Breaking

Thursday, August 10, 2023

हिसार में किसानों ने नेशनल हाईवे किया बंद:सिरसा रोड पर जाम; ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे लघु सचिवालय, पुलिस ने रोका; मुआवजा मांग रहे

हिसार में किसानों ने नेशनल हाईवे किया बंद:सिरसा रोड पर जाम; ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे लघु सचिवालय, पुलिस ने रोका; मुआवजा मांग रहे
हिसार में लघुसचिवालय का घेराव करने ट्रैक्टर पर जा रहे किसानों को पुलिस ने रोक लिया है।

हिसार में किसान और पुलिस आमने-सामने हो गए हैं। यहां लघु सचिवालय का घेराव करने जा रहे किसानों को पुलिस ने शहर के बाहर मुख्य मार्गों पर ही रोक लिया। किसानों को शहर के हिसार बाइपास, राजगढ़ बालसमंद रोड पर पुलिस ने रोक लिया है। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए डंपर, रोडवेज बस और बैरिकेड्स लगा दिए हैं।
पहले सुबह 11 बजे हिसार बाइपास पर किसानों को पुलिस ने रोका तो दोनों पक्षों में गहमागहमी हो गई। किसानों ने बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड्स के आगे ही रेत और बजरी से भरे डंपर खड़े किए हुए थे, जिसे किसान पार नहीं कर सके।

हिसार बाइपास पर किसानों ने पुलिस के रोकने पर हाईवे जाम करने की चेतावनी दी। इसके बाद किसानों ने हाईवे जाम कर दिया। सिरसा जाने के लिए दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहन जाम में फंसे हुए हैं।
हिसार में पुलिस ने राजगढ़ रोड पर किसानों को रोका है।

वहीं दूसरी और राजगढ रोड पर पुलिस किसान ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस कर्मचारी ट्रैक्टर के आगे खड़े हो गए। किसान अब यहां पर ही धरना लगाकर बैठ गए हैं। किसान फसल मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

इससे पहले किसानों ने लघु सचिवालय के घेराव को लेकर अल्टीमेटम दिया था। किसानों के अल्टीमेटम के चलते पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों पर बैरिकेड लगा दिए। उधर, किसानों ने घेराव को लेकर आस-पास के जिलों के किसानों को भी संदेश भेज दिया है। पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में भी लिया है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।
हिसार में सिरसा रोड पर भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ा भारी पुलिस बल।

शहर के सिरसा रोड पर भाजपा कार्यालय के सामने भारी पुलिस बल तैनात है। इस जगह पर बैरिकेड लगाए गए हैं। बता दें कि किसान पिछले 70 दिनों से खरीफ 2022 के मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।
*रात को धरने पर हुआ हंगामा*

किसानों के धरने पर रात को हंगामा भी हुआ था। किसानों और पुलिस के बीच रात को धरनास्थल पर गहमा गहमी हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस कर्मचारी किसानों पर रास्ता बंद करने का आरोप लगा रहे हैं और कह रहे हैं कि जज की गाड़ी का रास्ता बंद कर दिया।
पुलिस और किसानों में धक्का मुक्की भी हुई। किसानों ने सादी वर्दी में आए पुलिस कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि हमारे प्रधान को गालियां निकाल रहा है। कुछ पुलिस कर्मचारियों ने बीच बचाव करते हुए किसानों से उन्हें धरने पर बैठे रहने के लिए कहा।

No comments:

Post a Comment