Breaking

Saturday, June 10, 2023

*हरियाणा में 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:जींद-टोहाना में तूफान के साथ बरसने लगे बदरा; अन्य स्थानों पर भी बिगड़ा मौसम*

*हरियाणा में 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:जींद-टोहाना में तूफान के साथ बरसने लगे बदरा; अन्य स्थानों पर भी बिगड़ा मौसम*
जींद-टोहाना में तूफान के साथ बरसने लगे बदरा; अन्य स्थानों पर भी बिगड़ा मौसम।
हरियाणा में अब देर शाम तक कई जिलों में लोगों को आंधी-तूफान व बारिश का सामना करना पड़ेगा। जींद व टोहाना में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। हिसार से लेकर सोनीपत के साथ मध्य हरियाणा के जिलों जींद, कैथल,फतेहाबाद में 40 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी। बूंदाबांदी या बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में शाम को ओरेंज अलर्ट जारी किया। 13 जिलों में अगले कुछ घंटों तक मौसम पूरी तरह से खराब रहने वाला है।

मौसम विभाग ने बताया है कि चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने के साथ हल्की आंधी आएगी। हवा की गति 40-60 किलोमीटर तक रहेगी।

टोहाना से लेकर पानीपत तक के बीच के क्षेत्र में ओरेंज अलर्ट है। इन क्षेत्रों में हिसार, जींद, नरवाना, कैथल, कलायत, सफीदों, असंध, पानीपत, रोहतक, महम नारनौंद शामिल है। मौसम विभाग की ये चेतावनी शाम को 6 बजे तक के समय के लिए है। इस बीच कुछ और अपडेट होता है तो मौसम विभाग अल्पकालीन सूचना जारी करेगा।
इन क्षेत्रों के लिए जारी हुआ अलर्ट।
गर्मी से राहत नहीं

कई जिलों में आंधी-बारिश के बावजूद भीषण गर्मी से किसी तरह की राहत नहीं मिली है। सुबह भी फरीदाबाद, गुरुग्राम क्षेत्र में अंधड़ के साथ कुछेक स्थान पर बूंदाबांदी हुई। राहत देने वाली सूचना ये है कि एक नया विक्षोभ 11 जून की रात से हरियाणा में प्रभावी होगा और इससे 12 व 13 जून को अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी है।

मानसून 30 जून के आसपास पहुंचेगा और इससे पहले प्री-मानसून या फिर पश्चिमी विक्षोभ वाल बारिश ही गर्मी से राहत देगी। हालांकि आज व कल भी कहीं-कहीं आंधी के बाथ बारिश/बूंदाबांदी हो सकती है। इसमें राजस्थान के साथ लगते प्रदेश के इलाके शामिल हैं।

न्यूनतम पारा 1डिग्री बढ़ा

हरियाणा में बीती रात को न्यूनतम पारा करीब 1 डिग्री तक बढ़ गया। कुछ जिलों में ठंडी हवा के झोंके ने लोगों को निहाल किया, लेकिन इसका असर रात के तापमान पर नहीं दिखा। नारनौल में न्यूनतम पारा सबसे कम 21.8 डिग्री दर्ज किया गया। यहां कल शाम को 34 एमएम बारिश के साथ एकाध स्थान पर ओलावृष्टि भी हुई थी। हालांकि महेंद्रगढ़ में पारा 25.8 डिग्री रहा। यहां बूंदबांदी के बावजूद लोग रात को पसीने से सराबोर रहे।

रात को जिलों में इस प्रकार रहा तापामान।
रात को भी तपा सिरसा-फरीदाबाद

IMD ने न्यूनतम तापमान का जो डाटा जारी किया है, उस पर गौर करें तो सिरसा व फरीदाबाद रात को दिन की तरह तपे हैं। सिरसा में रात का पारा 29.6 डिग्री पर तो फरीदाबाद में 29 डिग्री पर रहा। इसमें एक ही रात में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। रात को 9 सेंटरों पर न्यूनतम तापमान 27 डिग्री से 29.6 डिग्री तक रिकॉर्ड हुआ है। कल फरीदाबाद में दिन का पारा 45 डिग्री को पार कर गया था। सुबह फरीदाबाद क्षेत्र में अंधड़ के साथ बारिश की गतिविधि भी कुछ क्षेत्र में दिखी।

सुबह से तप रहा जींद, कई जिले बेहाल

हरियाणा में सुबह से ही आमजन को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। साढ़े 11 बजे जींद का तापमान 40 डिग्री को क्रॉस कर 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। यहां कल अधिकतम पारा 43.2 डिग्री रहा था। रात को यहां न्यूनतम पारा 27.1 डिग्री रहा। दोपहर 11 बजे फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है। सोनीपत में यह 38.7 डिग्री है। बालसमंद हिसार में वर्तमान में पारा 39.3 डिग्री चल रहा है। कुल मिलाकर गर्मी तन को झुलसा रही है।

No comments:

Post a Comment