोटिव और टेक्सटाइल क्षेत्रों के प्रमुख निवेशकों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने जापानी उद्यमों को हरियाणा आने और राज्य के अनुकूल, निवेशक-अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उद्योग मंत्री ने फुकुओका प्रान्त के उप-राज्यपाल और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों को हरियाणा में 2026 में होने वाले आगामी ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। यह सम्मेलन द्विपक्षीय साझेदारी, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान और निवेश सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक गतिशील मंच के रूप में कार्य करेगा।

प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
October 09, 2025

स्लम बस्तियों में बच्चों के जन्म पंजीकरण के लिए विशेष अभियान शुरू करें : सुधीर राजपाल

स्लम बस्तियों में बच्चों के जन्म पंजीकरण के लिए विशेष अभियान शुरू करें : सुधीर राजपाल

-"स्पेशल टास्क फोर्स" की बैठक की अध्यक्षता की
चंडीगढ़ -- हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रदेश की स्लम बस्तियों और वंचित क्षेत्रों में पंजीकरण से छूटे हुए बच्चों के जन्म-पंजीकरण के लिए एक विशेष अभियान शुरू करें। सिविल सर्जन इन क्षेत्रों का दौरा करेंगे और व्यक्तिगत रूप से गतिविधियों की निगरानी करेंगे। साथ ही, उन्होंने उन जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी जिनके जिले में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में कम लिंगानुपात आया है।

श्री सुधीर राजपाल लिंगानुपात को नियंत्रित करने से संबंधित गठित "स्पेशल टास्क फोर्स" की आज की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्लम एरिया तथा अन्य पिछड़े क्षेत्रों में सभी बच्चों का जन्म पंजीकरण नहीं हो रहा है, इसलिए इन क्षेत्रों के लिए जन्म पंजीकरण हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने अभियान की निगरानी के लिए सभी सिविल सर्जन की ड्यूटी भी लगाने के भी निर्देश दिए, वे समय-समय पर औचक निरीक्षण करके जन्म पंजीकरण से संबंधित गतिविधियों की निगरानी करेंगे।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कुछ जिलों में लिंगानुपात में वांछित सुधार न होने पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि जिस सीएमओ के क्षेत्र में पिछले वर्ष की तुलना में निर्धारित अवधि के दौरान लिंगानुपात कम पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव को जानकारी दी गई कि संतोषजनक कार्य न करने के कारण पिछले महीने एक फार्मासिस्ट को निलंबित कर दिया गया है और स्वास्थ्य विभाग के "एमरजेंसी मैडिकल टेकनिसियन" (ईएमटी) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

उनको यह भी जानकारी दी गई कि गत वर्ष जहां एक जनवरी 2024 से 8 अक्तूबर 2024 तक लड़कियों का लिंगानुपात 905 था, वहीं इस वर्ष एक जनवरी 2025 से 8 अक्तूबर 2025 तक लिंगानुपात 4 अंकों के सुधार के साथ 909 है।

इस अवसर पर बैठक में एनएचएम के एमडी डॉ. आर. एस. ढिल्लों, डीजीएचएस (विभागाध्यक्ष) डॉ. मनीष बंसल, डीजीएचएस (पी) डॉ. कुलदीप सिंह, एफडब्ल्यू एवं पीएनडीटी की निदेशक डॉ. सिम्मी वर्मा, एमसीएच के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव और  महिला एवं बाल विकास, आयुष एवं डीजीएचएस कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
October 09, 2025

खरीफ खरीद सीजन में अब तक रु. 1945.99 करोड़ की अदायगी किसानों के बैंक खातों में सीधे स्थानांतरित

खरीफ खरीद सीजन में अब तक रु. 1945.99 करोड़ की अदायगी किसानों के बैंक खातों में सीधे स्थानांतरित

हरियाणा की मंडियों से अब तक 1573715.26 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई

राज्य में अब तक 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल' पर पंजीकृत 113083 किसानों से धान की खरीद की गई
चंडीगढ़-- हरियाणा में खरीफ खरीद सीजन 2025 - 26 के दौरान किसानों के खातों में अब तक 1945.99 करोड़ रुपये की अदायगी उनके बैंक खातों में सीधे स्थानांतरित की जा चुकी है। इस तरह सरकार ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया है।

