Breaking

Monday, June 12, 2023

*हरियाणा में जम्मू-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम:किसान पुल-सर्विस रोड बंद करके बैठे, पुलिस ने रूट डायवर्ट किए; सूरजमुखी पर MSP की मांग*

*हरियाणा में जम्मू-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम:किसान पुल-सर्विस रोड बंद करके बैठे, पुलिस ने रूट डायवर्ट किए; सूरजमुखी पर MSP की मांग*
पिपली में किसानों ने किया दिल्ली जम्मू नेशनल हाईवे जाम।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसानों और सरकार में बातचीत विफल होने के बाद उन्होंने जम्मू-दिल्ली नेशनल हाईवे-44 पर पिपली के पास जाम लगा दिया है। किसान पुल और सर्विस रोड बंद कर धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस ने जाम के चलते वाहनों के रूट डायवर्ट किए हैं।

दिल्ली से चंडीगढ़ की तरफ से जाने वाले वाहनों को कुरुक्षेत्र के सेक्टर 2/3 कट से ब्रह्मसरोवर होते हुए नेशनल हाईवे 152-D पर भेजा जा रहा है। चंडीगढ़ से दिल्ली आने वाले वाहनों को साहा कट पुल के नीचे से दौसड़का, अधौया, बाबैन से लाडवा होते हुए आगे भेजा जा रहा है।

इससे पहले किसान नेताओं ने कहा कि 2 बार प्रशासन से बातचीत हुई है। उन्होंने CM से करनाल में बात करने का भरोसा दिया लेकिन फिर कहा कि वे चले गए हैं। इससे साफ है कि सरकार पूरे मामले को लेकर गंभीर नहीं है। इसलिए लाठी-डंडे पड़ें या जेल भेजें, अब हाईवे जाम किया जाएगा।
किसानों की सूरजमुखी को लेकर 'MSP दिलाओ-किसान बचाओ रैली' हुई। इसमें हरियाणा के अलावा राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और यूपी से हजारों की संख्या में किसान पहुंचे। किसान सूरजमुखी पर MSP और किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी व दूसरे नेताओं की रिहाई की मांग कर रहे ।
पिपली में महापंचायत के बाद रोड पर पहुंचे किसान।
नेशनल हाईवे पर पहुंचे किसान हाथ में लाठियां लिए थे। 
नेशनल हाईवे पर पहुंचे किसान हाथ में लाठियां लिए थे
किसानों की रैली में पहुंचे रेसलर बजरंग पूनिया ने भी भाषण दिया।
रैली में जुटी किसानों ने कहा- सूरजमुखी पर एमएसपी लागू होनी चाहिए।।
अब पढ़िए ये विवाद क्यों:-
हरियाणा सरकार ने ऐलान किया था कि वह सूरजमुखी को भावांतर योजना के तहत खरीद करेगी। जिसमें मार्केट रेट पर खरीद में हुए नुकसान की भरपाई सरकार करती है। मगर, किसान MSP पर खरीद की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर सरकार से वार्ता हुई, लेकिन वह विफल रही। इसके बाद 6 जून को किसानों ने जम्मू-दिल्ली नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।

इस बीच पुलिस हाईकोर्ट के ऑर्डर लाई और 15 मिनट में जाम खोलने को कहा। किसान नहीं माने तो पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। किसानों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। पुलिस किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी समेत अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान किसानों की तरफ से भी पत्थरबाजी करने के आरोप लगे। हालांकि पुलिस देर शाम हाईवे खुलवाने में कामयाब रही।

नेताओं को हिरासत में लेने के बाद किसान भड़क गए। 7 जून को पूरे हरियाणा में सड़कें जाम करने का ऐलान कर दिया गया। ऐलान के मुताबिक किसानों ने रोड जाम कर दिए। टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। इस दिन भी कई किसान हिरासत में लिए, लेकिन शाम को वो छोड़ दिए थे। रोहतक में किसानों और पुलिस में झड़प हुई थी।
इसी दिन गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत 9 किसान नेताओं को पुलिस ने कुरुक्षेत्र जिला कोर्ट में पेश किया। अदालत में सभी ने जमानत लेने से मना कर दिया। इसके बाद सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इसके बाद कुरुक्षेत्र के शाहबाद में किसान नेताओं की रिहाई और एमएसपी को लेकर पंचायत हुई। जिसमें किसान संगठनों ने 12 जून को पिपली में महापंचायत का फैसला लिया।

अब जानिए किस नेता ने क्या कहा:-

MSP पर आवाज उठाई तो लाठियां मिली
रैली में राकेश टिकैत ने कहा-''किसानों ने MSP पर आवाज उठाई और उन्हें लाठियां मिली। सवाल सिर्फ एक फसल पर MSP का नहीं है। सरकार रेट घोषित करती हैं लेकिन उस पर खरीद नहीं करती। MSP गारंटी कानून होना चाहिए। आने वाले समय में इस कानून के लिए आंदोलन होंगे। देश में कलम-कैमरे पर बंदूक का पहरा है।
चढ़ूनी की गलती सिर्फ इतनी थी कि MSP मांगी। हरियाणा सरकार किसानों को जल्द रिहा करे। कोई भी किसानों के आंदोलन को लाठियों से नहीं दबा सकता। एक किसान पर लाठी पड़ेगी तो पूरे देश का किसान इकट्‌ठा होगा।

हाईवे पर बैठे किसान नेता राकेश टिकैत।
किसान बोले- लड़ाई सूरजमुखी और कमल के फूल की
किसान नेताओं ने कहा कि सूरजमुखी पर MSP मांग रहे गुरनाम चढ़ूनी और उनके समर्थक किसानों पर लाठियां बरसाई गई। ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब ये लड़ाई सूरजमुखी और कमल के फूल (BJP का चुनाव चिन्ह) की है।

बजरंग पूनिया बोले- पहले टेनी, अब बृजभूषण पर कोई एक्शन नहीं
पहलवान बजरंग पूनिया भी यहां आए। यहां बजरंग पूनिया ने कहा-''पहले किसान UP में घटना के जिम्मेदार अजय मिश्रा टेनी के खिलाफ लड़ रहे थे। हम बृजभूषण के खिलाफ लड़ रहे हैं। किसी पर एक्शन नहीं हुआ। किसानों काे सड़क पर खड़े देखकर दुख होता है। हम भी ऐसे ही परिवारों से हैं। हम जितने भी खिलाड़ी हैं, हम आपके साथ हैं।

चढूनी ने सेनापति तैयार किए, गलतफहमी में न रहे सरकार: हुड्‌डा
BKU चढूनी ग्रुप की महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमन हुड्‌डा ने कहा कि सरकार तानाशाही पर उतर आई है। किसान आज पिपली की धरती से MSP दिलाओ-किसान बचाओ आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। यही, कुरुक्षेत्र की धरती है जहां से महाभारत की शुरुआत हुई थी। पिछला किसान आंदोलन भी पिपली से शुरू किया गया था। किसान नेता गुरनाम सिंह की चढूनी के जेल पर जाने पर हुड्‌डा ने कहा कि चढूनी ने हर किसान को सेनापति के रूप में तैयार किया है। सरकार किसी तरह की गलतफहमी में न रहे।

किसानों ने रैली में मनाया चढूनी का बर्थडे
कुरुक्षेत्र जेल में बंद BKU के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी का आज जन्मदिन भी है। पिपली महापंचायत में पहुंचे किसान नेताओं ने चढूनी जिंदाबाद के नारे लगा केक काटकर जन्मदिन मनाया

No comments:

Post a Comment