Breaking

Friday, May 26, 2023

*हरियाणा में मंत्री की बहन पर रिश्वत का आरोप:मृत श्रमिक के रिश्तेदार से 20 हजार मांगे, रिकॉर्डिंग वायरल; बहन बोली- सब झूठ, केस करूंगी*

*हरियाणा में मंत्री की बहन पर रिश्वत का आरोप:मृत श्रमिक के रिश्तेदार से 20 हजार मांगे, रिकॉर्डिंग वायरल; बहन बोली- सब झूठ, केस करूंगी*
हरियाणा सरकार में डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) कोटे से श्रम मंत्री अनूप धानक की बहन पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। उनकी बहन श्रम विभाग में कार्यरत हैं। इस संबंध में एक ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें एक महिला किसी काम के बदले पहले 20 हजार देने को कह रही है। शिकायत करने वाले का दावा है कि यह महिला कोई और नहीं बल्कि मंत्री धानक की बहन बबीता है। जो श्रम विभाग में क्लर्क है। हालांकि मंत्री और उनकी बहन ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए उन्हें बदनाम करने वालों पर केस दर्ज करवाने की धमकी दी है।

 ऑडियो रिकॉर्डिंग में क्या बातचीत हुई

शिकायतकर्ता: नमस्कार मैडम जी ठीक हो।

महिला: हां जी, नमस्ते ठीक हैं।

शिकायतकर्ता: वो काम करवा दो जी हमारा।

महिला: जी, कौन सा काम?।

शिकायतकर्ता: डेथ वाला।

महिला: अच्छा कुलदीप बोल रहे क्या। हां, जी आपको बताया तो है उस काम के लिए।

शिकायतकर्ता: तो दे देंगे 20 हजार रुपए, देना तो है ही।

महिला: पहले देने पड़ेंगे जी, अगर काम करवाना है तो।

शिकायतकर्ता: देना तो है ही मैडम जी, काम होते ही दे दूंगा, अगर न दें तो बताइओ।

*महिला: ना जी, 20 हजार रुपए ज्यादा तो नहीं हैं।*

शिकायतकर्ता: ज्यादा तो नहीं हैं, लेकिन काम होते ही पैसे दे दूंगा।

महिला: न जी, पहले देने पड़ेंगे, अगर दे सकते हो तो दे दो।

(शिकायत करने वाले कुलदीप का दावा है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग में बात कर रही महिला मंत्री अनूप धानक की बहन बबीता है।). 
वायरल ऑडियो पर मंत्री की बहन ने क्या कहा...
हरियाणा बुलेटिन न्यूज ने इस बारे में मंत्री की बहन बबीता से बात की। वह सिरसा जिले में श्रम विभाग में तैनात हैं। बबीता ने ऑडियो में उनकी आवाज होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। बबीता ने कहा- यह मेरी आवाज नहीं है। यकीन न हो तो आप मेरी आवाज रिकार्ड कर लो और मैच कर लो। मैं इस मामले में केस दर्ज करवाने जा रही हूं।
मंत्री ने कहा- फर्जी बनाई गई
इस बारे में हरियाणा बुलेटिन न्यूज ने हरियाणा के राज्य मंत्री अनूप धानक से बात की। उन्होंने कहा- ये वायरल ऑडियो में जो आवाज है, उनकी लेबर डिपार्टमेंट में बतौर अनुबंधित कर्मचारी बहन बबीता की नहीं है। ये ऑडियो फर्जी तरीके से तैयार किया गया है।

*शिकायतकर्ता का दावा- वह मंत्री की बहन बबीता ही*
इस मामले में शिकायत करने वाले कुलदीप ने एफिडेविट दिया है।। जिसमें कहा- लेबर डिपार्टमेंट में परिवार के सदस्य की मौत हो जाने के बाद श्रम विभाग से पैसा निकालने के लिए आवेदन किया गया था। श्रम विभाग में कार्यरत बबीता ने काम के बदले रुपए मांगे। यह भी कहा कि यह रकम पहले देनी होगी, तभी काम होगा। इसकी बातचीत ऑडियो रिकॉर्डिंग में है। उसने दावा किया कि उससे पैसे मांगने वाली मंत्री अनूप धानक की बहन बबीता ही है।

डिप्टी CM के गृह जिले का केस
रिश्वत मांगने का यह पूरा मामला डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के गृह जिले सिरसा का बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक इस मामले की पुष्टि किसी ने भी नहीं की है। चूंकि मामला काफी हाई प्रोफाइल है इसलिए कोई भी कुछ भी कहने से बच रहा है। जेजेपी के कुछ नेताओं का कहना है कि यह ऑडियो वायरल करके विपक्ष सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रहा है।

No comments:

Post a Comment