Breaking

Saturday, January 25, 2025

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छता नायकों के साथ मनाया जन्मदिन

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छता नायकों के साथ मनाया जन्मदिन
चंडीगढ़, 25 जनवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपना जन्मदिन आज मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर में स्वच्छता नायकों के साथ बड़ी सादगी से मनाया।

इस अवसर पर स्वच्छता नायकों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें  सम्मानित किया और उनके साथ नाश्ता भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारी स्वच्छता के प्रहरी हैं और उनके सहयोग के बिना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन का लक्ष्य साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि स्वच्छता नायक ही सही मायनों में कड़ी मेहनत कर लोगों को स्वच्छता का संदेश देते हैं। हरियाणा सरकार ने भी स्वच्छता नायकों के हितों के लिए हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया है, जो समय -समय पर कर्मचारियों के हितों व उनके बच्चों के कल्याणकारी निर्णयों के बारे सरकार के संज्ञान में लाते हैं। 

इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ के सैक्टर-31 स्थित राजकीय बौद्धिक विकलांग पुनर्वास संस्थान (GRIID) पहुंचे और संस्थान के बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने संस्थान के बच्चों द्वारा किये जा रहे कार्यों का अवलोकन भी किया और उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को उपहार भी वितरित किए।

No comments:

Post a Comment