Breaking

Friday, June 19, 2020

हत्यारे की तेजधार हथियार से निर्मम हत्या की है तथा मृतक का सिर भी वहां नहीं मिला है, शायद आरोपी साथ ले गया

टोहाना : नया बाजार के साथ वाली गली निवासी दीपक मेहता, जिस मकान में रहता था वही मकान उसकी मौत का कारण बन गया। कुछ समय पहले उसकी मां ने अपने बाद मकान दीपक के नाम किया था। जिससे उसका भाई अशोक खफा रहता था। माना जा रहा है कि इस मकान के विवाद के चलते दीपक की हत्या की गई है। मृतक की बहन सुषमा की माने तो उसके बडे़ भाई अशोक ने मकान को लेकर ही दीपक को मारा है। पुलिस ने सुषमा की शिकायत पर मृतक के बड़े भाई अशोक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

दीपक बिजली निगम में बिजली से जुड़े छोटे मोटे काम को ठेके पर लेता था, लेकिन कुछ समय से कोई काम नहीं कर रहा था। दीपक की हत्या के बारे में सुबह करीब 9 बजे उस समय पता चला जब काम वाली महिला ने आकर दरवाजा खटखटाया। उसके बाद उसे फोन किया लेकिन फोन किसी और ने उठाया। उसके बाद फोन बंद हो गया। मृतक के धर्म भाई व उसके बिजनेस पार्टनर सुरजीत ने बताया कि बीती रात करीब 8 बजे उसने जाने से पूर्व दीपक से मुख्य गेट को अंदर से बंद करवाया तथा बाहर से वह स्वयं ताला लगाकर गया था।
उसने बताया कि हत्यारा दीपक की हत्या कर घर के दूसरे दरवाजे से बाइक बाहर निकालकर बाहर ताला लगाकर फरार हो गया। उस ताले पर खून भी लगा मिला है जिससे सीन ऑफ क्राइम टीम ने खून व फिंगर प्रिंट लिए हैं। उसने बताया कि दीपक का भाई अशोक अक्सर यहां आता रहता था। बुधवार को भी वह यहां आया हुआ था तथा दोनों में मकान को लेकर तनाव रहता था जबकि मकान को उसकी मां दीपक के नाम कर गई थी। उसने कहा कि हो ना हो अशोक ने ही उसकी हत्या की है।
वहीं दीपक की बहन सुषमा ने भी आरोप लगाया कि अशोक शराब व नशे की गोलियां आदि बेचता था जिसके लिए दीपक हमेशा उसे यहां ऐसा काम करने से मना करता था। उसे आरोप लगाया कि मकान के लालच में ही उसे दीपक को मारा है।

सीढ़ियों का दरवाजा तोड़ अंदर दाखिल हुई पुलिस

अंदर से कोई आवाज न आने पर सुरजीत ने पड़ोसी की छत से देखा तो उसे आंगन में खून पड़ा दिखाई दिया। इस पर तुरंत पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने छत के रास्ते जाकर सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। नीचे जाकर देखकर सभी की आंखें खुली रह गई क्योंकि दीपक जमीन पर पड़ा हुआ था। हत्यारे ने उसके शरीर पर किसी तेजधार हथियार से अनेक जगह वार कर रखे थे। उन्हें उस समय बड़ी हैरानी हुई कि मृतक का सिर मौके से गायब था। पूरे घर को छान मारा लेकिन सिर नहीं मिला।

2 साल पहले काम हो चुका था बंद

दीपक का पत्नी के साथ 10 साल पूर्व तलाक हो चुका था। उसके बाद से घर पर अकेला ही रहता था। वह अपने दोस्त व धर्म भाई बने सुरजीत के साथ बिजली निगम की एलईडी लाइट व पंखें आदि का काम करता था लेकिन दो साल पूर्व वह काम बंद हो चुका था।
डीएसपी बिरम सिंह ने बताया कि आरोपी कोई घर का ही हो सकता है। उन्होंने बताया कि हत्यारे ने तेजधार हथियार से निर्मम हत्या की है तथा मृतक का सिर भी वहां नहीं मिला है, शायद आरोपी साथ ले गया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी नहीं मिली हो सकता है वह भी हत्यारा साथ ले गया हो। उन्होंंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य तरीके से जांच शुरू कर दी गई है।

No comments:

Post a Comment