Breaking

Friday, July 7, 2023

जींद में नहर में बहे छात्र का शव बरामद:जन्मदिन पर दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था मां-बाप का इकलौता बेटा

जींद में नहर में बहे छात्र का शव बरामद:जन्मदिन पर दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था मां-बाप का इकलौता बेटा
जींद : जींद में दोस्तों के साथ नहाने के लिए नहर मे उतरे कंडेला गांव के आर्यन का शव तीसरे दिन हांसी ब्रांच नहर में अमरेहड़ी पुल हेड के पास बरामद हुआ। आर्यन का उस दिन जन्मदिन था और वह दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था। लेकिन उसका 18वां जन्मदिन परिवार को सदमा दे गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जींद के सिविल अस्पताल में भेजा गया है।
*11वीं में पढ़ता था*

बता दें कि गांव कंडेला निवासी अशोक का 18 वर्षीय बेटा आर्यन गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। बुधवार सुबह वह स्कूल में चला गया था, लेकिन आधी छुट्टी के समय वह स्कूल से यह कहकर लौट आया कि आज उसका जन्मदिन है। इसके बाद वह अपने छह दोस्तों के साथ हांसी ब्रांच नहर में नहाने के लिए गांव खोखरी में चला गया। कुछ देर बाद ही उसके बहने की खबर से परिवार व गांव में मातम पसर गया।
*20 किलोमीटर तक चला सर्च*

ग्रामीण और परिजन उसके बाद से ही नहर में आर्यन की तलाश कर रहे थे, लेकिन दो दिन तक उसका पता नहीं चला। गुस्साए ग्रामीणों ने जींद-करनाल रोड भी जाम किया। गुरुवार दोपहर बाद भोंडसी व अन्य स्थानों के पांच गोताखोरों को नहर में उतरा गया। साथ ही स्थानीय स्वीमरों व बोट को भी नहर में उतारा गया। लगभग 20 किलोमीटर तक अभियान चलाया, लेकिन डूबे युवक का कोई सुराग नहीं लगा।
*तीसरे दिन फूल कर उपर आया शव*

इस बीच बीती रात को आर्यन का शव फूलने के बाद अमरेहड़ी हेड के पास अपने आप ऊपर आ गया। शव को निकालकर उसकी शिनाख्त की गई। बाद में इसे जींद के सिविल अस्पताल में रखवाया गया। आर्यन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

No comments:

Post a Comment