Breaking

Monday, May 29, 2023

*AAP हरियाणा से शुरू करेगी 4 राज्यों का चुनावी कैंपेन:जींद में 8 जून पार्टी का मेगा रोड शो; केजरीवाल आएंगे, पंजाब CM भी रहेंगे*

*AAP हरियाणा से शुरू करेगी 4 राज्यों का चुनावी कैंपेन:जींद में 8 जून पार्टी का मेगा रोड शो; केजरीवाल आएंगे, पंजाब CM भी रहेंगे*
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।
देश के चार राज्यों के चुनावी कैंपेन का आम आदमी पार्टी (AAP) हरियाणा से आगाज करने जा रही है। पार्टी ने इसके लिए 8 जून को राज्य की राजनीति का केंद्र बिंदु कहे जाने वाले जींद में एक मेगा रोड शो का आयोजन किया है। इस रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल आएंगे। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि इस रैली में हरियाणा के बड़े चेहरों के साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे।

आम आदमी पार्टी देश के 4 राज्य हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर फोकस कर रही है। हालांकि हरियाणा से पहले तीन राज्यों में इसी साल विधानसभा चुनाव होंगे।

*हरियाणा से ही क्यों आगाज?*
चुनावी कैंपेन के लिए आम आदमी पार्टी ने हरियाणा को ही क्यों चुना इसकी कुछ खास वजह हैं। पहली दिल्ली और पंजाब के लगता हुआ राज्य है। चूंकि इन दोनों राज्यों में पार्टी की सरकार है, इसलिए पार्टी सोच रही है कि हरियाणा में इसका अच्छा असर रहेगा। हरियाणा में सत्ता विरोधी लहर चल रही है, जिसका फायदा चुनाव में अन्य पार्टियों को होगा। इसके अलावा अरविंद केजरीवाल का गृह राज्य हरियाणा है।

*पार्टी ने अब तक लड़े दो चुनाव*
हरियाणा में आम आदमी पार्टी ने अब तक 2 चुनाव लड़े हैं। 2022 में हुए निकाय चुनाव से पार्टी ने हरियाणा में शुरुआत की। इस चुनाव में पार्टी को 10.96% वोट हासिल हुआ। वहीं दूसरा चुनाव हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव हैं। इस चुनाव में आप ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों से बेहतर प्रदर्शन किया और 13% से अधिक का वोट हासिल किए। हालांकि BJP के मुकाबले यह कम ही रहा।

*संगठन खड़ा कर चुकी आप*
हरियाणा में आम आदमी पार्टी अपने संगठन की घोषणा कर चुकी है। अभी तक हरियाणा के प्रभारी बनाए गए राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता को प्रदेश का नया प्रधान नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अनुराग ढांडा स्टेट सीनियर वाइस प्रेजिडेंट बनाया गया है। बलवीर सिंह सैनी, बंता सिंह वाल्मीकि और चित्रा सरवारा को स्टेट वाइस प्रेजिडेंट की जिम्मेदारी दी गई है। अशोक तंवर को AAP की कैंपेन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है।

*हरियाणा की राजनीतिक राजधानी है जींद*
पांडूपिंडारा की धरती के नाम से विख्यात जींद को प्रदेश की राजनीतिक राजधानी इसलिए भी कहा जाता है कि क्योंकि प्रदेश के राजनीतिक दलों के लगभग सभी दिग्गजों ने अपने राजनीतिक भविष्य की शुरूआत इसी धरती से की है। चूंकि 2024 में राज्य में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव होने हैं तो ऐसे में जींद सभी राजनीतिक दलों के लिए केंद्र बिंदु बनेगा। जींद में इससे पहले भी बड़ी राजनीतिक रैलियां हुई, जिससे नेता सत्ता तक पहुंचे।

चौधरी देवीलाल से लेकर दुष्यंत चौटाला ने जींद में बड़ी राजनीतिक रैलियां की और सत्ता तक पहुंचे। इससे पहले चौधरी बीरेंद्र सिंह, मांगेराम गुप्ता, रणदीप सुरजेवाला भी मंत्री रह चुके हैं।

No comments:

Post a Comment