'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से धान की खरीद की जा रही है। राज्य में अब तक 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल' पर पंजीकृत 113083 किसानों से धान की खरीद की गई है।

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहाँ जानकारी देते हुए कहा कि अब तक राज्य भर की मंडियों में कुल 1807936.07 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हुई है।
प्रवक्ता ने कहा कि विभिन्न जिलों की मंडियों से अब तक 976370.73 लाख मीट्रिक टन धान का उठान हो चुका है। अब तक मंडियों से 1573715.26 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है हरियाणा की मंडियों/खरीद केंद्रों में धान की खरीद खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में धान की खरीद भारत सरकार द्वारा धान की खरीद न्यूनतम समर्थन में करती हुए फसल का भुगतान किसानों के बैंक खातों में सीधे तौर पर स्थानांतरित किया जाता है। सरकार द्वारा किसान भाइयों से बार बार अपील की जा रही है कि वे अपनी फसल की मंडी में अच्छी तरह सुखाकर भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों (जैसे कि नमी 17 प्रतिशत) की सीमा अनुसार लेकर आएं। 
राज्य की खरीद संस्थाओं द्वारा धान की खरीद के लिए पुख्ता प्रबंध किये हुए हैं और धान के उठान कार्य में भी तेज़ी लाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य की खरीद संस्थाओं द्वारा खरीद किये गए धान के भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य की अदायगी किसानों के बैंक खातों में सीधे तौर पर स्थानांतरित की जाती है। भारत सरकार द्वारा धान के लिए निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2389 रुपये प्रति क्विंटल में कोई कटौती नहीं की गई है।

इसके अतिरिक्त राज्य की मण्डियों और खरीद केंद्रों में किसानों द्वारा लाये गए धान की साफ़ - सफाई का कार्य आढ़तियों द्वारा अपने स्तर पर किया जा रहा है। इसके साथ साथ मंडियों और खरीद केंद्रों पर होने वाले मण्डी श्रम कार्य (जैसे कि भराई, तुलाई, सिलाई, लदाई इत्यादि) के शुल्क दरों की अदायगी भी सरकार द्वारा वहन की जाती है।
October 09, 2025

सरकारी अस्पतालों में मुफ्त प्लेटलेट्स की सुविधा उपलब्ध : आरती सिंह राव

सरकारी अस्पतालों में मुफ्त प्लेटलेट्स की सुविधा उपलब्ध : आरती सिंह राव

डेंगू के रोगियों के लिए 255 वार्ड और 1091 बेड आरक्षित

मोदी के जनसेवक के तौर पर की जा रही जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर दी बधाई
चंडीगढ़ - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा के लोगों के लिए राज्य के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त प्लेटलेट्स (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स ) की सुविधा उपलब्ध है और जरूरत पड़ने पर सरकार निजी ब्लड बैंक से भी मुहैया करवाएगी। प्रदेश में डेंगू की स्थिति नियंत्रण में है , सरकार लगातार निगरानी कर रही है।
वे आज चंडीगढ़ में अपने सरकारी आवास पर मीडिया से रुबरु हो रही थी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक डेंगू की जांच के लिए 65,707 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें 1041 मामलों की पुष्टि हुई है। डेंगू से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि डेंगू की जांच के लिए लगातार परीक्षण किए जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में फ्री जांच की जा रही है जबकि प्राइवेट अस्पतालों के लिए भी मात्र 600 रूपये की फीस निर्धारित की गई है। ब्लॉक स्तर पर (CHC/PHC) भी ब्लड सैंपलिंग शुरू की हुई है। इसके लिए 27 टेस्टिंग लैब्स सक्रिय हैं। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों में 255 वार्ड और 1091 बेड डेंगू रोगियों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि डेंगू फैलने के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 3.17 करोड़ घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिनमें से 1.73 लाख घरों में डेंगू का लारवा मिला और तुरंत उसको नष्ट कर दिया गया। जिन घरों में बार-बार लारवा पाया गया है , विभाग द्वारा उन घरों को नोटिस भी जारी किया गया है। अब तक 87,143 घरों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए राज्य में अब तक 7874 स्थानों पर फॉगिंग की गई है। इसके साथ ही राज्य, जिला और स्थानीय स्तर पर बैठक करके सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। फोगिंग कार्य नगर निकाय व पंचायत विभाग द्वारा नियमित किया जा रहा है।
आरती सिंह राव ने भी प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वे अपने आस-पास पानी जमा न होने दें, कूलर, टंकी, गमले आदि साफ़ रखें। उन्होंने यह भी कहा कि बुखार या डेंगू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं, खुद से दवा न लें।
उन्होंने आगे बताया कि सरकार जल्द ही 28 "मोबाइल फ़ूड सेफ्टी टेस्टिंग वैन" की खरीद करेगी , इनसे एनसीआर में पड़ने वाले हरियाणा के 14 जिलों में नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का सीजन देखते हुए प्रदेश सरकार लगातार मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चला रही है। जगह-जगह सैंपल लिए जा रहे हैं। अक्तूबर 2024 से लेकर अब तक खाद्य पदार्थों के 3682 सैंपल लिए गए है जिनमें से 606 सैंपल फेल हुए हैं। जो सैंपल फेल हुए हैं उनके खिलाफ एडीसी -कम-एडजुडिकेटिंग-ऑफिसर की कोर्ट में केस दायर किए गए हैं। अब तक खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों पर 1 करोड़ 10 लाख 56 हजार का जुर्माना भी किया जा चुका है।
इसके साथ ही दूसरे राज्यों से हरियाणा में खराब खाद्य सामग्री न पहुंच पाए , इसके लिए फूड एंड सेफ्टी अधिकारियों को जांच करने के निर्देश दिए हुए हैं। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों की जांच के लिए 2 लैब हैं जिनको 14 दिन के अंदर रिपोर्ट देनी सुनिश्चित की है। उन्होंने लैब्स की संख्या कम मानते हुए कहा कि बहुत जल्द और भी लैब स्थापित करवाएंगे, इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया है जिसमें 5 एफएसएसएआई (FSSAI) लैब और 3 एनसीआरपीबी (NCRPB) लैब स्थापित करने की मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया गया जिसमें

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 हजार कैंप लगाए गए और इनमें करीब 28 लाख लोगों की जांच की गई। सरकारी अस्पतालों के अलावा भी अन्य अस्पतालों द्वारा एक लाख 27 हज़ार लोगों की जांच की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि विभाग ने दवाओं और कन्जुमेबल आइटम्स समेत 241 वस्तुओं को खरीदने के लिए रेट तय किए हैं। इन पर 419 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

इसी प्रकार, 28 चिकित्सा उपकरण खरीदने के लिए 134 करोड़ रुपए के रेट का कॉन्ट्रैक्ट हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में अक्तूबर 2024 से लेकर अब तक 103 करोड़ रूपये के 590 ऑनलाइन परचेज आर्डर किये गए हैं। इनमे लाइफ सेविंग मेडिसिन , एंटी बायोटिक मेडिसिन एंड इंजेक्शन आदि शामिल हैं।

इसके साथ ही 56 करोड़ की लागत के चिकित्सा उपकरण के परचेज आर्डर भी जारी किए जा चुके हैं।
आरती सिंह राव ने आगे जानकारी दी कि जल्द ही पीपीपी मोड पर बहादुरगढ़ , चरखी दादरी , नारनौल और फतेहाबाद में सिटी स्कैन मशीन लगाई जाएंगी। इसी प्रकार , पीपीपी मोड पर ही कुरुक्षेत्र, पानीपत, नारनौल , फतेहाबाद , बहादुरगढ़ , पलवल , यमुनानगर , सोनीपत , सिरसा , कैथल में एमआरआई मशीने जल्द ही लगाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि विभाग ने 14 एक्सरे मशीन खरीदने के आर्डर दे दिए हैं और इनके बाद अन्य 74 एक्सरे मशीनें जल्द ही खरीदी जाएँगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर की जा रही जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर बधाई दी और कहा कि श्री मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सोनीपत में करोड़ों रूपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिससे हरियाणा में विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।